Home LIFESTYLE NEWS HINDI सर्दियों में सफेद तिल खाएं या काले? न्यूट्रीशनिस्ट ने बताया कौन हैं...

सर्दियों में सफेद तिल खाएं या काले? न्यूट्रीशनिस्ट ने बताया कौन हैं ज्यादा फायदेमंद!

8
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सर्दियों में लोग तिल अपनी डाइट में जरूर शामिल करते हैं। लेकिन एक सवाल अक्सर सुनने को मिलता है कि सेहत के लिए सफेद तिल ज्यादा फायदेमंद हैं या काले तिल। आइए जानते हैं इसपर न्यूट्रीशनिस्ट की क्या राय है, ताकि आप अपने लिए चुनें सबसे बेस्ट।

सर्दियों के मौसम की शुरुआत होते ही लोग अपनी डाइट में तिल शामिल करना शुरू कर देते हैं। तिल के लड्डू हों, गज्जक या फिर चिक्की, ज्यादातर लोगों को इनका स्वाद पसंद आता है। सेहत के लिए भी तिल बड़े फायदेमंद होते हैं। इनमें हेल्दी फैट्स, प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम, मैग्नीशियम और आयरन जैसे कई मिनरल्स पाए जाते हैं। आमतौर पर तिल दो तरह के होते हैं, सफेद तिल और काले तिल। लेकिन क्या कभी आपने सोचा है कि इन दोनों में से कौन से तिल ज्यादा बेहतर हैं? आपको अपनी सेहत के लिए कौन से तिल खाने चाहिए, आइए जानते हैं इसपर न्यूट्रीशनिस्ट की क्या राय है।

सफेद तिल खाने के क्या फायदे हैं?

जानी-मानी न्यूट्रीशनिस्ट श्वेता पांचाल बताती हैं कि सफेद तिल में ऊपर का काला छिलका हटा दिया जाता है, जिस वजह से इसमें मिनरल्स की मात्रा कम हो जाती है लेकिन कैल्शियम की बायो अवेलेबिलिटी बढ़ जाती है। इसमें हेल्दी फैट्स के साथ हड्डियों को मजबूत करने वाले कुछ मिनरल्स भी मौजूद होते हैं।

फायदे- • हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं।

  • महिलाओं की सेहत के लिए बहुत फायदेमंद। खासकर 40 के बाद मेनोपॉज के करीब पहुंचने पर होने वाले हार्मोनल बदलाव में तिल फायदे करते हैं।
  • स्किन बैरियर और जोड़ों की हेल्थ के लिए फायदेमंद।
  • बच्चे और बड़े दोनों में कैल्शियम की कमी पूरी करने में मदद करते हैं।

कैसे खा सकते हैं- न्यूट्रीशनिस्ट कहती हैं कि सफेद तिल आप रोजाना अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। इन्हें चटनी, लड्डू, सलाद और ताहिनी के रूप में खाया जा सकता है। ये गट पर भी भारी नहीं होते और इन्हें पचाना भी आसान होता है।

काले तिल खाने के क्या फायदे हैं?

काले तिल में ऊपरी छिलका नहीं हटाया जाता है, जिसमें एंटीऑक्सीडेंट्स, आयरन, जिंक और मैग्नीशियम जैसे मिनरल्स मौजूद होते हैं। हालांकि इस वजह से इन्हें पचाना थोड़ा सा भारी हो सकता है।

फायदे- थायरॉइड हार्मोन की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाते हैं।

  • हीमोग्लोबिन लेवल को बेहतर बनाने में मदद करते हैं।
  • हेयर फॉल को रोकने और हेयर ग्रोथ को सपोर्ट करने में मददगार।
  • एनर्जी लेवल को बूस्ट करते हैं।
  • जिन महिलाओं में आयरन की कमी, थकान और पीसीओएस से जुड़ी पोषक तत्वों की कमी हो, उनके लिए भी काले तिल काफी फायदेमंद हैं।

आपको कौन से तिल खाने चाहिए?

अगर आप आयरन लेवल बढ़ाने, बालों से जुड़ी समस्याओं या थकान का समाधान ढूंढ रहे हैं, तो काले तिल खाना अच्छा ऑप्शन है। वहीं अगर कैल्शियम की कमी, हड्डियों की हेल्थ और महिलाओं के स्वास्थ्य की बात हो, तो सफेद तिल बेहतर विकल्प हैं। ओवरऑल हेल्थ के लिए आप इन दोनों को बारी-बारी से खा सकते हैं।

कितनी मात्रा में खाएं- अपनी डेली डाइट में आप 1-2 चम्मच तिल शामिल कर सकते हैं।

नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।

(Images Credit- Pinterest)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN