Source :- LIVE HINDUSTAN
Aloo Methi Paratha Recipe: मेथी या आलू के सिंपल पराठे तो आपने खूब खाए होंगे। लेकिन क्या आलू मेथी के स्टफ्ड पराठे खाएं हैं? अगर नहीं तो एक बार इन्हें जरूर बनाकर देखें। इनकी मसालेदार और सॉफ्ट स्टफिंग मुंह में जाते ही घुल जाती है।
नाश्ते में गरमा-गरम पराठे मिल जाएं तो मजा आ जाता है। वैसे भी मौसम में हल्का ठंडापन शुरू हो गया है और इन दिनों तो पराठे खूब बनते हैं। ऐसे में आप भी आलू मेथी के पराठे बनाकर एंजॉय कर सकते हैं। ताजी हरी मेथी की खुशबू और आलू की नरम स्टफिंग इस पराठे को खास बनाती हैं। आमतौर पर आपने सादा आलू या हरी मेथी का पराठा खाया होगा, लेकिन साथ में इनका स्वाद और भी बढ़िया लगता है। बच्चे अक्सर हरी सब्जियों से मुंह चुराते हैं, ऐसे में उन्हें पौष्टिक हरी मेथी खिलाने का ये तरीका बेस्ट हो सकता है। ये पराठे इतने स्वादिष्ट बनते हैं कि बार-बार घरवालों की डिमांड आनी तय समझिए। तो चलिए फटाफट से आलू मेथी के पराठे बनाने की रेसिपी जान लेते हैं।
आलू मेथी के स्वादिष्ट पराठे बनाने की सामग्री
आलू मेथी की स्वादिष्ट स्टफिंग वाले पराठे बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं-
पराठे के आटे के लिए- गेहूं का आटा (2 कप), बेसन (1/4 कप), हल्दी पाउडर (आधा चम्मच), लाल मिर्च पाउडर (1 चम्मच), भुना जीरा पाउडर (आधा चम्मच), अजवाइन (1 चम्मच), देसी घी (1 चम्मच), नमक (स्वादानुसार)।
स्टफिंग के लिए- ताजा मेथी (1 कप), उबले हुए आलू (1 कप), प्याज (1), हरी मिर्च (2), ताजा धनिया पत्ता, धनिया पाउडर (आधा चम्मच), धनिया पाउडर (आधा चम्मच), लाल मिर्च पाउडर (आधा चम्मच), भुना जीरा पाउडर (आधा चम्मच), अमचूर पाउडर (1 चम्मच), नमक (स्वादानुसार), घी या तेल।
आलू मेथी के भरवां पराठे बनाने की विधि
स्टेप 1- पराठे का आटा लगाकर तैयार करें
सबसे पहले एक परात में गेहूं का आटा लें, इसमें थोड़ा सा बेसन भी मिला दें। बेसन मिलाने से पराठा कुरकुरा बनता है और रंग भी अच्छा आता है। साथ में कुछ बेसिक मसाले एड करें जैसे- हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, नमक और भुना जीरा पाउडर। हाथों से मसलकर अजवाइन डालें, साथ में एक चम्मच देसी घी भी आटे में एड करें।
स्टेप 2- आटे में ताजा मेथी के पत्ते मिलाएं
अब गेहूं के आटे में ताजा हरी मेथी के बारीक कटे हुए पत्ते मिलाएं। थोड़ा थोड़ा पानी डालकर एक सॉफ्ट सा आटा गूंथकर तैयार कर लें। इसे कपड़े से ढककर 10 मिनट के लिए रेस्ट करने दें, ताकि ये अच्छे से सेट हो जाए।
स्टेप 3- आलू की भरावन तैयार करें
पराठे की भरावन बनाने के लिए एक बाउल में उबले हुए आलू लें। इन्हें अच्छे से मैश या कद्दूकस कर लें। इनमें बारीक कटी हुई प्याज, हरी मिर्च, बारीक कटा ताजा धनिया पत्ता और कुछ मसाले (नमक, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, भुना जीरा पाउडर और अमचूर पाउडर) मिलाएं। सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर के स्टफिंग तैयार करें।
स्टेप 4- पराठे में स्टफिंग भरें
गूंथे हुए आटे से एक मीडियम साइज की लोई बनाएं। इसके हल्का हाथों से दबाकर बीच में आलू की स्टफिंग रखें। किनारों को मिलाकर लोई का मुंह बंद कर दें और सूखा आटा लगाकर पराठे की शेप में बेल लें।
स्टेप 5- तवे पर सेंक लें गरमा-गरम पराठे
गर्म तवे पर पराठा डालें और दोनों तरह से अच्छी तरह सेंक लें। अब थोड़ा देसी घी या तेल लगाएं और पराठे को गोल्डन और क्रिस्पी होने तक सेंक लें। गरमा गरम आलू मेथी के पराठे दही, चटनी और अचार के साथ सर्व करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




