Home rss world hindi हेलीकॉप्टर से गिरते-गिरते बचीं अमेरिकी उपराष्ट्रपति की पत्नी ऊषा, गोद में था...

हेलीकॉप्टर से गिरते-गिरते बचीं अमेरिकी उपराष्ट्रपति की पत्नी ऊषा, गोद में था बच्चा; किसी ने नहीं की मदद

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

ऊषा वेंस का हेलिकॉप्टर से उतरते समय अचानक संतुलन बिगड़ गया। उस वक्त उनका 9 हफ्ते का बेटा बेबी कैरियर में था। उषा ने रेलिंग पकड़कर खुद को संभाला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

अमेरिका की सेकंड लेडी ऊषा वेंस सोमवार को मैरीलैंड के ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पर हेलिकॉप्टर से उतरते समय अचानक लड़खड़ा गईं। उस वक्त उनका नौ सप्ताह का बेटा एलेक नील वेंस उनकी गोद में था। ऊषा ने तुरंत रेलिंग पकड़कर खुद को संभाल लिया और फिर बच्चे को देखा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद चर्चा में है।

सीढ़ियों से उतरते समय छूटा कदम

वीडियो में दिखाई देता है कि ऊषा वेंस हेलिकॉप्टर की सीढ़ियों से नीचे उतर रही थीं। उनका बेटा एलेक भी बेबी कैरियर में उनके साथ बंधा हुआ था। सीढ़ियों के निचले हिस्से के पास उनका एक कदम चूक गया और वह कुछ पल के लिए अपना संतुलन खोती नजर आईं।

ऊषा ने तुरंत रेलिंग पकड़ ली और खुद को संभाल लिया। इसके बाद उन्होंने बच्चे को देखा और सामान्य तरीके से आगे बढ़ीं। घटना में उनके या बच्चे के घायल होने की कोई जानकारी रिपोर्ट में नहीं दी गई है।

पास खड़े लोगों ने मदद क्यों नहीं की?

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों ने सवाल उठाया है कि आसपास खड़े कर्मचारियों ने ऊषा की मदद के लिए कदम क्यों नहीं बढ़ाया। हेलिकॉप्टर के पास कई सैनिक खड़े थे। हालांकि, वीडियो से यह स्पष्ट नहीं होता कि उन्होंने हस्तक्षेप क्यों नहीं किया या उस समय किसी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा था या नहीं।

ऊषा के पीछे बेटी को लेकर उतरे जेडी वेंस

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी हेलिकॉप्टर से ऊषा के बाद उतरे। वह अपनी चार साल की बेटी मिराबेल को लेकर चल रहे थे। रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसा लगा कि उन्होंने ऊषा के साथ हुई इस घटना को नहीं देखा। इसके बाद पूरा परिवार उस विमान की ओर बढ़ा, जो उन्हें एंकोरेज ले जाने वाला था।

एलेक्स के साथ 7.5 घंटे की यात्रा

यह यात्रा जेडी वेंस के अलास्का दौरे का हिस्सा थी। वह मध्यावधि चुनावों से पहले प्रचार के लिए अलास्का जा रहे थे। उन्हें रिपब्लिकन नेशनल कमेटी की एक रैली को संबोधित करना था, जिसमें रिपब्लिकन सीनेटर डैन सुलिवन की दोबारा चुनाव लड़ने की कोशिश का समर्थन किया जाना था। सुलिवन का मुकाबला डेमोक्रेट मैरी पेल्टोला से है।

एयर फोर्स टू में सवार होने से पहले वेंस ने बताया था कि उषा और उनके कुछ बच्चे उनके साथ यात्रा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यह अलास्का यात्रा उषा का 50वां अमेरिकी राज्य का दौरा होगा।

वेंस ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि वे अपने नौ सप्ताह के बच्चे को 7.5 घंटे की यात्रा पर साथ ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर बाद में भाषण देते समय वह काफी थके और तनाव में नजर आएं तो इसकी वजह नवजात बच्चे के साथ की गई लंबी यात्रा होगी।

19 जुलाई को हुआ था एलेक का जन्म

उषा और जेडी वेंस ने 19 जुलाई को मैरीलैंड के बेथेस्डा स्थित वाल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में एलेक का स्वागत किया था। एलेक उनका चौथा बच्चा है। उसके बड़े भाई-बहनों के नाम इवान, विवेक और मिराबेल हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN