Home rss business hindi अडानी ग्रुप ने विदेश में बनाई नई कंपनी, क्या है इरादा, समझें

अडानी ग्रुप ने विदेश में बनाई नई कंपनी, क्या है इरादा, समझें

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • अडानी पोर्ट्स ने बताया कि ओमान में अपनी पूर्ण सब्सिडयरी कंपनी इंडियन ओशन गेटवे टर्मिनल का गठन किया है
  • अडानी पोर्ट्स ने कहा कि इस कदम से अलग-अलग देशों में कारोबार का विस्तार करने की उसकी रणनीति को मजबूती मिलेगी

गौतम अडानी ग्रुप की दिग्गज अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (एपीएसईजेड) ने विदेश में एक नई कंपनी बनाई है। अडानी पोर्ट्स ने बताया कि ओमान में अपनी पूर्ण सब्सिडयरी कंपनी इंडियन ओशन गेटवे टर्मिनल का गठन किया है। इस बीच, अडानी पोर्ट्स के शेयर गुरुवार को मामूली बढ़त के साथ बीएसई पर 1756.20 रुपये पर बंद हुए।

क्या कहा कंपनी ने?

अडानी पोर्ट्स ने कहा कि नई कंपनी की स्थापना स्थानीय स्तर पर अपनी विदेशी गतिविधियों का संचालन करने के लिए की गई है। अडानी पोर्ट्स के मुताबिक इस कदम से वैश्विक बाजारों में अपनी मौजूदगी बढ़ाने और अलग-अलग देशों में कारोबार का विस्तार करने की उसकी रणनीति को मजबूती मिलेगी। कंपनी ने बताया कि इंडियन ओशन गेटवे टर्मिनल का गठन पांच लाख ओमानी रियाल शेयर पूंजी के साथ की गई है। बता दें कि अडानी पोर्ट्स की ही एक सब्सिडयरी अडानी इंटरनेशनल पोर्ट्स होल्डिंग्स पीटीई लिमिटेड के पास नई कंपनी की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

इस महीने की शुरुआत में, अडानी पोर्ट्स ने एक और इकाई, ‘पारादीप महानदी टर्मिनल लिमिटेड’ के गठन की भी घोषणा की थी। ओडिशा की इस कंपनी को पारादीप बंदरगाह पर दो ‘ड्राई बल्क बर्थ’ विकसित करने और उनका संचालन करने के लिए स्थापित किया गया था।

अडानी टोटल गैस के मुनाफे में उछाल

इस बीच, अडानी ग्रुप की कंपनी अडानी टोटल गैस लिमिटेड (एटीजीएल) ने सितंबर तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 3 प्रतिशत बढ़कर 167 करोड़ रुपये रहा। सीएनजी और पाइप के जरिये प्राकृतिक गैस (पीएनजी) की बिक्री बढ़ने से गैस की लागत में तेज बढ़ोतरी का प्रभाव सीमित करने में मदद मिली। वहीं, जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में कंपनी का परिचालन राजस्व 34 प्रतिशत बढ़कर 2,102 करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान सीएनजी की बिक्री मात्रा 17 प्रतिशत और पीएनजी की बिक्री तीन प्रतिशत बढ़ी। हालांकि, तिमाही में प्राकृतिक गैस की लागत 43 प्रतिशत बढ़ गई। कंपनी ने इसकी वजह कच्चे तेल से जुड़ी ऊंची कीमतों, घरेलू गैस के लिए साझा मूल्य व्यवस्था के तहत मिलने वाले समर्थन की वापसी और पश्चिम एशिया में लंबे समय से जारी संकट को बताया।

कंपनी के अनुसार, सितंबर तिमाही में कुल गैस बिक्री मात्रा 12 प्रतिशत बढ़कर 31.5 करोड़ मानक घन मीटर रही। इसमें सीएनजी की बिक्री मात्रा 17 प्रतिशत बढ़कर 22.3 करोड़ मानक घन मीटर और पीएनजी की बिक्री तीन प्रतिशत बढ़कर 9.2 करोड़ मानक घन मीटर रही। तिमाही में कंपनी के सीएनजी स्टेशन की संख्या 16 बढ़कर 723 हो गई।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN