Home rss world hindi इकोनॉमिक्स के नोबेल पुरस्कार 2026 का ऐलान, अमेरिका के 2 अर्थशास्त्रियों का...

इकोनॉमिक्स के नोबेल पुरस्कार 2026 का ऐलान, अमेरिका के 2 अर्थशास्त्रियों का नाम

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

दोनों अर्थशास्त्रियों को आर्थिक स्थिरता बनाए रखने के लिए खास आधार तैयार करने पर चुना गया है। पुरस्कार की घोषणा करते हुए अकादमी ने कहा कि उनके शोध ने अर्थव्यवस्था में तेजी और मंदी के उतार-चढ़ाव को कम करने में मदद की। 

अर्थशास्त्री रॉबर्ट ई. हॉल और माइकल वुडफोर्ड को इकोनॉमिक्स के नोबेल पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया। दोनों को यह पुरस्कार ऐसे आर्थिक मॉडल विकसित करने में उनके योगदान के लिए दिया गया है, जिनसे सरकारों और केंद्रीय बैंकों को आर्थिक संकट व बाजार में होने वाले उतार-चढ़ाव से निपटने में मदद मिलती है। स्वीडन की रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने स्टॉकहोम में पुरस्कार विजेताओं के नाम की घोषणा की। दोनों अर्थशास्त्रियों को आर्थिक स्थिरता बनाए रखने के लिए खास आधार तैयार करने के काम के लिए चुना गया है। पुरस्कार की घोषणा करते हुए अकादमी ने कहा कि उनके शोध ने अर्थव्यवस्था में तेजी और मंदी के उतार-चढ़ाव को कम करने में मदद की है।

रॉबर्ट हॉल कैलिफोर्निया की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से जुड़े हैं, जबकि माइकल वुडफोर्ड न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में हैं। पुरस्कार की घोषणा के बाद वुडफोर्ड ने न्यूयॉर्क से फोन पर समिति से बात की। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बहुत बड़ा सम्मान है और उन्हें इसकी उम्मीद नहीं थी। आर्थिक विज्ञान पुरस्कार समिति के अध्यक्ष जॉन हासलर ने कहा कि दोनों अर्थशास्त्रियों के काम ने ऐसे मॉडलों के लिए मजबूत सैद्धांतिक आधार तैयार किया है, जिनका इस्तेमाल अब दुनिया भर की सरकारें और केंद्रीय बैंक करते हैं। इन मॉडलों से अर्थव्यवस्था में अचानक आने वाले बदलावों को समझने और उनसे निपटने की क्षमता बेहतर हुई है। इनमें ऊर्जा संकट या घरेलू खर्च में अचानक होने वाले बदलाव जैसी स्थितियां शामिल हैं।

इन वैज्ञानिकों की रिसर्च को समझिए

अकादमी के मुताबिक, दोनों अर्थशास्त्रियों की रिसर्च से नीति बनाने वालों को यह समझने में मदद मिलती है कि आर्थिक झटकों का असर किस तरह कम किया जा सकता है। ऊर्जा की कीमतों में अचानक बढ़ोतरी या लोगों के खर्च करने के तरीके में बदलाव से अर्थव्यवस्था पर दबाव पड़ सकता है। ऐसे समय में केंद्रीय बैंक और सरकारें इन मॉडलों की मदद से आर्थिक स्थिरता बनाए रखने के लिए बेहतर फैसले ले सकती हैं। पिछले साल यह पुरस्कार कारोबार में नए विचारों और नवाचार पर शोध करने वाले तीन अर्थशास्त्रियों को दिया गया था। उनके काम ने बताया था कि नए उत्पाद और आविष्कार किस तरह आर्थिक विकास और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाते हैं, हालांकि इससे कई पुराने कारोबार पीछे छूट जाते हैं।

नोबेल पुरस्कार के बारे में जानिए

अर्थशास्त्र के इस पुरस्कार का आधिकारिक नाम अल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में अर्थशास्त्र का स्वेरिजेस रिक्सबैंक पुरस्कार है। स्वीडन के केंद्रीय बैंक ने 1968 में इसकी शुरुआत की थी। अल्फ्रेड नोबेल 19वीं सदी के स्वीडिश कारोबारी और रसायनशास्त्री थे, जिन्होंने डायनामाइट का आविष्कार किया था और 5 नोबेल पुरस्कारों की स्थापना की थी। तकनीकी रूप से अर्थशास्त्र का यह पुरस्कार नोबेल की मूल पांच पुरस्कार श्रेणियों में शामिल नहीं है, लेकिन इसे भी हर साल 10 दिसंबर को अन्य नोबेल पुरस्कारों के साथ दिया जाता है। यह तारीख 1896 में अल्फ्रेड नोबेल की मृत्यु की वर्षगांठ है। इस साल पुरस्कार राशि 1.2 करोड़ स्वीडिश क्रोना (लगभग 11.58 करोड़ रुपये) है। पिछले सप्ताह चिकित्सा, भौतिकी, रसायन विज्ञान, साहित्य और शांति के नोबेल पुरस्कारों की घोषणा की गई थी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN