Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- Fact Check: सोशल मीडिया पर मंदिर की तस्वीर वाले पीले रंग के ₹1,000 के कथित नए नोट की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं
- आइए जानें इसमें कितनी है है सच्चाई?
आजकल सोशल मीडिया पर मंदिर की तस्वीर वाले पीले रंग के ₹1,000 के कथित नए नोट की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) जल्द ही यह नोट जारी करने वाला है या 15 तारीख से इसे चलन में लाया जाएगा। हालांकि, प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक यूनिट ने इन दावों को फर्जी करार दिया है।
PIB फैक्ट चेक ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि RBI ने ₹1,000 का नया नोट जारी करने को लेकर कोई घोषणा नहीं की है। सोशल मीडिया पर इंस्टाग्राम, एक्स और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर इस कथित नोट की तस्वीरें शेयर की जा रही हैं। कुछ लोग इसे नया नोट बताते हुए इसके 15 तारीख से चलन में आने का दावा भी कर रहे हैं।
PIB ने क्या कहा?
PIB फैक्ट चेक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर ₹1,000 के नए नोट से जुड़े दावों को खारिज कर दिया। एजेंसी ने लोगों से अपील की कि किसी भी जानकारी पर भरोसा करने या उसे आगे शेय करने से पहले आधिकारिक स्रोतों से उसकी पुष्टि जरूर करें।
PIB के मुताबिक, RBI ने मंदिर की तस्वीर वाले पीले रंग के ₹1,000 के नए नोट को जारी करने की कोई घोषणा नहीं की है। इसलिए सोशल मीडिया पर किए जा रहे इन दावों पर भरोसा न करें।
अभी कितने रुपये के नोट चलन में हैं?
भारत में RBI की महात्मा गांधी (नई) सीरीज के तहत ₹10, ₹20, ₹50, ₹100, ₹200 और ₹500 के बैंक नोट चलन में हैं। बता दें 8 नवंबर 2016 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी की घोषणा की थी। इसके बाद पुराने ₹500 और ₹1,000 के नोटों का लीगल करेंसी का दर्जा समाप्त कर दिया गया था। इसका उद्देश्य काले धन, नकली नोटों और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना था।
बाद में नए डिजाइन वाले ₹500 के नोट जारी किए गए, जबकि ₹1,000 का नोट दोबारा जारी नहीं किया गया। उस समय बड़े मूल्यवर्ग के नोट के रूप में ₹2,000 का नोट पेश किया गया था। हालांकि, RBI ने मई 2023 में ₹2,000 के नोट को भी चलन से वापस लेने की घोषणा कर दी थी।
नए नोट से जुड़ी खबर की पुष्टि कैसे करें?
अगर सोशल मीडिया पर किसी नए नोट की तस्वीर या उसके जारी होने की खबर सामने आती है, तो उस पर विश्वास करने से पहले RBI की आधिकारिक घोषणाओं और सूचनाओं की जांच करें। केंद्र सरकार से जुड़ी संदिग्ध खबरों की पुष्टि के लिए PIB फैक्ट चेक से भी संपर्क किया जा सकता है।
व्हाट्सऐप हेल्पलाइन: +91 8799711259
ईमेल: factcheck@pib.gov.in
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




