Home LIFESTYLE NEWS HINDI बिना मेहनत, 5 स्टार होटल की तरह साफ-सुथरा रहेगा बाथरूम! ये 6...

बिना मेहनत, 5 स्टार होटल की तरह साफ-सुथरा रहेगा बाथरूम! ये 6 स्मार्ट हैक नोट करें

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Bathroom Cleaning Hacks: घर का बाथरूम अगर गंदा हो तो सारा इंप्रेशन खराब हो जाता है। इसी की सफाई से जुड़े कुछ स्मार्ट हैक यहां हम आपके साथ शेयर कर रहे हैं। बदबू हो या टॉयलेट सीट का पीलापन, ये हैक आपके काम को आसान बना देंगे।

कहते हैं किसी के घर की साफ-सफाई का जायजा लेना हो, तो उनका बाथरूम देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है। अगर बाकी घर साफ-सुथरा है, लेकिन बाथरूम में घुसते ही बदबू आ रही है तो मेहमानों के आगे सारा इंप्रेशन फीका पड़ जाता है। स्मेल के अलावा बाथरूम में इस्तेमाल होने वाली चीजों की साफ-सफाई भी जरूरी होती है। लेकिन कई बार बाथरूम रगड़कर साफ करने पर भी कोई अंतर नहीं नजर आता। ऐसे में क्लीनिंग हैक बड़े काम आते हैं। सोशल मीडिया पर अक्सर ऐसे हैक्स वायरल होते ही रहते हैं, जो रोजमर्रा की क्लीनिंग को आसान बनाते हैं। बाथरूम की साफ सफाई से जुड़े कुछ स्मार्ट हैक यहां हम आपके साथ शेयर कर रहे हैं।

बाथरूम को चमकाने में हेल्प करेंगे ये 6 स्मार्ट हैक

हैक 1- बाल्टी मग का पीलापन ऐसे साफ करें

बाथरूम में इस्तेमाल होने वाले बाल्टी और मग बड़ी जल्दी गंदे होते हैं। कुछ दिनों के इस्तेमाल के बाद ही इनपर पीलापन दिखाई देने लगता है जो रगड़ने के बाद भी साफ नहीं होता। इसे आसानी से क्लीन करने के लिए आप नींबू के छिलके इस्तेमाल कर सकते हैं। रस निकालने के बाद बचे हुए नींबू से इन्हें रगड़कर धो लें, पीलापन काफी हद तक निकल जाएगा।

हैक 2- बेकिंग सोडा से दूर होगी गंदी बदबू

कई बार सफाई के बाद भी टॉयलेट या बाथरूम से गंदी बदबू आती रहती है। ऐसे ये बेकिंग सोडा वाला हैक जरूर ट्राई करें। इसके लिए आपको एक छोटी कटोरी में बेकिंग सोडा भर कर रख बाथरूम के किसी कोने में रख देना है। चाहें तो इसमें नींबू या एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदे भी मिला सकते हैं। बेकिंग सोडा सारी बदबू को सोख लेगा।

हैक 3- आलू से चमकाएं बाथरूम का गंदा शीशा

बाथरूम में सिंक के पास लगा शीशा अक्सर गंदा हो जाता है। इसे साफ करने के लिए आपको महंगे क्लीनर की जरूरत नहीं है। बस एक कच्चा आलू लें और उसे बीच में से काट लें। अब इसे शीशे पर रगड़ते हुए अच्छी तरह से क्लीन कर लें। इसके बाद एक गीले कपड़े की मदद से पोंछते हुए शीशे को साफ कर लें। सारे दाग-धब्बे दूर हो जाएंगे।

हैक 4- फिनाइल की गोली से साफ करें ड्रेन

बाथरूम की नाली साफ ना हो तो उसमें कीड़े आने लगते हैं और जो गंदी बदबू आती है सो अलग। इसे साफ करने के लिए रात में फाइनल की गोली को ड्रेन में डालकर छोड़ दें। सुबह तक कीड़े खत्म हो जाएंगे। फाइनल की गोली की जगह आप सफेद सिरका और बेकिंग सोडा को गर्म पानी में मिलाकर भी डाल सकते हैं।

हैक 5- बेकिंग सोडा और टूथपेस्ट से टॉयलेट सीट के गंदे हटाएं

टॉयलेट सीट पर लगे जिद्दी दाग और पीलापन हटाने के लिए बेकिंग सोडा और टूथपेस्ट भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं। इसके लिए दागों पर बेकिंग सोडा और टूथपेस्ट लगाकर आधा घंटे के लिए छोड़ दें। इसके बाद ब्रश की मदद से हल्के हाथों से रगड़ते हुए इसे क्लीन कर लें। बिल्कुल चकाचक हो जाएगा।

हैक 6- नल पर लगे पानी के दाग हटाएगा ये हैक

नल पर लगे खारे पानी के दाग हटाने के लिए नींबू या विनेगर की मदद की जा सकती है। इसके लिए नल पर नींबू का रस या सिरका लगाकर 20 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद एक ब्रश की मदद से रगड़ते हुए इसे साफ कर लें। लास्ट में साफ कपड़े से पोंछ लें, बिल्कुल नए जैसे चमक उठेंगे।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN