Home LIFESTYLE NEWS HINDI रेनी डे स्पेशल रेसिपी: समोसे-पकौड़े छोड़िए, इस बार ट्राई करें झोल मोमोज

रेनी डे स्पेशल रेसिपी: समोसे-पकौड़े छोड़िए, इस बार ट्राई करें झोल मोमोज

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Rainy Day Special Jhol Momos: इस बार बारिश में पकौड़ों और समोसों से हटकर कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो झोल मोमोज जरूर बनाएं। मसालेदार झोल और नरम मोमोज का यह मेल ना सिर्फ आपकी भूख मिटाएगा, बल्कि बारिश का मजा भी दोगुना कर देगा।

जैसे ही बारिश की पहली बूंदें गिरती हैं, दिल कुछ गर्म, मसालेदार और स्वाद से भरपूर खाने की फरमाइश करने लगता है। ऐसे मौसम में चाय के साथ पकौड़े तो हर कोई खाता है, लेकिन अगर इस बार कुछ नया और मजेदार ट्राई करना चाहते हैं, तो झोल मोमोज आपके लिए एकदम सही हैं।

नेपाल और पहाड़ी इलाकों में खूब पसंद किए जाने वाले ये मोमोज अपने मसालेदार झोल की वजह से खास होते हैं। नरम-नरम मोमोज जब तीखे, खट्टे और खुशबूदार झोल में डूबकर प्लेट में आते हैं, तो उन्हें देखकर ही मुंह में पानी आ जाता है।

झोल मोमोज बनाने के लिए सामग्री

मोमोज के लिए –

दो कप आटा

एक कप बारीक कटी पत्तागोभी

आधा कप कद्दूकस की हुई गाजर

आधा कप बारीक कटा प्याज

एक बड़ा चम्मच कद्दूकस किया अदरक

दो बारीक कटी हरी मिर्च

स्वादानुसार नमक

एक छोटा चम्मच तेल

झोल के लिए –

तीन बड़े टमाटर

दो सूखी लाल मिर्च

एक बड़ा चम्मच तिल

पांच लहसुन की कलियां

एक छोटा टुकड़ा अदरक

स्वादानुसार नमक

आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च

आधा छोटा चम्मच भुना जीरा

एक कप पानी

स्टेप 1

सबसे पहले एक बड़े बर्तन में आटा लें। इसमें थोड़ा नमक और तेल डालकर सख्त डो बना लें। आटे को ढककर बीस मिनट के लिए रख दें। इससे वो मुलायम हो जाएगा और मोमोज बनाना आसान होगा।

स्टेप 2

अब सभी बारीक कटी सब्जियों में नमक डालें और अच्छी तरह मिलाएं। अगर सब्जियां ज्यादा पानी छोड़ रही हों तो उसे हल्का निचोड़ लें। इस छोटी-सी ट्रिक से मोमोज फटेंगे नहीं और टेस्ट भी बना रहेगा।

स्टेप 3

आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उन्हें पतला बेल लें। अब बीच में स्टफिंग रखें और मोड़ते हुए मोमोज की शेप दें। जब मोमोज तैयार हो जाएं, तो उन्हें 10-12 मिनट के लिए स्टीम में पकाएं।

स्टेप 4

झोल बनाने के लिए टमाटर, सूखी लाल मिर्च और तिल को पांच मिनट तक उबाल लें। अब इन्हें लहसुन, अदरक और थोड़ा पानी डालकर महीन पीस लें। तैयार पेस्ट को एक बर्तन में डालें। अब इसमें नमक, लाल मिर्च और भुना जीरा मिलाकर 2-3 मिनट तक पकाएं। कुछ ही मिनटों में खुशबूदार झोल तैयार हो जाएगा।

स्टेप 5

एक गहरे कटोरे में गरमा-गरम मोमोज रखें। ऊपर से मसालेदार झोल डालें। चाहें तो ऊपर से हरा धनिया और थोड़ा भुना तिल भी छिड़क सकते हैं।

बारिश के मौसम के लिए क्यों है यह परफेक्ट?

  • कम तेल में तैयार: इसे भाप में पकाया जाता है, इसलिए यह बाकी डिशेज के मुकाबले हल्का रहता है।
  • सब्जियों से भरपूर: इसमें कई तरह की सब्जियां होती हैं, जो इसे और पौष्टिक बनाती हैं।
  • झटपट तैयार: अगर शाम को अचानक कुछ खास खाने का मन हो जाए, तो यह एक बेस्ट ऑप्शन है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN