Home rss world hindi मुस्लिम देश ने ही दिया ऐसा झटका कि बौखला उठे तारिक रहमान,...

मुस्लिम देश ने ही दिया ऐसा झटका कि बौखला उठे तारिक रहमान, बिना बताए 4800 बांग्लादेशियों का वीजा रद्द

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

वीजा रद्द होने से ढाका में बड़ी हलचल है और लोग अपने ही देश की तारिक रहमान सरकार को घेर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, कम से कम 350 बांग्लादेशी नागरिकों ने 7 सितंबर को एक कार्यक्रम कर इस मुद्दे के समाधान की सरकार से मांग की।

पड़ोसी देश बांग्लादेश को खाड़ी के ही मुस्लिम देश संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने करारा झटका दिया है। वहां की सरकार ने बिना बताए 4800 बांग्लादेशी नागरिकों का वीजा रद्द कर दिया है। इसकी वजह से उन्हें UAE से जबरन देश लौटना पड़ रहा है। UAE के इस कदम से बांग्लादेश की तारिक रहमान सरकार बेचैन हो उठी है। बांग्लादेश सरकार ने राजनयिक चैनलों के ज़रिए UAE के सामने यह मामला उठाया है और इन रद्द किए गए वीजा की समीक्षा की मांग की है।

‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के अनुसार, UAE ने 4,000 से ज्यादा बांग्लादेशी नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए हैं, जिससे उनमें से कई लोग अपने देश में ही फंस गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, छुट्टी पर बांग्लादेश लौटे कुछ लोगों का आरोप है कि वीजा रद्द होने के ईमेल में यह नहीं बताया गया कि वे अपनी नौकरी या कारोबार पर वापस क्यों नहीं जा सकते। खलीज टाइम्स’ के अनुसार, जुलाई में वीजा रद्द होने की खबरें आनी शुरू हुई थीं, जिसके बाद अबू धाबी में बांग्लादेश दूतावास ने नागरिकों से अफवाहें न फैलाने और अपडेट के लिए आधिकारिक चैनलों का पालन करने का आग्रह किया था।

फंसे हुए बांग्लादेशियों ने सरकार को दी 22 सितंबर की डेडलाइन

वीजा रद्द होने से ढाका में बड़ी हलचल है और लोग अपने ही देश की तारिक रहमान सरकार को घेर रहे हैं। ‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के अनुसार, कम से कम 350 बांग्लादेशी नागरिकों ने 7 सितंबर को नेशनल प्रेस क्लब में एक कार्यक्रम कर इस मुद्दे के समाधान की सरकार से मांग की। प्रभावित लोगों ने समाधान खोजने के लिए बांग्लादेश सरकार को 22 सितंबर तक का समय दिया है।

7 सितंबर के कार्यक्रम में शामिल होने वालों में अबुल कलाम आज़ाद भी थे, जो पिछले 27 सालों से UAE में रह रहे थे। 7 अप्रैल को बांग्लादेश लौटे आज़ाद को एक ईमेल मिला जिसमें उन्हें बताया गया कि उनका वीजा रद्द कर दिया गया है। हालाँकि, आज़ाद ने कहा कि रद्द करने के बारे में “ईमेल में कोई कारण नहीं बताया गया था”। नेशनल प्रेस क्लब के कार्यक्रम में प्रभावित बांग्लादेशी नागरिकों ने पाँच सूत्रीय मांगें रखीं, जिनमें उनका पुनर्वास और संकट के समाधान तक वित्तीय सहायता शामिल है।

बांग्लादेश सरकार ने क्या कहा है?

प्रवासी कल्याण और विदेशी रोजगार राज्य मंत्री नुरुल हक नूर ने 7 सितंबर को कहा था कि उनके मंत्रालय और विदेश मंत्रालय को इस बात की जानकारी है कि बांग्लादेशी नागरिकों के 4,000 वीज़ा रद्द कर दिए गए हैं। उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा, “उनमें से कई लोगों के वहाँ कारोबार और दुकानें हैं। मामले को राजनयिक स्तर पर सुलझाने की कोशिशें चल रही हैं।” ‘द डेली स्टार’ द्वारा बताए गए मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, प्रभावित बांग्लादेशी नागरिकों की संख्या बाद में बढ़कर 4,800 हो गई।

‘सेंटर फॉर नॉन-रेसिडेंट बांग्लादेशी’ के अध्यक्ष एमएस शकील चौधरी ने कहा कि पश्चिम एशिया में तनाव के बीच UAE ने वीजा की जांच-पड़ताल बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि वीजा को समय पर रिन्यू न कराने या कागजात से जुड़ी दिक्कतों जैसी प्रक्रियात्मक कमियों की पहले के मुकाबले ज़्यादा बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने ‘द डेली स्टार’ को बताया कि इनके अलावा, सोशल मीडिया पर की जाने वाली गतिविधियों और ऐसी किसी भी चीज पर भी नजर रखी जा रही है जिसे सुरक्षा के लिहाज से चिंताजनक माना जा सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN