Source :- LIVE HINDUSTAN
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक हैक खूब वायरल हो रहा है। हैक के मुताबिक अगर वॉशिंग मशीन में कपड़े धोते हुए पॉलीथीन डाल दें, तो कपड़े उलझते नहीं है और प्रेस की भी जरूरत नहीं पड़ती। क्या ऐसा वाकई है? जानते हैं-
सोशल मीडिया पर अक्सर घर के कामों से जुड़े हैक वायरल होते रहते हैं। इनमें से कई हैक तो इतने कमाल के निकलते हैं कि काफी काम आसान हो जाता है। हालांकि कौन सा हैक कितना कारगर है ये बिना ट्राई किए पता नहीं चलता। तो चलिए आज आपको ऐसे ही एक वायरल हैक से रूबरू कराते हैं, साथ ही जानेंगे कि ये वाकई काम करता है या नहीं। वायरल हैक के मुताबिक आपको वॉशिंग मशीन में कपड़े धोते समय बस दो पॉलीथिन बैग डालने होते हैं। ऐसा करने के तमाम फायदे बताए जाते हैं, लेकिन क्या ये वाकई असरदार होता है या नहीं आइए जानते हैं।
क्या है वॉशिंग मशीन में पॉलीथिन डालने वाला हैक?
सोशल मीडिया पर वायरल इस हैक के मुताबिक आप जब भी वॉशिंग मशीन में कपड़े धोने जाएं, तो साथ में पॉलीथिन बैग भी डाल दें। इसके लिए आपको दो पॉलीथिन लेनी हैं, जो अक्सर फलों और सब्जियों के साथ आती हैं। अब इनमें एक-एक गांठ लगा लें और दोनों को वॉशिंग मशीन में कपड़ों के साथ ही डाल दें। ध्यान रहे आपको दोनों को एक साथ नहीं बांधना है, बल्कि अलग-अलग गांठ बांधकर मशीन में डाल देना है। आइए जानते हैं इस हैक को करने के क्या क्या फायदे बताए जाते हैं।
फायदा 1: आपस में कम उलझते हैं कपड़े
इस हैक का सबसे बड़ा फायदा बताया जाता है कि पॉलीथिन डालने से कपड़े आपस में उलझते नहीं है। इसके पीछे की वजह बताई जाती है कि पॉलीथिन कपड़ों के बीच घूमती रहती है, जिससे उनके बीच ज्यादा घर्षण पैदा नहीं होता। इस वजह से कपड़े आपस में उलझते नहीं है और उनमें सिलवटें भी कम पड़ती हैं। यही वजह है कि कई लोग दावा करते हैं कि ये हैक आजमाने के बाद हर एक कपड़े पर प्रेस करने की भी जरूरत नहीं पड़ती है।
फायदा 2: कपड़ों से लिंट और बाल हटाने में मदद मिलती है
दूसरा फायदा ये भी बताया जाता है कि पॉलीथिन कपड़ों से निकलने वाले बाल, धागे और लिंट को अपनी और खींच लेती है। दावा करने वाले बताते हैं कि जब पॉलीथिन लगातार पानी और कपड़ों के साथ मशीन में घूमती रहती है, तो उसमें बनने वाली स्टैटिक इलेक्ट्रिसिटी और चिकनी सतह की वजह से लिंट, बाल और कपड़ों से निकलने वाले हल्के रेशे उससे चिपकने लगते हैं।
क्या वाकई ये हैक काम करता है?
वॉशिंग मशीन में पॉलीथिन डालने वाला ये हैक भले ही तेजी से वायरल हो रहा हो, लेकिन ये काम करता है ऐसा कोई प्रूफ मौजूद नहीं है। एक्सपर्ट्स की मानें तो पॉलीथिन को यूज करना सेफ नहीं है, क्योंकि ये मशीन में फंस सकती है और ड्रेन सिस्टम को नुकसान पहुंचा सकती है। हालांकि अगर आप ऐसा कोई हैक ट्राई करना चाहते हैं तो एल्यूमीनियम फाइल की छोटी-छोटी बॉल बनाकर मशीन में डाल सकते हैं। ये हैक पॉलीथिन से ज्यादा सुरक्षित तरीके से काम करेगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




