Source :- LIVE HINDUSTAN

पके हुए आम से कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो मैंगो पैनकेक रसमलाई बनाकर खाएं। ये स्वाद में अच्छे लगते हैं और गर्मियों में ठंड़ी-ठंड़ी ये मिठाई काफी अच्छी लगती है। सीखिए इसे बनाने का तरीका। 

गर्मियों का मौसम हो और आम की बात न हो, ऐसा तो हो ही नहीं सकता। फलों का राजा आम हर तरह से टेस्टी लगता है, चाहे वह कच्चा हो या पका हुआ। आम के सीजन में लोग तरह-तरह की रेसिपीज ट्राई करते हैं जो पके या कच्चे आम से तैयार होती हैं। अगर आप आम से सिर्फ मैंगो शेक या कुल्फी बनाते हैं, तो इस बार कुछ नया ट्राई करें। यहां पके आम के गूदे से बनने वाली मैंगो पैनकेक रसमलाई बनाने का तरीका बता रहे हैं। ये स्वाद में काफी अच्छी लगती है और गर्मी में इसका ठंडा-ठंडा स्वाद काफी अच्छा लगता है। इसे बनाने के लिए हमेशा कम रेशे वाले आम का चुनाव करें। इससे टेक्सचर बहुत ही स्मूथ बनता है।

पैनकेक वाली आम की मिठाई बनाने की सामग्री

आधा कप सूजी

दो कप आम का गूदा

ढाई कप दूध

आधा कप दूध पाउडर

तिहाई कप चीनी

ढाई बड़े चम्मच तेल

आधा छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर

आधा छोटा चम्मच हरी इलायची पाउडर

पैनकेक वाली आम की मिठाई बनाने की विधि

इस मिठाई को बनाने के लिए दो आमों को धोकर भिगो लें। फिर इन्हें छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें। अब इन आमों को मिक्सी में डालकर ब्लेंड कर लें और पल्प बना लें। अब इस पल्प को दो अलग-अलग कटोरी में निकाल लें। फिर एक बड़े बर्तन में आम के पल्प को निकालें और इसमें शक्कर डालें। अच्छे से मिक्स करने के बाद इसमें आधा कप बारीक सूजी डालें और फिर इसे कुछ देर रेस्ट करने के लिए रख दें। अब एक कढ़ाई में दो कप दूध डालें और फिर आधा कप मिल्क पाउडर डालें। इसमें एक कप चीनी डालें अच्छे से मिक्स करें और फिर इसे अच्छे उबाल कर आंच बंद कर दें। दूध को पूरी तरह से ठंडा होने दें। तब तक बैटर को पूरी तरह तैयार कर लें। इस बैटर में दूध डालकर अच्छे से फेंट लें और फिर दो चम्मच तेल डालें अच्छे से मिक्स करें। अंत में इसमें बेकिंग पाउडर डालें।

अब एक तवे को गर्म करें और फिर इस पर तेल डालें। गर्म होने के बाद बैटर के छोटे-छोटे पैनकेक बनाकर तैयार कर लें। धीमी आंच पर दोनों तरफ से अलट-पलट कर पकाएं और फिर एक पैन में इसे निकालें। ठंडे हो चुके दूध में आम का पल्प और फिर आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर डालें। इस दूध को आम के पैनकेक में डाल दें। कुछ देर के लिए इसे फ्रिज मे रखें और फिर पिस्ता से सजाकर परोसें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN