Home LIFESTYLE NEWS HINDI सर्दियों की थाली का बढ़ाएं स्वाद, घर पर बनाएं गाजर और हरी...

सर्दियों की थाली का बढ़ाएं स्वाद, घर पर बनाएं गाजर और हरी मिर्च का चटपटा अचार

5
0

Source :- INDIATV NEWS

सर्दियों की दस्तक के साथ ही बाज़ार लाल, रसदार गाजर और ताज़ा हरी मिर्च से भर जाता है। इस मौसम में गरमागरम पराठों, दाल-चावल का स्वाद बढ़ाने के लिए लोग अपनी थाली में अचार को जरूर शामिल करते हैं। सर्दियों के मौसम में आम तौर पर लोग आंवला का अचार खाना पसंद करते हैं। लेकिन इसकी जगह अगर थाली में गाजर और हरी मिर्च का चटपटा अचार मिल जाए, तो सिंपल खाना भी खास बन जाता है। बिना ज़्यादा झंझट के कम समय में बनने वाला यह अचार स्वाद और सेहत दोनों का बेहतरीन कॉम्बिनेशन है। सर्दियों की लाल गाजर में नेचुरल मिठास और कुरकुरापन होता है, जो हरी मिर्च के तीखेपन को खूबसूरती से संतुलित करता है। साथ ही, इसमें डलने वाले मसाले जैसे राई, सौंफ, मेथी और सरसों का तेल ठंड के मौसम में पाचन को बेहतर रखने में मदद करते हैं। यहां गाजर हरी मिर्च के अचार की सिंपल रेसिपी दी गई है। 

सामग्री

  • लाल गाजर: 500 ग्राम (छिली और लंबे टुकड़ों में कटी हुई)
  • हरी मिर्च: 150-200 ग्राम (धोकर, सुखाकर, चीरा लगी या टुकड़ों में कटी हुई)
  • सरसों का तेल: 4-5 बड़े चम्मच (धुआं उठने तक गरम करके हल्का ठंडा किया हुआ)
  • राई (पीली या काली दरदरी पिसी): 2 बड़े चम्मच
  • सौंफ (दरदरी पिसी): 1.5 बड़ा चम्मच
  • मेथी दाना: 1 छोटा चम्मच
  • अजवाइन और कलौंजी: आधा-आधा छोटा चम्मच
  • हल्दी पाउडर: 1 छोटा चम्मच
  • कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर: 1 छोटा चम्मच
  • हींग: एक चुटकी
  • नमक: स्वादानुसार 
  • सिरका या नींबू का रस: 1-2 बड़े चम्मच (खटास और शेल्फ-लाइफ बढ़ाने के लिए)

बनाने का तरीका

स्टेप 1: सबसे पहले गाजर और हरी मिर्च को अच्छी तरह धो लें। इसके पानी पानी को पूरी तरह सूखा लें। इसके लिए इन्हें सूती कपड़े से पोंछें और 1-2 घंटे पंखे की हवा या हल्की धूप में रख दें। अचार में नमी बिल्कुल नहीं होनी चाहिए।

स्टेप 2: इसके बाद एक बड़े बाउल में कटी गाजर और हरी मिर्च डालें। इनमें नमक और हल्दी मिलाकर कुछ देर अलग रखें ताकि एक्सट्रा पानी निकल आए और मसाले अच्छी तरह चिपक सकें।

स्टेप 3: अब बाउल में दरदरी राई, सौंफ, मेथी, अजवाइन, कलौंजी, लाल मिर्च पाउडर और हींग डालें। इसके बाद हल्के गर्म सरसों के तेल और सिरके या नींबू का रस डालकर सब कुछ अच्छी तरह मिलाएं।

स्टेप 4: साफ और सूखी कांच की बरनी में अचार भरें और ऊपर से थोड़ा तेल डाल दें ताकि मसाले डूबे रहें। इसे 1-2 दिन धूप में रखें। आप चाहें तो इसे तुरंत भी खा सकते है। लेकिन धूप में रखने से इसका स्वाद और बढ़ जाता है। इसे पराठे और चावल के साथ खाएं। खाने का स्वाद दोगुना हो जाएगा। 

SOURCE : INDIATV NEWS