Source :- LIVE HINDUSTAN
सिविल कंस्ट्रक्शन और इंफ्रास्ट्रक्चर इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी पटेल इंजीनियरिंग के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिल रही है। कंपनी के शेयर मंगलवार को BSE में 3 पर्सेंट से अधिक की तेजी के साथ 33.42 रुपये पर पहुंच गए हैं। पिछले 5 दिन में कंपनी के शेयरों में 15 पर्सेंट से ज्यादा का उछाल आया है। वहीं, पिछले एक महीने में पटेल इंजीनियरिंग के शेयरों में 27 पर्सेंट से ज्यादा की तेजी आई है। कंपनी के एक संयुक्त उपक्रम (JV) को पिछले दिनों ही महाराष्ट्र में 126 करोड़ रुपये का इरिगेशन प्रोजेक्ट मिला है। शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक विजय केडिया का पटेल इंजीनियरिंग पर बड़ा दांव है।
विजय केडिया के पास कंपनी के 1 करोड़ से ज्यादा शेयर
दिग्गज इनवेस्टर विजय केडिया (Vijay Kedia) का पटेल इंजीनियरिंग पर बड़ा दांव है। केडिया के पास इस सिविल कंस्ट्रक्शन कंपनी के 1,00,25,099 शेयर हैं। कंपनी में विजय केडिया की हिस्सेदारी 1.01 पर्सेंट है। विजय केडिया ने अपनी इनवेस्टमेंट इकाई केडिया सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड के जरिए पटेल इंजीनियरिंग पर दांव लगाया हुआ है। इसके अलावा, बैंक ऑफ बड़ौदा के पास भी पटेल इंजीनियरिंग के 99,75,000 शेयर हैं। कंपनी में बैंक ऑफ बड़ौदा की हिस्सेदारी 1.01 पर्सेंट है।
कंपनी को मिल रहे हैं दनादन ऑर्डर
पटेल इंजीनियरिंग (Patel Engineering) के एक संयुक्त उपक्रम को पिछले दिनों ही 126.37 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। कंपनी को यह ऑर्डर महाराष्ट्र कृष्णा वैली डिवेलपमेंट कॉरपोरेशन से महाराष्ट्र में तासगांव लिफ्ट इरिगेशन स्कीम के लिए मिला है। संयुक्त उपक्रम में पटेल इंजीनियरिंग की हिस्सेदारी 51 पर्सेंट है, ऐसे में कॉन्ट्रैक्ट में कंपनी की हिस्सेदारी 64.45 करोड़ रुपये होगी। पटेल इंजीनियरिंग को अप्रैल में 1593.08 करोड़ रुपये का एक प्रोजेक्ट मिला है। कंपनी को नेपाल के संखुवासभा जिले में एक हाइड्रो-इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट मिला है। इस प्रोजेक्ट को 54 महीनों के भीतर पूरा किया जाना है। पटेल इंजीनियरिंग को इससे पहले भूटान स्थित दोरजिलुंग हाइड्रो पावर लिमिटेड से 230 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट मिला था।
2 बार बोनस शेयर भी बांट चुकी है पटेल इंजीनियरिंग
पटेल इंजीनियरिंग (Patel Engineering) अपने शेयरधारकों को दो बार बोनस शेयर का तोहफा भी दे चुकी है। कंपनी ने नवंबर 2001 में 1:2 के रेशियो में बोनस शेयर दिए। यानी, पटेल इंजीनियरिंग ने हर 2 शेयर पर 1 बोनस शेयर दिया। कंपनी ने अपना पिछला बोनस शेयर अक्टूबर 2004 में 1:1 के रेशियो में दिया है। यानी, कंपनी ने हर 1 शेयर पर 1 बोनस शेयर बांटा है। पटेल इंजीनियरिंग का मार्केट कैप मंगलवार 23 जून को 3265 करोड़ रुपये के पार जा पहुंचा है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




