Source :- LIVE HINDUSTAN
क्या आप भी रोजाना सिर्फ 100 रुपये बचाकर सेव करना चाहते हैं। छोटा-छोटा पैसा जमा करने के लिए आपको बैंक जाने की जरूरत नहीं है। अब ये काम घर बैठे मोबाइल पर किया जा सकता है। डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म फोनपे ने अपने ऐप पर फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) बुकिंग और डेली रेकरिंग डिपॉजिट (Daily RD) की नई सुविधा शुरू की है। इसके तहत यूजर सिर्फ 100 रुपये रोजाना से निवेश शुरू कर सकते हैं और पूरा प्रोसेस घर बैठे ऑनलाइन पूरा किया जा सकता है।
100 रुपये से शुरू कर सकते हैं योजना
अगर आप सुरक्षित निवेश करना चाहते हैं और छोटी-छोटी बचत की आदत डालना चाहते हैं, तो फोनपे आपके लिए नया विकल्प लेकर आया है। डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म फोनपे ने अपने ऐप पर फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) बुकिंग की सुविधा शुरू कर दी है। इसके साथ ही कंपनी ने शिवालिक स्मॉल फाइनेंस बैंक के साथ मिलकर डेली रेकरिंग डिपॉजिट (Daily RD) भी लॉन्च किया है, जिसमें रोजाना सिर्फ 100 रुपये से निवेश शुरू किया जा सकता है।
कैसे शुरू कर सकते हैं एफडी
अब यूजर्स फोनपे ऐप पर अलग-अलग पार्टनर बैंकों और एनबीएफसी की एफडी योजनाओं की तुलना कर सकते हैं। वे ब्याज दर, पीरियड और अन्य सुविधाओं को देखकर अपनी पसंद की एफडी चुन सकते हैं। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और पेपरलेस होगी। पैन और आधार के जरिए डिजिटल वैरिफिकेशन के बाद यूपीआई या नेट बैंकिंग से निवेश किया जा सकेगा।
कंपनी के मुताबिक पार्टनर बैंकों में कराई गई एफडी पर डीआईसीजीसी (DICGC) के नियमों के तहत 5 लाख रुपये तक का बीमा कवर भी मिलेगा। साथ ही यूजर्स एक ही प्लेटफॉर्म से अलग-अलग बैंकों की एफडी को आसानी से मैनेज कर सकेंगे।
अपने आप कट जाएगा पैसा
फोनपे ने डेली आरडी भी शुरू की है, जो नियमित बचत की आदत विकसित करने के लिए बनाई गई है। इसमें यूजर रोजाना 100 रुपये से 1,000 रुपये तक निवेश कर सकते हैं। निवेश की रकम यूपीआई ऑटोपे के जरिए अपने आप कट जाएगी, जिससे हर दिन मैन्युअली पेमेंट करने की जरूरत नहीं होगी। इस स्कीम की खास बात यह है कि जरूरत पड़ने पर सिर्फ 7 दिन बाद भी पैसे निकाले जा सकते हैं। अगर किसी दिन निवेश छूट जाता है, तो भी 15 दिन की ग्रेस पीरियड मिलेगी और कोई जुर्माना नहीं लगेगा। यूजर चाहें तो किसी भी समय यूपीआई ऑटोपे मंडेट बंद भी कर सकते हैं।
एफडी और डेली आरडी दोनों ऑप्शन फोनपे ऐप के म्यूचुअल फंड और डिपॉजिट सेक्शन में उपलब्ध हैं। यहां बैंक या एनबीएफसी चुनने, निवेश अमाउंट और पीरियड तय करने के बाद कुछ ही मिनटों में निवेश पूरा किया जा सकता है।
फोनपे के वाइस प्रेसिडेंट और हेड ऑफ पेमेंट्स दीप अग्रवाल का कहना है कि कंपनी का मकसद एफडी जैसे सेफ निवेश विकल्पों को पूरी तरह डिजिटल बनाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना है। ऐसे में अब घर बैठे मोबाइल से सेफ निवेश और रोजाना छोटी बचत करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



