Home rss entertainment hindi मनोरंजन समाचार सौम्य चेहरा, आंखों में शांति और अंदाज में गरिमा, पहले साई पल्लवी...

सौम्य चेहरा, आंखों में शांति और अंदाज में गरिमा, पहले साई पल्लवी को सीता बनाने पर उठे थे सवाल, अब ‘रामायण’ के नए प्रोमो ने बदली राय

3
0

Source :- KHABAR INDIATV

नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। फिल्म की रिलीज में अब महज कुछ ही दिन बाकी हैं और ऐसे में मेकर्स दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ाने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। कभी फिल्म के नए पोस्टर सामने आ रहे हैं, तो कभी किरदारों की झलक दिखाकर फैंस को उत्साहित किया जा रहा है। हाल ही में मेकर्स ने रवि दुबे को लक्ष्मण के रूप में पेश किया था, जिसके बाद अब माता सीता के किरदार से पर्दा उठा दिया गया है। फिल्म में साई पल्लवी मां सीता की भूमिका निभा रही हैं और उनका नया प्रोमो सामने आते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। खास बात यह है कि साई की कास्टिंग को लेकर पहले सवाल उठाने वाले दर्शक भी अब उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं।

साई पल्लवी के सीता रूप ने जीता दिल

सोमवार को फिल्म के निर्माताओं ने साई पल्लवी का एक खास प्रोमो जारी किया, जिसमें वह माता सीता के रूप में नजर आ रही हैं। इस झलक में उनके किरदार की गरिमा, सौम्यता और आंतरिक शक्ति को दर्शाने की कोशिश की गई है। मेकर्स ने प्रोमो साझा करते हुए लिखा, ‘धरती की पुत्री, मिथिला की राजकुमारी। प्रेम से बंधी और धर्म से निर्देशित। साई पल्लवी सीता के रूप में। प्रोमो अब जारी।’ इस छोटे से वीडियो ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। साई का अंदाज देखकर फैंस उनके अभिनय और स्क्रीन प्रेजेंस की तारीफ कर रहे हैं।

पहले उठे थे साई की कास्टिंग पर सवाल

दरअसल जब ‘रामायण’ में साई पल्लवी को माता सीता के किरदार के लिए चुने जाने की खबर सामने आई थी, तब सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं। कुछ दर्शकों का मानना था कि इस महत्वपूर्ण भूमिका के लिए किसी दूसरी अभिनेत्री को चुना जा सकता था। हालांकि अब फिल्म का नया प्रोमो सामने आने के बाद तस्वीर काफी हद तक बदलती नजर आ रही है। साई के चेहरे की मासूमियत, उनकी शांत भाव-भंगिमा और सहज अदाकारी ने दर्शकों का ध्यान खींचा है। कई यूजर्स का कहना है कि उन्होंने सीता के किरदार के लिए जरूरी कोमलता और आत्मबल को बखूबी पेश किया है।

सोशल मीडिया पर फैंस ने बांधे तारीफों के पुल

साई पल्लवी के नए प्रोमो पर सोशल मीडिया यूजर्स जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने उनकी तारीफ करते हुए लिखा कि साई के चेहरे और व्यक्तित्व में कोमलता के साथ-साथ आंतरिक शक्ति का भी शानदार संतुलन है। वहीं, एक अन्य यूजर ने उन्हें मां सीता के रूप में बेहद सुंदर बताते हुए लिखा कि उनके अंदाज में पवित्रता, शांति और दिव्यता नजर आती है। एक दूसरे सोशल मीडिया यूजर ने उनकी अदाकारी की तारीफ करते हुए लिखा कि उनके चेहरे और शारीरिक हाव-भाव में गजब का ठहराव है और उनकी हर एक अदा में सहज गरिमा दिखाई देती है। इन प्रतिक्रियाओं से साफ है कि सीता के रूप में साई की पहली झलक दर्शकों को काफी पसंद आई है।

Image Source : WORLDOFRAMAYANA/INSTAGRAMलोगों का रिएक्शन।

दो हिस्सों में रिलीज होगी ‘रामायण’

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ को दो हिस्सों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म के पहले भाग को 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में उतारने की तैयारी है। वहीं दूसरे भाग की रिलीज दिवाली 2027 के आसपास निर्धारित बताई गई थी। हालांकि, अब कुछ रिपोर्ट्स में इसके 2028 तक टलने की चर्चा हो रही है। फिलहाल मेकर्स की ओर से रिलीज डेट में बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

बॉक्स ऑफिस पर भी बड़ी उम्मीदें

‘रामायण’ को भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक माना जा रहा है। फिल्म का कथित बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं, सनी देओल हनुमान के किरदार में दिखाई देंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त उत्साह है और एडवांस बुकिंग के शुरुआती आंकड़े भी उम्मीद जगाने वाले बताए जा रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि पर्दे पर रिलीज होने के बाद यह मेगा बजट फिल्म दर्शकों की उम्मीदों और बॉक्स ऑफिस के पैमानों पर कितनी खरी उतरती है।

ये भी पढ़ें: कौन थे एक्टर अनुज ठाकुर? 33 साल की उम्र में सोते-सोते हुई मौत, उठाती रह गई मां, अब सामने आई खतरनाक वजह

Latest Bollywood News

SOURCE : KHABAR INDIATV