Source :- LIVE HINDUSTAN
घर पर वही मसाले डालने के बाद भी रेस्टोरेंट वाला स्वाद सब्जी में नहीं आता। ये शिकायत कई लोगों की रहती है। यहां प्रॉब्लम मसालों की नहीं है, बल्कि उन्हें डालने के तरीके से हैं। आइए जानते हैं इससे जुड़ी 5 टिप्स
क्या आपने कभी नोटिस किया है कि सेम ही सब्जी घर में अलग टेस्ट करती है और ढाबे या रेस्टोरेंट में अलग? कई बार घर पर भी हम सेम ही मसाले डालकर सब्जी बनाते हैं लेकिन वो वाला स्वाद मिसिंग रहता है। कभी सोचा है ऐसा क्यों? दरअसल टेस्टी खाना बनाने में सारा खेल सिर्फ सही मसालों का ही नहीं है, बल्कि किस मसाले को कब और कैसे डालना है, ये भी काफी मायने रखता है। कई बार हम मसाला गलत तरीके से डाल देते हैं, जिस वजह से वो या तो जल जाता है या कच्चा रह जाता है। वहीं गलत टाइमिंग की वजह से भी मसाले सब्जी का स्वाद खराब कर सकते हैं। तो चलिए आज इन्हीं से जुड़ी कुछ टिप्स जानते हैं। आपकी रेसिपी वही रहेगी, लेकिन मसाले डालने का तरीका बदल देंगे तो हर सब्जी में रेस्टोरेंट वाला स्वाद आएगा।
रेस्टोरेंट जैसी सब्जी बनाने के लिए मसालों से जुड़े हैक
हैक 1- थोड़ा पानी मिलाकर भूनें सूखे मसाले
सब्जी बनाने के लिए सूखे मसाले जैसे हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर या धनिया पाउडर को सीधा तेल में भूनने के लिए ना डालें। ये मसाले बहुत जल्दी जल जाते हैं, जिससे सब्जी का टेस्ट खराब हो सकता है। बेस्ट तरीका है कि एक कटोरी में सभी मसाले जरूरत के हिसाब से निकाल लें और हल्का सा पानी मिलाकर इन्हें अच्छे से मिक्स कर लें। इस पेस्ट को तेल में भूनने के लिए डालें। मसाले जलेंगे भी नहीं और इनका टेस्ट और खुशबू सब्जी में अच्छी तरह आएंगे।
हैक 2- धनिया पाउडर को हल्का भूनकर डालें
बहुत से लोग सब्जी में धनिया पाउडर ऐसे ही डाल देते हैं, जिससे सब्जी में इसका गहरा स्वाद और खुशबू नहीं आ पाती। जबकि ढाबे या रेस्टोरेंट में धनिया पाउडर को हल्का सा ड्राई रोस्ट करने यानी भूनने के बाद ही सब्जी में मिलाया जाता है। इससे इसका कच्चापन निकल जाता है और सब्जी ज्यादा टेस्टी और खुशबूदार बनती है।
हैक 3- गरम मसाला आखिर में डालें
सब्जी में बाकी मसालों के साथ शुरुआत में ही गरम मसाला नहीं डालना चाहिए। इससे इसकी खुशबू और स्वाद सही से सब्जी में नहीं आ पाता है। गरम मसाला हमेशा सब्जी के पकने के आखिर में डालना चाहिए। इससे सब्जी की खुशबू और स्वाद दोनों बने रहते हैं।
हैक 4- लाल मिर्च पाउडर सीधा तेल में ना डालें
लाल मिर्च पाउडर को सीधा तेल में डालने की गलती भी काफी लोग करते हैं। ये बहुत जल्दी जल जाती है जिससे सब्जी के स्वाद में हल्का कड़वापन आ सकता है। साथ ही मिर्च का कलर भी सब्जी में नहीं आता। सही तरीका है कि इसे पहले एक कटोरी में तोड़ पानी के साथ मिक्स कर के एक पेस्ट बना लिया जाए। इसे तेल में भूनने के लिए डालेंगे तो सब्जी का रंग भी अच्छा आएगा और स्वाद भी।
हैक 5- हींग-जीरे के तड़के से बढ़ेगा सब्जी का स्वाद
सब्जी को टेस्टी बनाना है तो हींग और जीरे का तड़का लगाएं। इसके लिए थोड़े से देसी घी में चुटकी भर हींग और जीरा डालकर चटका लें। इसके बाद मसाला डालकर भून लें और फिर सब्जी एड करें। हींग और जीरे का तड़का सब्जी में बहुत ही अच्छी खुशबू और स्वाद एड करता है। कुछ सिंपल खाने का मन है तो प्याज-लहसुन स्किप कर के सिर्फ हींग-जीरे के तड़के में सब्जी बना सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


