Home - याद है Karbonn? अब नए अवतार में होगी वापसी, लॉन्च होगा Rebel...

याद है Karbonn? अब नए अवतार में होगी वापसी, लॉन्च होगा Rebel 5G फोन

7
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

भारतीय स्मार्टफोन ब्रैंड Karbonn मार्केट में वापसी की तैयारी कर रहा है। कंपनी Gen Z और युवा ग्राहकों को ध्यान में रखकर नए डिवाइस लॉन्च करेगी, जबकि Rebel 5G स्मार्टफोन का टीजर भी सामने आ चुका है।

भारत में कभी बजट स्मार्टफोन के लिए मशहूर रही घरेलू कंपनी Karbonn एक बार फिर स्मार्टफोन मार्केट में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की तैयारी कर रही है। कंपनी अब युवाओं और खास तौर पर Gen Z को ध्यान में रखकर नए डिवाइस लॉन्च करेगी। इसका फोकस ऐसे स्मार्टफोन बनाने पर होगा, जिनका इस्तेमाल सोशल मीडिया, कंटेंट क्रिएशन और डिजिटल एक्सप्रेशन के लिए किया जा सके।

कार्बन ने भारत में करीब 15 साल की मौजूदगी के बाद अपनी ब्रैंड स्ट्रेटजी में बदलाव का ऐलान किया है। कंपनी की योजना ऐसे युवा ग्राहकों तक पहुंचने की है, जो स्मार्टफोन का इस्तेमाल सिर्फ कॉलिंग और मैसेजिंग के लिए नहीं, बल्कि वीडियो बनाने, सोशल मीडिया पर अपनी पहचान बनाने और दूसरे डिजिटल कामों के लिए भी करते हैं।

Jaina Group के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर प्रदीप जैन के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में भारत में स्मार्टफोन की कीमतें बढ़ी हैं। उनका मानना है कि बढ़ती कीमतों के कारण कई ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से फोन खरीदने में परेशानी महसूस कर रहे हैं। कंपनी तकनीक को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के अपने पुराने लक्ष्य के साथ नए डिवाइस पेश करना चाहती है।

आया Rebel 5G स्मार्टफोन का टीजर

कार्बन ने अपनी वापसी के संकेत देते हुए Rebel 5G स्मार्टफोन का टीजर भी जारी किया है। यह फोन Amazon India पर एक डेडिकेटेड माइक्रोसाइट के जरिए सामने आया है। कंपनी ने फिलहाल इसके फीचर्स, कीमत और लॉन्च की तारीख का खुलासा नहीं किया है। हालांकि, टीजर में दिए गए मेसेजेस से संकेत मिलता है कि कंपनी स्टाइल के साथ अफॉर्डेबल प्राइस पर जोर देना चाहती है।

बता दें, इससे पहले अगस्त 2026 में Karbonn ZenZ Pro नाम का एक स्मार्टफोन Geekbench बेंचमार्किंग प्लेटफॉर्म पर दिखाई दिया था। लिस्टिंग के अनुसार, इस फोन में MediaTek Helio G70 प्रोसेसर और Android 16 ऑपरेटिंग सिस्टम दिया जा सकता है। बेंचमार्क टेस्ट में इस डिवाइस ने सिंगल-कोर में 422 और मल्टी-कोर में 1,525 अंक हासिल किए थे। हालांकि, कंपनी ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि ZenZ Pro और Rebel 5G एक ही फोन हैं या अलग-अलग डिवाइस।

क्या पुराने दिनों जैसी सफलता मिलेगी?

कार्बन उन भारतीय मोबाइल ब्रैंड्स में शामिल रहा है, जिन्होंने शुरुआती दौर में अफॉर्डेबल स्मार्टफोन को लोकप्रिय बनाने में भूमिका निभाई थी। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में स्मार्टफोन मार्केट में प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ गई है। Xiaomi, Vivo, Oppo और Samsung जैसे ब्रैंड्स के अलावा Lava और Ai+ जैसी कंपनियां भी ग्राहकों को आकर्षित करने की कोशिश कर रही हैं।

ऐसे में कार्बन के सामने सबसे बड़ी चुनौती केवल कम कीमत पर फोन लॉन्च करना नहीं, बल्कि बेहतर परफॉर्मेंस, कैमरा, बैटरी, सॉफ्टवेयर अपडेट और सेल के बाद अच्छी सर्विस ऑफर करना भी होगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN