Source :- INDIATV NEWS

सर्दियां शुरू होते ही पराठे खाने का मन खूब करता है। ऐसे में लोग इस मौसम में आलू, मूली, प्याज, गोभी, पनीर के पराठे बड़े शौक से खाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी मूंग दाल का पराठा ट्राय किया है। मूंग दाल का पराठा खाने में न केवल स्वादिष्ट लगता है बल्कि प्रोटीन से भी भरपूर होता है। प्रोटीन और फाइबर से भरपूर मूंग दाल पराठा पेट को लंबे समय तक भरा रखता है, जिससे वजन घटाने में मदद मिलती है। यहां मूंग दाल पराठा की आसान सी रेसिपी दी गई है। फटाफट नोट करें रेसिपी।
सामग्री
- गेहूं का आटा – 2 कप
- नमक – स्वादानुसार
- अजवाइन – आधा छोटा चम्मच
- तेल या घी – 1 चम्मच
- पीली मूंग दाल – आधा कप (3-4 घंटे भिगोई हुई)
- बारीक कटा हुआ प्याज – 1 मध्यम आकार का
- हरी मिर्च – 2 (बारीक कटी हुई)
- अदरक-लहसुन का पेस्ट – 1 चम्मच
- जीरा – 1 छोटा चम्मच
- हींग – एक चुटकी
- हल्दी पाउडर – आधा छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- गरम मसाला – आधा छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – स्वादानुसार
- अमचूर पाउडर या चाट मसाला – 1 छोटा चम्मच
- हरा धनिया – बारीक कटा हुआ
- तेल या घी – पराठे सेकने के लिए
- नमक – स्वादानुसार
बनाने का तरीका
स्टेप 1: सबसे पहले भीगी हुई मूंग दाल का पानी अच्छी तरह छान लें। अब इसे मिक्सी के जार में डालें और दरदरा पीस लें।
स्टेप 2: इसके बाद एक कड़ाही में 1 चम्मच तेल गरम करें। इसमें जीरा और हींग डालें। जब जीरा चटकने लगे, तो अदरक-लहसुन का पेस्ट और कटी हुई हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड भूनें। अब इसमें बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक पकाएं।
स्टेप 3: अब कड़ाही में पिसी हुई मूंग दाल, हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च, गरम मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। धीमी आंच पर दाल को 4 से 5 मिनट तक भूनें ताकि इसका कच्चापन निकल जाए। अंत में अमचूर पाउडर और हरा धनिया मिलाकर गैस बंद कर दें। स्टफिंग को पूरी तरह ठंडा होने दें।
स्टेप 4: इसके बाद एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा, नमक, अजवाइन और थोड़ा सा तेल डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम और चिकना आटा गूंथ लें। आटे को ढककर 10-15 मिनट के लिए सेट होने के लिए रख दें।
स्टेप 5: आटे की बराबर आकार की लोइयां बना लें। एक लोई को थोड़ा बेलकर उसमें मूंग दाल की तैयार स्टफिंग का एक बड़ा चम्मच रखें। अब इसे चारों तरफ से बंद करके गोल लोई बना लें। सूखे आटे की मदद से हल्के हाथ से पराठे को बेल लें।
स्टेप 6: तवा गरम करें और बेला हुआ पराठा उस पर डालें। एक तरफ से सिकने पर पलट दें और दोनों तरफ घी या तेल लगाते हुए सुनहरा और कुरकुरा होने तक मध्यम आंच पर सेक लें।
SOURCE : INDIATV NEWS



