Source :- LIVE HINDUSTAN
इससे पहले मंगलवार को दोनों देशों ने मंदिर के संरक्षण और जीर्णोद्धार को लेकर एक लेटर ऑफ इंटेंट साझा किया था। मंदिर का इतिहास हजार साल से भी ज्यादा पुराना है। पीएम मोदी खुद आज यहां पहुंचे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन दिवसीय इंडोनेशिया दौरे के आखिरी दिन यहां स्थित एक ऐतिहासिक हिंदू मंदिर पहुंचे। पीएम मोदी ने यहां योग्याकार्ता स्थित 1000 साल पुराने प्रम्बानन मंदिर का दौरा किया है और कुछ अद्भुत झलकियां दिखाई है। अपने सोशल मिडिया प्लेटफॉर्म पेज पर पीएम ने मंदिर परिसर की कुछ तस्वीरें साझा की हैं। बता दें कि भारत अब इस मंदिर को नया जीवन देने जा रहा है। दोनों देशों के बीच मंदिर के पुनर्निमाण और जीर्णोद्धार को लेकर सहमति बनी है।
पीएम यहां इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ पहुंचे थे। उन्होंने विमान से मंदिर के भव्य परिसर का एक वीडियो शेयर किया। इसके बाद यहां पहुंचकर पीएम मोदी और प्रबोवो ने यूनेस्को की विश्व धरोहर की सूची में शामिल प्रम्बानन मंदिर के संरक्षण और पुनर्स्थापन परियोजना का शुभारंभ किया। इसे भारत और इंडोनेशिया के बीच सांस्कृतिक सहयोग का एक अहम पड़ाव माना जा रहा है।
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने मंदिर में पूजा-अर्चना की और परियोजना से जुड़े अधिकारियों से बातचीत भी की। इस दौरान दोनों देशों के राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए बड़ी संख्या में लोगों ने दोनों नेताओं का स्वागत किया। वहीं पीएम ने एक अन्य पोस्ट में प्रम्बानन मंदिर में मंत्रोचारण का वीडियो भी शेयर किया। उन्होंने लिखा, “इंडोनेशिया के प्रम्बानन मंदिर में ॐ नमः शिवाय।”
प्रम्बानन मंदिर का दिलचस्प इतिहास
इस मंदिर को 9वीं शताब्दी में बनवाया गया था और यह इंडोनेशिया का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर परिसर है। मुख्य रूप से यह मंदिर भगवान शिव को समर्पित है। इसके भव्य शिखर शिव, विष्णु और ब्रह्मा की झलकियां नजर आती हैं। वहीं पूरे परिसर में बनी जटिल पत्थरों की नक्काशी में रामायण के दृश्यों को उकेरा गया है। परिसर के केंद्र में 47 मीटर ऊंचा राजसी शिव मंदिर है। यह प्रम्बानन की सबसे ऊंची संरचना है और प्राचीन हिंदू वास्तुकला का बेजोड़ नमूना है। इसे दुनिया में किसी भी देश में स्थित सबसे बड़े हिंदू मंदिरों में से एक माना जाता है। मूल रूप से इस पूरे परिसर में सैकड़ों छोटे-बड़े मंदिर शामिल थे, जो समय के साथ आए भूकंपों और ज्वालामुखी विस्फोटों के कारण क्षतिग्रस्त हो गए।
PM मोदी ने किया था जिक्र
अब भारत इस मंदिर का जीर्णोद्धार कराएगा। इससे पहले दोनों देशों ने एक लेटर ऑफ इंटेंट पर सहमति जताई थी। पीएम मोदी ने भी मंगलवार को यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत और इंडोनेशिया की साझा संस्कृति पर जोर दिया था। पीएम मोदी ने कहा कि महानदी में केले के तने से बनी छोटी-छोटी नावों को प्रवाहित करने की परंपरा हो, ‘वायंग कुलित’ के माध्यम से महाभारत का मंचन हो या देवी श्री की पूजा, हर परंपरा भारत और इंडोनेशिया के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों की जीवंत झलक पेश करती है।
उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया में बॉलीवुड की प्रसिद्ध फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ का गीत बेहद लोकप्रिय है। प्रधानमंत्री ने कहा, ”मैंने राष्ट्रपति प्रबोवो से कहा कि जब भारत और इंडोनेशिया साथ मिलकर आगे बढ़ते हैं, तो बहुत कुछ होता है…।” पीएम मोदी ने यह भी कहा कि इंडोनेशिया द्वारा उन्हें सर्वोच्च सम्मान से नवाजा जाना दोनों देशों के बीच गहरी मित्रता का एक और प्रतीक है। पीएम मोदी ने आगे प्रवासी भारतीय समुदाय से अपील की कि वे अपने इंडोनेशियाई मित्रों को भारत के बारे में बताएं और उन्हें भारत यात्रा के लिए प्रोत्साहित करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




