Home rss world hindi स्मार्ट टेक्नोलॉजी ने बढ़ाई मुसीबत, अपडेट के बाद ठप पड़े AI फ्रिज;...

स्मार्ट टेक्नोलॉजी ने बढ़ाई मुसीबत, अपडेट के बाद ठप पड़े AI फ्रिज; यूजर्स परेशान

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

एक हद के बाद टेक्नोलॉजी परेशानी खड़ी कर सकती है। दक्षिण कोरिया में सैमसंग के स्मार्ट रेफ्रिजरेटर के ग्राहकों ने यह बात खुद महसूस की, जब सिस्टम अपडेट के बाद उनके फ्रिज अचानक बंद हो गए और काम करना छोड़ दिया।

टेक्नोलॉजी जीवन को आसान बनाती है, लेकिन कई बार यही परेशानी का कारण भी बन जाती है। कुछ ऐसा ही हुआ है दक्षिण कोरिया में। यहां पर सैमसंग के स्मार्ट रेफ्रिजरेटर एक सिस्टम अपडेट के बाद अचानक काम करना बंद कर दिए। सबसे ज्यादा असर उन यूजर्स पर पड़ा जिनके पास कंपनी के बेस्पोक एआई चार दरवाजे वाले फ्रिज हैं, खासकर 2024 के बाद बने नए मॉडल। अपडेट आते ही कई फ्रिज की बिजली चली गई और स्क्रीन भी बंद हो गई। घरों में रखा खाना खराब होने का खतरा पैदा हो गया।

कोरियाई मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, यह समस्या सैमसंग स्मार्टथिंग्स ऐप से आए फर्मवेयर अपडेट के बाद शुरू हुई। ग्राहकों को ऐप पर नोटिफिकेशन मिला कि फ्रिज का सिस्टम अपडेट उपलब्ध है। कई लोगों ने तुरंत अपडेट चला दिया। इसके कुछ देर बाद फ्रिज की पावर कट गई और मशीन पूरी तरह बंद हो गई। अंदर की एलसीडी स्क्रीन पर सिर्फ अपडेटिंग लिखा रह गया, उसके बाद कुछ नहीं चला।

क्या बोले यूजर?

ग्राहकों ने सैमसंग के कोरियाई कम्युनिटी फोरम पर अपनी परेशानी लिखी। एक यूजर ने विस्तार से बताया कि मंगलवार (22 सितंबर) दोपहर करीब तीन बजे उन्हें स्मार्टथिंग्स ऐप से रेफ्रिजरेटर सिस्टम अपडेट का नोटिफिकेशन मिला। उन्होंने अपडेट शुरू कर दिया। फ्रिज अंदर की स्क्रीन पर सिर्फ अपडेटिंग दिखाता रहा और ऐप में भी रनिंग लिखा रहा। उन्हें डर था कि कूलिंग रुक गई तो अंदर का खाना खराब हो जाएगा या जम जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि इसलिए उन्होंने प्लग निकाल दिया और पांच मिनट बाद दोबारा लगाया। लेकिन उसके बाद फ्रिज में बिजली ही नहीं आई। स्क्रीन भी काली रही। अगले दिन सैमसंग का रिपेयर टेक्नीशियन घर आया। उसने जांच के बाद कहा कि मदरबोर्ड बदलना पड़ेगा। टेक्नीशियन ने यह भी बताया कि यह सिर्फ एक घर की समस्या नहीं है। पूरे देश में कई ग्राहकों के फ्रिज इसी अपडेट के बाद बंद हुए हैं। लोग सर्विस सेंटर पर कॉल कर रहे हैं और शिकायतें दर्ज करा रहे हैं।

कंपनी ने क्या कहा?

हालांकि सैमसंग ने अभी तक कोई आधिकारिक प्रेस स्टेटमेंट जारी नहीं किया है। हालांकि कंपनी के एक प्रतिनिधि ने फोरम पर ग्राहकों की शिकायतों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कुछ ग्राहकों के रेफ्रिजरेटर की पावर और स्क्रीन में असामान्य लक्षण दिख रहे हैं। कंपनी इस मामले को गंभीरता से ले रही है और सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स सर्विस सेंटर के जरिए आपातकालीन उपाय कर रही है। जिन लोगों को यही समस्या हो, उन्हें तुरंत नजदीकी सर्विस सेंटर से संपर्क करने को कहा गया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN