Home rss world hindi मरते-मरते बचे जेलेंस्की, रूसी ड्रोन पहुंच गया था विमान के बेहद करीब;...

मरते-मरते बचे जेलेंस्की, रूसी ड्रोन पहुंच गया था विमान के बेहद करीब; कैसे बची जान?

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

रूस और यूक्रेन के बीच बीते 4 सालों से ज्यादा समय से युद्ध जारी है। इस युद्ध में बड़े पैमाने पर ड्रोन का इस्तेमाल हुआ है। अब खुद जेलेंस्की इसका शिकार होने से बाल-बाच बच गए। क्या है पूरा मामला?

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की मरते मरते बचे हैं। मंगलवार को रूस की तरफ से दागी गई एक ड्रोन सीधे उनके विमान तक पहुंच गई थी। हालांकि सही समय पर इसका पता चलते ही विमान के टेकऑफ को कुछ समय तक के लिए रोक दिया गया जिससे जेलेंस्की की जान बच गई। गौरतलब है कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू हुए अब 4 साल से ज्यादा का समय बीत गया है। अब तक इस युद्ध में दोनों देशों के हजारों सैनिकों और नागरिकों की मौत हो गई है। हालांकि अब भी दोनों तरफ से लगातार हमले जारी हैं। इस बीच जेलेंस्की की जान पर आई आंच के बाद हड़कंप मच गया है।

इस घटना की जानकारी सबसे पहले नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर ने दी। स्टोर ने बताया कि हादसा तब हुआ जब जेलेंस्की मोल्दोवा से ओस्लो जा रहे थे। सफर के बीच एक ड्रोन यूक्रेनी राष्ट्रपति के विमान के बेहद पास आ गया। हालांकि कोई टक्कर नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया। बता दें कि जेलेंस्की मंगलवार शाम नॉर्वे के राजा हेराल्ड पंचम के अंतिम संस्कार में शामिल होने नॉर्वे की राजधानी ओस्लो पहुंचे थे।

नॉर्वे के एक चैनल से बात करते हुए पीएम स्टोर ने बताया, “जब जेलेंस्की का विमान मोल्दोवा से उड़ान भर रहा था, तब वह एक ड्रोन की चपेट में आने से किसी तरह बच गया। जेलेंस्की इस समय इसी सच्चाई के साथ जी रहे हैं।” दरअसल नॉर्वे के पीएम यह कहना चाहते हैं कि जेलेंस्की की जान पर लगातार खतरा बना हुआ है। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि ड्रोन कहां से आया था।

रूस ने दागा था ड्रोन!

बाद में मोल्दोवा ने पुष्टि की ड्रोन रूस ने ही भेजा था। मोल्दोवा सरकार के प्रवक्ता ने डिटेल साझा करते हुए बताया कि घटना मंगलवार को टेकऑफ से ठीक पहले हुई। मोल्दोवा के अधिकारियों ने रूसी ड्रोन अलर्ट के बाद अपना हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिया था। ड्रोन के मोल्दोवा क्षेत्र में गिर जाने की पुष्टि के बाद ही जेलेंस्की के विमान को उड़ान भरने की इजाजत दी गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक जब जेलेंस्की नॉर्वे में थे, थी रूस लगातार मोल्दोवा की सीमा पर हमले कर रहा था। यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि मोल्दोवा सीमा से सटे इलाकों और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में हुए रूसी हमलों में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है।

फिर शुरू हुई अमेरिका संग बातचीत

इस बीच अमेरिका ने रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की कोशिशों के तहत यूक्रेन और रूस के साथ त्रिपक्षीय वार्ता फिर शुरू करने पर जोर दिया है। अमेरिका के दूत स्टीव विटकॉफ और जैरेड कुशनर ने कीव में जेलेंस्की के साथ इस मसले पर अहम बातचीत की है। यह बैठक विटकॉफ और कुशनर की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हुई बातचीत के एक दिन बाद हुई। इस दौरान कुशनर ने कहा कि छह महीने पहले हुए त्रिपक्षीय वार्ता प्रारूप को फिर शुरू करना बातचीत को आगे बढ़ाने में उपयोगी हो सकता है। उन्होंने कहा कि इससे अमेरिका को मॉस्को और कीव से अलग-अलग बात करने के बजाय तीनों पक्ष सीधे संवाद कर सकेंगे। वहीं जेलेंस्की ने प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि यूक्रेन यूरोपीय देशों को शामिल कर व्यापक वार्ता के लिए भी तैयार है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN