Home LIFESTYLE NEWS HINDI बूंदी के रायते में 1 बार ये स्पेशल तड़का लगाएं, हलवाई जैसा...

बूंदी के रायते में 1 बार ये स्पेशल तड़का लगाएं, हलवाई जैसा स्वाद और खुशबू आएगी!

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बूंदी का रायता काफी टेस्टी लगता है, खासकर गर्मियों में तो ये खूब पीया जाता है। अगर आपको भी बूंदी का रायता पसंद है, तो एक बार इस तरह से बनाकर जरूर ट्राई करें। हलवाइयों जैसा चटपटा और खूबसूदार रायता बनेगा।

खाने के साथ एक गिलास ठंडा-ठंडा रायता पीने को मिल जाए, तो मजा आ जाता है। खासकर गर्मियों में रायता शरीर को ठंडक भी देता है और खाने का स्वाद भी बढ़ा देता है। ज्यादातर लोग बूंदी का रायता पसंद करते हैं, इसे बनाना भी आसान होता है। लेकिन हर बार वही सिंपल रायते की जगह क्यों ना एक बार आप ये स्पेशल तड़के वाला रायता ट्राई करें? इसमें एक खास तैयार का मसाला पीसकर डाला जाता है, जिससे इतना खुशबूदार और चटपटा रायता बनता है कि मजा आ जाता है। इसके साथ ही मिट्टी के दीए वाला स्पेशल तड़का भी तैयार लगाया जाता है, जिससे रायते में सौंधी-सौंधी खुशबू और गजब का स्वाद आता है। तो चलिए फटाफट से जान लेते हैं टेस्टी बूंदी का रायता बनाने की ये टिप्स।

स्पेशल तड़का लगाकर बनाएं बूंदी का स्वादिष्ट रायता

रायते के लिए कितनी दही में कितना पानी मिलाएं?

परफेक्ट रायता बनाने के लिए सबसे पहले उसकी सही कंसिस्टेंसी होना बेहद जरूरी है। रायता बहुत ज्यादा गाढ़ा भी अच्छा नहीं लगता और ना ही बहुत पतला। ऐसे में ये अनुपात नोट कर लें। अगर एक कप दही है, तो उसमें 1/3 कप के करीब पानी डालें। अब अच्छे से इसे व्हिस्कर या मथनी की मदद से चला लें। रायता हर बार बिल्कुल सही बनेगा।

टेस्टी रायते के लिए ये खास मसाला तैयार करें

हलवाइयों जैसा खुशबूदार और स्वादिष्ट रायता बनाने के लिए आप एक खास तरह का मसाला पीसकर तैयार कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए एक पैन में सबसे पहले 1 चम्मच देसी घी गर्म कर लें। अब इसमें दो चम्मच साबुत मूंगफली डालकर हल्का भून लें। फिर अदरक का टुकड़ा (1 इंच), 3-4 लहसुन की कलियां, साबुत जीरा (1 चम्मच) डालकर हल्का भूनें और लास्ट में थोड़ा सा फ्रेश हरा धनिया पत्ता, पुदीना पत्ता और हरी मिर्च (2-3) डालें। गैस की फ्लेम बंद करें, फिर इन सभी चीजों को मिक्सर में पीसकर एक मसाला तैयार कर लें।

इस तरह रायते में मिलाएं मसाले

अब जो हरा चटपटा मसाला आपने तैयार किया है, इसे दही में एड करें। साथ ही कुछ बेसिक मसाले जैसे, नमक, काला नमक और चाट मसाला मिलाएं। फिर ऊपर से बूंदी एड कर दें। आप चाहें तो रायते में थोड़ी सी कटी हुई प्याज भी मिला सकते हैं। इससे बहुत ही अच्छा टेस्ट आता है।

इस स्पेशल तड़के से आएगा रायते में गजब का स्वाद

अब बारी है रायते में स्पेशल तड़का लगाने की। इसके लिए गैस पर एक छोटा सा मिट्टी का दीया रखें, फिर इसमें दो चम्मच के करीब सरसों का तेल डालें। तेल गर्म होते ही इसमें एक चम्मच जीरा, हींग (1/4 चम्मच), सूखी लाल मिर्च (2) डालकर हल्का सा चटका लें। फिर इस खास तड़के को रायते में लगाएं और कुछ देर के लिए ढक्कन बंद कर के रख दें। बहुत ही चटपटा और सौंधी-सौंधी खुशबू वाला रायता बनकर तैयार होगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN