Source :- LIVE HINDUSTAN

भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने बांग्लादेश को सैफ महिला चैंपियनशिप 2026 का खिताब जीता। भारत ने फाइनल में 3-1 से जीत दर्ज की। खिताब जीतने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय टीम को बधाई दी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय महिला फुटबॉल टीम को सैफ महिला चैंपियनशिप 2026 जीतने पर बधाई देते हुए रविवार को कहा कि इससे आने वाले समय में अधिक युवाओं को इस खेल से जुड़ने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। भारत ने शनिवार को गोवा में खेले गए फाइनल में बांग्लादेश पर 3-1 से शानदार जीत दर्ज करते हुए कुल छठी बार और सात साल में पहली बार सैफ महिला चैंपियनशिप जीती।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेट फॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, ”भारतीय महिला फुटबॉल टीम को सैफ महिला चैंपियनशिप जीतने पर हार्दिक बधाई। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। इससे आने वाले समय में और अधिक युवाओं को फुटबॉल खेलने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। टीम को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।”

भारतीय टीम ने साल बाद ट्रॉफी जीती

भारतीय टीम ने मडगांव में खेले गए फाइनल में बांग्लादेश को हराकर सात साल बाद यह ट्रॉफी जीती। टीम के लिए प्यारी खाका (42वें मिनट), सनफिदा नोंग्रम (46वें मिनट) और लिंडा कॉम सर्टो (82वें मिनट) ने गोल किए। बांग्लादेश के लिए एकमात्र गोल रितु पोर्ना चकमा (45+2वें मिनट) ने किया। मेजबान टीम ने ग्रुप चरण में भी इसी प्रतिद्वंद्वी को 3-0 से हराया था। भारत ने टूर्नामेंट में बिना कोई मैच गंवाए अपना सफर पूरा किया। उन्होंने 18 गोल किए और सिर्फ एक गोल खाया जिससे टूर्नामेंट में उनका दबदबा साफ दिखा।

पिछले दो फाइनल नहीं पहुंचा था भारत

भारतीय टीम ने मालदीव पर 11-0 की जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की थी और फिर बांग्लादेश को 3-0 से हराकर ग्रुप बी में शीर्ष स्थान हासिल किया था। लगातार पांच बार खिताब जीतने के बाद भारत पिछले दो चरणों में फाइनल तक भी नहीं पहुंच पाया था। बांग्लादेश ने इन दोनों मौकों (2022 और 2024) पर नेपाल को हराकर ट्रॉफी जीती थी।भारत ने पिछली बार 2019 में यह खिताब जीता था।

इस फाइनल में वो सभी चीज देखने को मिलीं जिनकी उम्मीद इस क्षेत्र की दो सबसे मजबूत टीम के बीच मुकाबले से की जाती है। बांग्लादेश मौजूदा चैंपियन के तौर पर उतरा था जबकि भारत उस खिताब को जीतने की कोशिश कर रहा था जो पिछले दो टूर्नामेंट से उनके हाथ नहीं लगा था। इस जीत के साथ मेजबान टीम के लिए यह टूर्नामेंट यादगार बन गया। अवेका सिंह चार गोल के साथ प्रतियोगिता की शीर्ष स्कोरर रहीं। सनफिदा नोंग्रम को ‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर’ चुना गया जबकि पंथोई चानू इलांगबम ने ‘सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर’ का पुरस्कार जीता।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN