Source :- LIVE HINDUSTAN
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत में 125 करोड़ लोगों ने एक दिन में ही मतदान किया। वह ब्राजील के चुनाव की बात कर रहे थे। लेकिन भारत को लेकर कन्फ्यूज हो
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत में मतदान प्रक्रिया की तारीफ कई बार कर चुके हैं। वहीं वह ब्राजील में राष्ट्रपति चुनाव की बात करते हुए इस कदर कन्फ्यूज हो गए कि भारत के बारे में बोलने लगे। उन्होंने कहा कि भारत में हो रहे राष्ट्रपति चुनावों में 125 करोड़ लोगों ने मतदान किया। उन्होंने अमेरिका के वोटिंग सिस्टम पर सवाल भी उठाए। ट्रुथ सोशल पर उन्होंने लिखा, भारत के राष्ट्रपति चुनाव के पहले राउंड में 125 करोड़ लोगों नो वोट डाले। वोटिंग खत्म होने के बाद उसी दिन परिणाम भी घोषित कर दिया गया।
डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के राष्ट्रपति चुनवा से तुलना करते हुए कहा कि अमेरिका में फिलांदेलफिया, कैलिफर्टनिया जैसी जगहों पर इतने कम वोटर होने के बाद भी वोट गिनने में ही हफ्ते भर का वक्त लग जाता है। आपको बता दें कि ब्राजील में राष्ट्रपति चुनाव करवाए गए हैं जिनमें पहले चरण मेंकिसी को भी बहुमत नहीं मिल पाया है। ऐसे में अब 25 अक्टूबर को रनऑफ इलेक्शन करवाए जाएंगे।
डोनाल्ड ट्रंप ने 125 करोड़ की बात की है। ऐसा लगता है कि वह ब्राजील में पड़े वैलिड वोट को लेकर कन्फ्यूज हो गए और भारत का नाम ले लिया। ब्राजील में मतदान शाम पांच बजे समाप्त हुआ और उसी समय से परिणाम आने शुरू हो गए। मतपत्रों की गिनती के साथ परिणामों के बारे में लगातार जानकारी दी जाती रही।
25 अक्टूबर को रनऑफ इलेक्शन
ब्राजील के लोगों ने राष्ट्रपति चुनाव में मौजूदा राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा और पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे फ्लावियो बोल्सोनारो के बीच मुकाबले में मतदान किया। दोनों में से कोई भी पहले दौर में बहुमत हासिल नहीं कर सका, इसलिए 25 अक्टूबर को दूसरे दौर का चुनाव होगा।
भारत में नहीं हुआ राष्ट्रपति चुनाव
वहीं, भारत में राष्ट्रपति पद के लिए अभी कोई चुनाव नहीं हुआ है। जुलाई 2022 में पदभार संभालने वाली द्रौपदी मुर्मू भारत की वर्तमान राष्ट्रपति हैं। इसके अलावा, भारत में राष्ट्रपति का चुनाव जनता सीधे नहीं करती। राष्ट्रपति का चुनाव निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है, जिसमें संसद के दोनों सदनों के निर्वाचित सदस्य तथा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं के निर्वाचित सदस्य शामिल होते हैं। यह चुनाव आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के माध्यम से होता है।
2024 में भारत में 98 करोड़ मतदाता
वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भारत में करीब 98 करोड़ पंजीकृत मतदाता थे। ट्रंप इससे पहले भी अमेरिका में चुनाव सुधारों की वकालत करते हुए भारतीय चुनावों, खासकर देश की मतदाता सत्यापन व्यवस्था का उल्लेख कर चुके हैं। अगस्त में ट्रंप ने कहा था कि भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने उनके प्रशासन के अधिकारियों से बात की थी और पूछा था कि वैध फोटो पहचान पत्र के बिना अमेरिका में चुनाव कैसे कराए जा सकते हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ये टिप्पणियां ‘सेव अमेरिका एक्ट’ के समर्थन में की थीं। इस विधेयक के तहत मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने के लिए अमेरिकी नागरिकों को नागरिकता का प्रमाण प्रस्तुत करना होगा, पूरे देश में मतदाता सत्यापन की अनिवार्यता लागू होगी और डाक के जरिए मतदान की व्यवस्था पर कड़े प्रतिबंध लगाए जाएंगे।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



