Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/06/27/1200x900/Manoj_with_wife_Shabana_1782539181061_1782539185429_263f5f4a-eb99-4d77-8bd6-bea43e82a917.jpgमनोज बाजपेयी ने बताया कि उनकी पत्नी शबाना कभी भी उनसे मिलने के लिए सेट पर नहीं आती हैं। एक्टर ने कहा कि कई बार उनका मन करता है कि वो आएं, लेकिन उनके नहीं आने के पीछे एक गहरी वजह है।
बॉलीवुड एक्टर मनोज बाजपेयी को आपने शायद ही कभी किसी फिल्म इवेंट में उनकी पत्नी के साथ देखा होगा। क्या उनकी पत्नी शबाना रजा को लाइमलाइट से दूर ही रहना पसंद है, या फिर मामला कुछ और है? असल में इसके पीछे एक गहरी वजह है, जिसके बारे में मनोज बाजपेयी ने अपने एक हालिया इंटरव्यू में बताया है। मनोज बाजपेयी और शबाना रजा की लव मैरिज हुई थी। दोनों की मुलाकात एक फिल्मी पार्टी में हुई थी और पहली ही नजर में एक्टर उन पर दिल हार बैठे थे। मनोज बाजपेयी ने बताया कि उसी दिन से हमने एक दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया था। क्या मनोज बाजपेयी को उनकी पत्नी के एक्ट्रेस होने का कुछ फायदा मिलता है? इस सवाल के जवाब में सुनिए उन्होंने क्या कहा।
सेट पर मिलने क्यों नहीं आती हैं शबाना?
मनोज बाजपेयी ने कहा, “मेरी पत्नी इन बातों को लेकर बहुत समझदार और संवेदनशील हैं। यह बात उनके इस फैसले से जाहिर होती है कि वह कभी भी मुझसे मिलने के लिए मूवी सेट पर नहीं आती हैं।” द फैमिली मैन फेम एक्टर ने कहा- उन्होंने शुरू में ही यह मान लिया था कि मनोज अलग हैं और वह इस मनोज (प्रोफेशनल एक्टर मनोज) को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं। वह मनोज जो उन्हें वैसा अपनापन और वेलकम महसूस नहीं करवा पाता है। उसी दिन से उन्होंने तय किया कि वह सेट पर मुझसे मिलने नहीं आएंगी।
‘कई बार मेरा भी मन करता है कि वो आएं’
क्या मनोज बाजपेयी को उनकी पत्नी का सेट पर उनसे मिलने नहीं आना खटकता है? इस सवाल के जवाब में एक्टर ने कहा कि कई बार उनका भी मन करता है कि उनकी पत्नी उनसे मिलने आएं। लेकिन फिर भी वह नहीं आती है क्योंकि इसमें उनकी ही भलाई है। ‘सत्या’, ‘अलीगढ़’ और ‘शूल’ जैसी फिल्मों का हिस्सा रहे मनोज बाजपेयी ने बताया, “यह अच्छी बात है कि एक एक्टर होने के नाते वह समझती हैं कि सेट पर होने के दौरान मेरा अटेंशन मांगना बेवकूफी होगी। वह समझती हैं कि मैं जो कर रहा हूं और जिससे गुजर रहा हूं वह बिलकुल अलग चीज है। इसलिए वह उस दायरे में ही कदम नहीं रखती हैं। यह मेरे उनके बीच की अलग तरह की समझ है।”
करीब से देखा है मनोज बाजपेयी का सफर
मालूम हो कि शबाना ने मनोज बाजपेयी को अपने करियर में लगातार ग्रो करते देखा है। दोनों ने तकरीबन 7 साल तक एक दूसरे को डेट किया और फिर आखिरकार शादी के बंधन में बंध गए। साल 2006 में दोनों की शादी हुई और फिर साल 2011 में उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया जिसका नाम एवा है। शबाना ने हालांकि साल 2009 में एक्टिंग छोड़ दी थी, लेकिन उन्होंने पिछले 3 दशक में मनोज बाजपेयी के एक्टिंग करियर को देखा है। मनोज बाजपेयी ने कहा कि लोगों के लगता है कि अब मेरे लिए चीजें बदल चुकी हैं, लेकिन मेरी नजर में आज भी सब कुछ वैसा ही है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



