Home LIFESTYLE NEWS HINDI सर्दियों में चने का साग खाने से मिलते हैं 5 जबरदस्त फायदे,...

सर्दियों में चने का साग खाने से मिलते हैं 5 जबरदस्त फायदे, डॉक्टर से जानें

7
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सर्दियों में चने का साग खूब आने लगता है और लोग इसे बड़े चाव से खाते हैं। अगर आप भी चने का साग खाते हैं, तो आज हम आपको इसके जबरदस्त फायदों के बारे में बताते हैं।

सर्दियों के मौसम में हरी सब्जियों से बाजार भर जाता है। मेथी, पालक, बथुआ, सोया जैसी हरी सब्जियां खूब बिकती हैं और इसमें से एक होता है चने का साग। चने के साग के साथ हरे चने भी मिलते हैं, जो इसमें ही लगे होते हैं। चने के साग से कई लोग सब्जी बनाते हैं और कई इसे कच्चा ही खाते हैं। अगर आप भी चने का साग सर्दियों में खाते हैं, तो समझ लीजिए ये आपकी सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। आज हम आपको इस साग को खाने के कुछ फायदों के बारे में बताएंगे। डॉक्टर इमरान खान कहते हैं कि चने का साग कई पोषक तत्वों से भरपूर होता है और इसे महिला-पुरुष दोनों को खाना चाहिए।

चने के साग में क्या पाया जाता है?

चने के साग में प्रचुर मात्रा में प्रोटीन, फाइबर, आयरन, विटामिन A, C, K, फोलेट, कैल्शियम, पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे जरूरी तत्व पाए जाते हैं। चने के साग में फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट भी मौजूद होते हैं, जो पाचन को बेहतर बनाए रखने में मदद करते हैं।

चने का साग खाने के 5 जबरदस्त फायदे

1. पाचन तंत्र हो जाएगा मजबूत

चने के साग में फाइबर की अच्छी मात्रा पाई जाती है, जिससे आपका पेट भरा रहेगा और साथ ही पाचन बेहतर होगा। जो लोग कब्ज, गैस, अपच की समस्या से जूझ रहे हैं, उन्हें चने का साग खाना चाहिए। चने का साग डाइजेशन को बेहतर करने में काफी हेल्प करता है।

2. डायबिटीज में फायदेमंद

शुगर के मरीज भी चने का साग आराम से खा सकते हैं, ये ब्लड शुगर को कंट्रोल करता है। इसमें ग्लाइसेमिक इंडेक्स काफी कम होता है, जो शरीर में शुगर लेवल को बढ़ने नहीं देता। चने का साग फाइबर से भरपूर होता है और इसमें कार्बोहाइड्रेट की मात्रा कई अनाजों और स्टार्च वाली सब्जियों की तुलना में कम होती है।

3. वजन कंट्रोल करने में मददगार

चने के साग में कैलोरी की मात्रा कम और फाइबर ज्यादा होता है। इसे खाने से आपका वजन भी कंट्रोल में रहेगा। इससे पेट लंबे समय तक भरा हुआ लगेगा और आपका वजन नहीं बढ़ेगा। अगर आप इसे सलाद के तौर पर खाते हैं, तो भी फायेदमंद रहेगा।

4. इम्यूनिटी बूस्टर और खून की कमी को करें पूरा

विटामिन सी से भरपूर चने का साग आपकी इम्यूनिटी को मजबूत करता है और इसमें आयरन होने की वजह से ये शरीर में खून की कमी को भी पूरा करता है। चने के साग में आयरन और फोलेट जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो रेड ब्लड सेल्स को बनाने में सहायक होते हैं।

5. हड्डियों के लिए भी बढ़िया

कैल्शियम से भरपूर चने का साग आपकी हड्डियों के लिए भी फायदेमंद होता है। इसमें विटामिन K जैसे पोषक तत्व होते हैं, जो हड्डियों के लिए अच्छे माने जाते हैं। अगर आप इसे सही मात्रा में लेते हैं, तो आपकी हड्डियां स्वस्थ रहेंगी।

खाने का सही तरीका क्या है?

चने का साग आप ऐसे ही नमक-हरी मिर्च के साथ कच्चा खा सकते हैं। इसके अलावा आप इसे लहसुन-मिर्चे के साथ छौंका लगाकर पकाकर भी खा सकते हैं। ध्यान रखें कि चने का साग बहुत ज्यादा नहीं खाना है, वरना ये नुकसान भी करता है। जिन लोगों को किडनी की समस्या है, पेट में पथरी है, घुटनों में दर्द रहता है, वह इसे बिल्कुल न खाएं।

नोट- यह खबर सामान्य जानकारियों पर आधारित है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ से उचित सलाह लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN