Home LIFESTYLE NEWS HINDI हड्डियों में दर्द और मसल्स वीक? डॉक्टर ने बताए विटामिन D की...

हड्डियों में दर्द और मसल्स वीक? डॉक्टर ने बताए विटामिन D की कमी के 5 साइन

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

विटामिन D की कमी का असर सिर्फ हड्डियों पर नहीं पड़ता, बल्कि मसल्स और रोज की एनर्जी पर भी दिख सकता है। डॉक्टर कुणाल सूद ने इसके 5 ऐसे संकेत बताए हैं, जिन्हें इग्नोर नहीं करना चाहिए।

विटामिन D शरीर के लिए जरूरी न्यूट्रिएंट है। यह शरीर को कैल्शियम और फॉस्फोरस अब्जॉर्ब करने में मदद करता है, जिससे हड्डियां मजबूत रहती हैं। धूप विटामिन D का अच्छा सोर्स है, लेकिन आजकल ज्यादातर समय घर या ऑफिस में बीतने से शरीर को पर्याप्त धूप नहीं मिल पाती। विटामिन D की कमी होने पर शरीर कुछ संकेत दे सकता है। डॉक्टर कुणाल सूद (फिजिशियन) ने ऐसे ही 5 कॉमन संकेतों के बारे में बताया है। आइए जानते हैं इनके बारे में।

1. हड्डियों में बिना वजह दर्द

अगर हड्डियों में लगातार दर्द रहता है या छूने पर ज्यादा दर्द महसूस होता है, तो इसे इग्नोर न करें। डॉक्टर कुणाल सूद के अनुसार, शरीर में विटामिन D की बहुत ज्यादा कमी होने पर हड्डियों की मजबूती पर असर पड़ सकता है। इसकी वजह से हड्डियों में गहरा दर्द या छूने पर दर्द हो सकता है। यह दर्द खासतौर पर कमर के निचले हिस्से, कूल्हों और पैरों में महसूस हो सकता है। हालांकि, हड्डियों में दर्द होने का मतलब हमेशा विटामिन D की कमी ही हो, यह जरूरी नहीं है।

2. मसल्स में कमजोरी

विटामिन D की ज्यादा कमी होने पर मसल्स पर भी असर पड़ सकता है। खासकर कूल्हों और जांघों के आसपास की मसल्स में वीकनेस महसूस हो सकती है। डॉक्टर के अनुसार, सीढ़ियां चढ़ने या नीचे रखी कुर्सी से उठने में पहले के मुकाबले ज्यादा परेशानी होना इसका एक संकेत हो सकता है। लेकिन हर तरह की मसल्स वीकनेस सिर्फ विटामिन D की कमी की वजह से हो, ऐसा जरूरी नहीं है।

3. लगातार थकान

पूरी नींद लेने के बाद भी अगर आप अक्सर थके हुए महसूस करते हैं, तो इसकी कई वजहें हो सकती हैं। इनमें विटामिन D की कमी भी शामिल हो सकती है। डॉक्टर के अनुसार, कम विटामिन D का थकान से कनेक्शन देखा गया है। मसल्स में कमजोरी, दर्द और शरीर की एनर्जी से जुड़े बदलाव इसकी वजह हो सकते हैं। फिर भी लगातार थकान को सिर्फ विटामिन D की कमी मान लेना सही नहीं होगा।

4. मूड में बदलाव

विटामिन D का मूड से भी कनेक्शन देखा गया है। डॉक्टर कुणाल सूद के अनुसार, शरीर में विटामिन D का लेवल कम होने पर उदासी जैसे लक्षण देखने को मिल सकते हैं। हालांकि, इसका यह मतलब नहीं है कि विटामिन D की कमी सीधे डिप्रेशन की वजह बनती है। अगर लंबे समय से उदासी या मूड से जुड़ी परेशानी है, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

5. हल्की चोट में फ्रैक्चर

लंबे समय तक विटामिन D की गंभीर कमी रहने पर हड्डियां कमजोर हो सकती हैं। ऐसे में सामान्य दबाव पड़ने पर भी हड्डियों को नुकसान हो सकता है और मामूली चोट में फ्रैक्चर का खतरा बढ़ सकता है। लेकिन हर फ्रैक्चर को विटामिन D की कमी से जोड़ना सही नहीं है। हड्डियों की कमजोरी, ज्यादा एक्सरसाइज, कुछ दवाएं या हड्डियों से जुड़ी दूसरी समस्याएं भी इसकी वजह हो सकती हैं।

विटामिन D की कमी कैसे पूरी करें?

विटामिन D के लिए रोज थोड़ी देर धूप लेना अच्छा रहता है। करीब 15–20 मिनट धूप लेने से मदद मिल सकती है। खाने में अंडे की जर्दी, मछली, दूध और डेयरी वाली कुछ चीजें ले सकते हैं। अगर कमी ज्यादा है, तो डॉक्टर की सलाह से विटामिन D की दवा या सप्लीमेंट भी ले सकते हैं।

सिर्फ लक्षण देखकर खुद से विटामिन D न लें

इनमें से कोई एक लक्षण दिखने का मतलब यह नहीं है कि आपके शरीर में विटामिन D की कमी ही है। ऐसे कई लक्षण दूसरी हेल्थ कंडीशन में भी दिख सकते हैं। इसलिए अगर इनमें से कोई परेशानी लगातार बनी हुई है, तो डॉक्टर से सलाह लें। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर विटामिन D का टेस्ट कराने की सलाह दे सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN