Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/06/02/1200x900/2_june_bobby_manisha_1780405322493_1780405327847_dd5b1135-e3e3-4752-85c3-2a8d5064aab8.jpgबॉलीवुड एक्टर बॉबी देओल ने हाल ही में ट्विंकल खन्ना, रानी मुखर्जी और मनीषा कोइराला के साथ हुए वाक्यों पर खुलकर बात की और बताया कि उन्होंने उनके साथ सेट पर लड़ाई क्यों की थी।
बॉबी देओल ने अपने करियर के शुरुआती दिनों से जुड़े कई दिलचस्प और मजेदार किस्से शेयर किए हैं। दरअसल, करियर की शुरुआत में इंडस्ट्री में उनकी इमेज अपनी को-एक्ट्रेसेस को परेशान करने वाली बन गई थी। ऐसे में जब बॉबी से एक इंटरव्यू में इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने हंसते हुए इन सभी अफवाहों के पीछे का सच बताया।
ट्विंकल खन्ना से क्यों हुई थी लड़ाई?
जब बॉबी से पूछा गया कि क्या वह अपनी डेब्यू फिल्म ‘बरसात’ की शूटिंग के दौरान ट्विंकल खन्ना के साथ लगातार लड़ते थे? इस पर हंसते हुए बॉबी ने कहा, ‘उस समय हम दोनों ही काफी छोटे और नासमझ थे। माफ करना, लेकिन मुझे बचपन से ही पेट की समस्या रही है। मैं हमेशा सेट पर अपनी इस दिक्कत के बारे में बात करता रहता था—जैसे कि आज मैं वॉशरूम गया या नहीं, या कैसा रहा। मेरी इस आदत से ट्विंकल बहुत चिढ़ जाती थीं। हद तो तब हो गई जब उन्होंने फिल्म के अपने पहले इंटरव्यू में ही मेरी इस समस्या का जिक्र कर दिया। मैंने तुरंत उन्हें फोन किया और कहा, ‘तुम इंटरव्यू में ऐसी बात कैसे कह सकती हो?’ हालांकि, वह बस एक बचपना था।’
रानी मुखर्जी को क्यों कहते थे ‘डेढ़ फुटिया’?
इसके बाद बॉबी को फिल्म ‘बिच्छू’ के दिनों की याद दिलाई गई, जब अफवाह थी कि वह रानी मुखर्जी की हाइट का मजाक उड़ाते हुए उन्हें ‘डेढ़ फुटिया’ कहते थे। इस पर बॉबी बोले, ‘रानी मेरी बहुत अच्छी दोस्त हैं और हमारी दोस्ती इसी फिल्म के सेट से शुरू हुई थी। दरअसल, हम एक गाने की शूटिंग के दौरान पानी में एक नाव पर सवार थे। तेज हवा चल रही थी, तो रानी ने कहा कि वह दूसरी तरफ मुंह करके खड़ी होंगी ताकि उनके बाल उनके चेहरे पर न आएं।’
फिर क्या हुआ?
बॉबी ने आगे बताया, ‘लेकिन ऐसा करने से उनके बाल मेरे चेहरे पर आने लगे। मैंने उन्हें साइड में खड़े होने को कहा ताकि हम दोनों के बाल एक ही तरफ उड़ें। हम दोनों में से कोई भी झुकने को तैयार नहीं था और हमारी लड़ाई हो गई। लेकिन कमाल की बात यह है कि उस एक लड़ाई के बाद हमारे बीच ऐसी बॉन्डिंग बनी कि हम पक्के दोस्त बन गए। इसके बाद वह रोज मेरे लिए घर से अच्छा-अच्छा खाना लाती थीं।’
मनीषा कोइराला से लिया बदला
बॉबी ने 1997 की अपनी सुपरहिट फिल्म ‘गुप्त: द हिडन ट्रुथ’ का भी एक बेहद मजेदार किस्सा सुनाया। अफवाह थी कि मनीषा कोइराला के मुंह से बदबू आने की वजह से बॉबी ने उनके साथ इंटीमेट सीन करने से मना कर दिया था। सच बताते हुए बॉबी ने कहा, ‘हां, मुझे याद है। शूटिंग के वक्त काफी ठंड थी और वहां कोई चना जोर गरम बेच रहा था, जिसे मनीषा बड़े मजे से खा रही थीं। इसके ठीक बाद एक सीन था, जिसमें उन्हें मेरे होठ काटने थे। उनके मुंह से प्याज की इतनी तेज महक आ रही थी कि मैं चाहकर भी कोई एक्सप्रेशन नहीं दे पा रहा था।’
ऐसे लिया बदला
बॉबी ने आगे हंसते हुए बताया, ‘इसके बाद कॉलेज के अंदर एक सीन शूट होना था, जिसमें एक नया लड़का मुझे पीटने आ रहा था। मैंने उस नए एक्टर से कहा कि अपनी एक्टिंग में रीयलिज्म लाने के लिए वह ढेर सारी प्याज खाए। मैंने उसे खूब प्याज खिलाकर मनीषा के सामने शॉट के लिए भेज दिया, लेकिन मनीषा के हाव-भाव में कोई बदलाव नहीं आया। उस उम्र में आप थोड़े नासमझ होते हैं इसलिए ऐसी शरारतें हो जाती थीं।’
आने वाली फिल्में
बंदर: अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी यह एक्शन-थ्रिलर फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
अल्फा: इस साल के आखिर में बॉबी YRF (यशराज फिल्म्स) की इस कल्ट स्पाई यूनिवर्स फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ के साथ नजर आएंगे।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







