Source :- LIVE HINDUSTAN
Reasons for Swelling and Puffy Face: चेहरे की सूजन को कई बार नजरअंदाज करना सेहत के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। आइए जानते हैं आखिर किन वजहों से चेहरे पर सूजन आती है और इस समस्या को कैसे दूर किया जा सकता है।
आपने अकसर देखा होगा कई लोग सुबह सोकर उठने के बाद चेहरे पर सूजन की शिकायत करते हैं। चेहरे में सूजन की कई वजहें हो सकती हैं। जिसमें ज्यादातर सूजन के कारण खराब नींद, गलत खान-पान, नमक का अधिक सेवन, एलर्जी, हॉर्मोनल असंतुलन, तनाव और ब्लड सर्कुलेशन में कमी होती है। यह सभी कारण हो सकता है आपको नॉर्मल लगें लेकिन कई बार इन्हें नजरअंदाज करना सेहत के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। आइए जानते हैं आखिर किन वजहों से चेहरे पर सूजन आती है और इस समस्या को कैसे दूर किया जा सकता है।
चेहरे की सूजन के पीछे के 5 बड़े कारण
एडिमा
एडिमा का मतलब होता है शरीर के ऊतकों में तरल पदार्थ का जमाव हो जाना, जिससे बॉडी में सूजन आ जाती है। यह समस्या शरीर के विभिन्न हिस्सों जैसे पैर, टखने, हाथ, या चेहरा में हो सकती है। बता दें, यह समस्या अकसर अधिक नमक का सेवन, हार्मोनल परिवर्तन या अपर्याप्त पानी पीने के कारण होती है।
एलर्जी
नट्स, दवाएं, या कॉस्मेटिक्स से एलर्जी होने पर भी चेहरा सूज सकता है। इस समस्या में चेहरे पर हल्की लालिमा से लेकर गंभीर सूजन (एंजियोएडेमा) तक देखी जा सकती है। जिसकी वजह से व्यक्ति को सांस लेने में कठिनाई हो सकती है।
संक्रमण
साइनसाइटिस, दांतों का संक्रमण, या त्वचा का संक्रमण जैसे कारण भी चेहरे की सूजन का कारण बन सकते हैं। बैक्टीरियल या वायरल संक्रमण सूजन और दर्द को बढ़ाते हैं।
हार्मोनल असंतुलन
थायराइड की समस्या (हाइपोथायरायडिज्म) या कॉर्टिसोल लेवल के बढ़ने पर (कुशिंग सिंड्रोम) चेहरा फूला हुआ लग सकता है। मासिक धर्म या मेनोपॉज भी सूजन का कारण बन सकते हैं।
नींद की कमी
कई बार अपर्याप्त नींद, तनाव, या शराब का अधिक सेवन भी चेहरे की सूजन का कारण बन जाता है। यह आमतौर पर आंखों के नीचे बैग्स के रूप में दिखाई देता है। इस बात का ध्यान रखें कि रात में अधिक नमक वाला भोजन करने से भी सुबह चेहरा फूल सकता है।
चेहरे की सूजन को ठीक करने के उपाय
हाइड्रेशन और आहार में बदलाव
चेहरे की सूजन ठीक करने के लिए दिन भर में 8-10 गिलास पानी पिएं और नमक का सेवन कम मात्रा में करें। इसे अलावा पोटेशियम युक्त खाद्य पदार्थ (जैसे केला, पालक) को डाइट में शामिल करें, ये चीजें शरीर में द्रव संतुलन को बनाए रखने में मदद करती हैं। प्रोसेस्ड फूड और शराब का सेवन करने से बचें।
ठंडा सेंक
सूजन वाली जगह पर 10-15 मिनट के लिए बर्फ से लपेटा हुआ तौलिया लगाकर रखें। यह उपाय रक्त वाहिकाओं को संकुचित कर सूजन कम करने में मदद करता है। इसके अलावा आंखों के नीचे खीरे के टुकड़े लगाना भी प्रभावी उपाय हो सकता हैं।
एलर्जी से बचाव
एलर्जी के लिए एंटीहिस्टामाइन (जैसे सेटीरिज़िन) लें, लेकिन डॉक्टर की सलाह से। गंभीर एलर्जी (एंजियोएडेमा) में तुरंत चिकित्सा सहायता लें। इसके अलावा एलर्जी ट्रिगर्स (जैसे कुछ खाद्य पदार्थ या कॉस्मेटिक्स) की पहचान करें और उनसे बचें।
हार्मोनल उपचार
थायराइड या अन्य हार्मोनल समस्याओं के लिए डॉक्टर से जांच करवाकर दवा लें। इसके अलावा नियमित थायराइड जांच और स्वस्थ आहार अपनाएं।
सलाह
यदि सूजन के साथ सांस लेने में तकलीफ, तेज दर्द, या बुखार हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN