Home National news hindi मोहम्मद सिराज को फिर नहीं मिली प्लेइंग इलेवन में जगह, टीम मैनेजमेंट...

मोहम्मद सिराज को फिर नहीं मिली प्लेइंग इलेवन में जगह, टीम मैनेजमेंट के फ़ैसले पर उठे सवाल?

6
0

Source :- BBC INDIA

पिछले साल जुलाई में इंग्लैंड और भारत के बीच हुए दूसरे टेस्ट मैच में फ़ील्डिंग करते मोहम्मद सिराज

पढ़ने का समय: 5 मिनट

पहले टेस्ट में टीम से बाहर रखे जाने पर सवाल उठे थे और दूसरे टेस्ट में उन्हें शामिल करने की मांग भी तेज़ हुई थी. इसके बावजूद मोहम्मद सिराज को न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ दूसरे टेस्ट के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन में एक बार फिर जगह नहीं मिली.

सिराज को लगातार दूसरे टेस्ट में बाहर रखने का फ़ैसला ऐसे समय में आया है, जब सीरीज़ के पहले टेस्ट में भारतीय गेंदबाज़ न्यूज़ीलैंड को ऑलआउट करने में नाकाम रहे थे. मेहमान टीम ने भारतीय गेंदबाज़ी आक्रमण का डटकर सामना किया और मैच ड्रॉ कराने में कामयाब रही.

इन हालात में सिराज को टीम में जगह नहीं मिलने के फ़ैसले पर सवाल उठ रहे हैं.

पिछले साल ओवल में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ खेले गए टेस्ट मैच में सिराज ने शानदार गेंदबाज़ी की थी और भारत को छह रन से अविश्वसनीय जीत दिलाई थी. उस मैच के बाद से उन्होंने सात टेस्ट मैचों में 21 विकेट लिए हैं.

शुक्रवार को शुरू हुए दूसरे टेस्ट मैच में भारत ने प्रसिद्ध कृष्णा की जगह टीम में गुरनूर बराड़ को जगह दी है. ये बराड़ का डेब्यू मैच है.

शुभमन  गिल

सिराज को सीरीज़ के पहले टेस्ट में भी टीम में जगह नहीं दी गई थी. तब भी टीम मैनेजमेंट के इस फ़ैसले की काफ़ी आलोचना हुई थी.

भारत ने दूसरे टेस्ट के लिए अपनी टीम में सिर्फ़ एक बदलाव किया है. गेंदबाज़ प्रसिद्ध कृष्णा को बाहर रखा गया है और उनकी जगह गुरनूर बराड़ को टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू का मौक़ा दिया गया है.

फ़ैन्स को उम्मीद थी कि अगर किसी गेंदबाज़ को इस टेस्ट में बाहर रखा गया, तो सिराज को टीम में जगह मिलेगी. लेकिन ऐसा नहीं हुआ.

सिराज को बाहर रखने पर पूर्व क्रिकेटरों ने क्या कहा?

पहले टेस्ट में प्रसिद्ध कृष्णा खेले थे. इस टेस्ट में उनकी गुरनूर बराड़ को लिया गया है.

भारत के कई पूर्व क्रिकेटरों और क्रिकेट के जानकारों ने टीम मैनेजमेंट के इस फ़ैसले पर सवाल उठाए हैं.

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और अब कमेंटेटर मोहम्मद कैफ़ ने भी सिराज को टीम से बाहर रखने के फ़ैसले पर सवाल उठाए.

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि यह यक़ीन करना मुश्किल है कि भारत के प्रमुख तेज़ गेंदबाज़ों में से एक मोहम्मद सिराज को फिर से टीम से बाहर कर दिया गया है.

कैफ़ ने लिखा, “विदेशी धरती पर होने वाले टेस्ट मैचों में भारत के गेंदबाज़ी आक्रमण में जसप्रीत बुमराह के साथ सिराज का नाम भी सबसे पहले लिया जाना चाहिए. दिलचस्प बात यह है कि गेंदबाज़ी कोच मोर्ने मोर्कल ने ख़ुद सिराज को विश्वस्तरीय गेंदबाज़ बताया था और कहा था कि वह अच्छी गेंदबाज़ी कर रहे हैं.”

मशहूर क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले ने भी इस फ़ैसले पर निराशा जताई है. उन्होंने कहा कि सिराज अब भारत के छठे रैंकिंग वाले तेज़ गेंदबाज़ हैं और उन्हें टीम से बाहर रखना सही नहीं लगता.

भोगले ने कहा, “वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा चक्र में टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले शीर्ष पांच गेंदबाज़ों में से भारत के पास अब सिर्फ़ बुमराह को ही टीम में जगह देने का फ़ैसला किया गया है. उम्मीद है कि उन्हें गेंदबाज़ी के लिए शानदार हालात मिलेंगे. लेकिन वे यह भी जानते होंगे कि जब उनकी बारी आएगी, तो उन्हें लंबे समय तक ख़ुद को साबित करने का मौक़ा नहीं मिलेगा.”

पहले टेस्ट में सिराज को टीम में जगह नहीं दिए जाने पर भी भोगले ने सवाल उठाए थे.

उस समय भोगले ने एक्स पर लिखा था, “यह देखकर हैरानी और निराशा हुई कि भारत ने सिराज को टीम से बाहर कर दिया है. उन्होंने टीम के लिए जो भी ज़िम्मेदारी दी गई, उसे बख़ूबी निभाया है. बुमराह की गैरमौजूदगी में गेंदबाज़ी आक्रमण को संभाला है और एक सकारात्मक सोच वाले बेहतरीन टीम प्लेयर रहे हैं. कंबोज को शुभकामनाएं देनी चाहिए, लेकिन उम्मीद है कि सिराज के साथ इस फ़ैसले को लेकर बेहद ईमानदारी से बातचीत की जाएगी.”

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर सुनील गावस्कर ने भी पहले टेस्ट के लिए सिराज को टीम में शामिल नहीं किए जाने पर हैरानी जताई थी.

सुनील गावस्कर ने सोनी स्पोर्ट्स पर एक चर्चा के दौरान कहा था, “जब वह टेस्ट टीम के साथ जल्दी नहीं जुड़े थे तभी इसके संकेत मिल गए थे. जब उन्होंने आखिरी वनडे खेला तो मुझे लगा था कि वे उन्हें टेस्ट में खिलाने जा रहे हैं. लेकिन यह एक हैरानी की बात है. मुझे नहीं लगता कि उन्होंने भारत को निराश किया है. उन्होंने भारत को कभी निराश नहीं किया.”

शुक्रवार को एक बार गावस्कर ने टीम सेलेक्शन पर हैरानगी जताई.

लेकिन उन्होंने सिराज के साथ-साथ रविंद्र जडेजा को भी ना खिलाने पर सवाल उठाए.

गावस्कर ने कहा कि सिराज और जडेजा, दोनों को टीम से बाहर रखना मुश्किल फैसला है. उन्होंने जडेजा को बाहर रखने के फैसले को एक चूक बताया, खासकर इसलिए क्योंकि मैच आगे बढ़ने के साथ पिच से स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है.

गावस्कर ने खेल शुरू होने से पहले सोनी स्पोर्ट्स से कहा, “आप सिराज की बात कर रहे हैं. लेकिन जडेजा का क्या? वह 33 विकेट के साथ वहां तीसरे नंबर पर हैं. मेरा मानना है कि चौथे और पांचवें दिन उनकी स्पिन गेंदबाजी काफी उपयोगी साबित हो सकती थी, क्योंकि वह गेंद को अच्छी तरह टर्न कराते हैं. वह ऐसे गेंदबाज नहीं हैं जो गेंद को बहुत ऊपर उछालकर फेंकते हैं, लेकिन उन्हें गेंद को पिच पर पकड़ दिलाने और टर्न कराने के लिए जाना जाता है. यहां तक कि सपाट पिचों पर भी वह ऐसा कर सकते हैं.”

टीवी एंकर सुमंत रमन ने भी एक्स पर सिराज को टीम से बाहर रखने के फ़ैसले की आलोचना की.

उन्होंने लिखा, “मोहम्मद सिराज के साथ यह नाइंसाफ़ी है. पहले टेस्ट की चौथी पारी में क़रीब दो दिनों तक न्यूज़ीलैंड को ऑलआउट नहीं कर पाने वाले उन्हीं तेज़ गेंदबाज़ों को एक बार फिर टीम में चुन लिया गया है और सिर्फ़ एक बदलाव किया गया है. यह हैरान करने वाली बात है.”

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS