Home BUSINESS NEWS HINDI होम लोन पर मिलेगी 4% की सब्सिडी, मोदी सरकार ने मिडिल क्लास...

होम लोन पर मिलेगी 4% की सब्सिडी, मोदी सरकार ने मिडिल क्लास को दी खुशखबरी!

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Home Loan: अगर आप घर खरीदने की योजना बना रहे हैं और होम लोन की महंगी ईएमआई को लेकर परेशान हैं, तो आपके लिए राहत की खबर है। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) 2.0 के तहत पात्र लोगों को होम लोन पर 4 फीसदी तक ब्याज सब्सिडी का फायदा मिल सकता है। इससे न सिर्फ ईएमआई का बोझ कम होगा, बल्कि लाखों रुपये की सेविंग भी हो सकती है। आइए जानते हैं इस योजना में क्या खास है, किसे इसका फायदा मिलेगा और किन शर्तों को पूरा करना जरूरी होगा।

क्या है सरकार की नई योजना?

केंद्र सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के जरिए मिडिल क्लास और निम्न इनकम वर्ग के लोगों के लिए घर खरीदना आसान बनाने पर जोर दे रही है। इस योजना के तहत योग्य आवेदकों को होम लोन के एक हिस्से पर ब्याज सब्सिडी दी जा जाती, जिससे लोन की कुल लागत कम हो जाती है।

कितना मिलेगा फायदा?

योजना के नियमों के अनुसार होम लोन के पहले 8 लाख रुपये तक के हिस्से पर 4 फीसदी ब्याज सब्सिडी का लाभ मिलता है। यह सब्सिडी अधिकतम 12 साल के पीरियड तक लागू रहेगी। इस सुविधा से एक पात्र परिवार को कुल मिलाकर करीब 1.80 लाख रुपये तक का लाभ मिलता है। यह अमाउंट सीधे लोन का बोझ कम करने में मदद करेगा, जिससे मंथली ईएमआई भी घट सकती है।

किसे मिलेगा योजना का लाभ?

यह योजना मुख्य रूप से लोअर इनकम ग्रुप (LIG) और मिडिल इनकम ग्रुप (MIG) के परिवारों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। ऐसे परिवार, जिनकी इनकम सरकार की तय सीमा के अंदर है और जिनके नाम पर पहले से कोई पक्का घर नहीं है, वे इस योजना का लाभ लेने के पात्र हो सकते हैं।

इसके अलावा योजना के तहत घर की कीमत और होम लोन के अमाउंट को लेकर भी कुछ शर्तें रखी गई हैं। उदाहरण के तौर पर, 35 लाख रुपये तक की कीमत वाले घर और 25 लाख रुपये तक के होम लोन पर इस सुविधा का लाभ मिल सकता है। हालांकि अंतिम पात्रता सरकार की जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार तय होगी।

पिछले कुछ सालों में प्रॉपर्टी की कीमतों और होम लोन की ब्याज दरों में बढ़ोतरी के कारण पहली बार घर खरीदने वाले लोगों के लिए अपना घर लेना चुनौतीपूर्ण हो गया है। सरकार का टारगेट ऐसे परिवारों को आर्थिक मदद देना है ताकि वह आसानी से अपना घर खरीद सकें। साथ ही इस योजना के जरिए शहरी इलाकों में किफायती आवास को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराने की भी योजना है।

अप्लाई करने से पहले रखें इन बातों का ध्यान

अगर आप इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं, तो सबसे पहले यह तय करें कि आपकी इनकम, घर की कीमत और लोन का अमाउंट सरकार की तय पात्रता के अनुसार हो। आवेदन से पहले बैंक या संबंधित सरकारी पोर्टल पर उपलब्ध आधिकारिक दिशा-निर्देश जरूर पढ़ें। पात्रता पूरी होने पर मिलने वाली ब्याज सब्सिडी आपकी ईएमआई का बोझ काफी हद तक कम कर सकती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN