Home rss entertainment hindi मनोरंजन समाचार इनकम टैक्स के रडार पर अभिनेत्री रकुलप्रीत सिंह, 12 ठिकानों पर रेड;...

इनकम टैक्स के रडार पर अभिनेत्री रकुलप्रीत सिंह, 12 ठिकानों पर रेड; क्या मामला

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/09/28/1200x900/rps_1790580768893_FThY_1790580772748_ff0o_95284bd5-f625-4a5c-a81c-377ff4f80896_izxm.png

आज इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने ‘रामायण’ एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह और वाशु भगनानी सहित 12 ठिकानों पर रेड मारी है।

बॉलीवुड से जुड़े कई लोगों और फिल्म कंपनियों पर इनकम टैक्स विभाग की कार्रवाई की खबर सामने आई है। आयकर विभाग की मुंबई टीम ने फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े करीब 12 ठिकानों पर एक साथ तलाशी शुरू की है। बताया जा रहा है कि इन ठिकानों का संबंध अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह, फिल्म निर्माता वासु भगनानी और पैनोरमा स्टूडियोज से है। विभाग की टीमें इन परिसरों में दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़ी जानकारी खंगाल रही हैं।

क्या है पूरा मामला?

आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक, यह कार्रवाई फिल्मों से जुड़े प्रोजेक्ट्स के लिए विदेश भेजी गई कथित रकम की जांच के सिलसिले में की जा रही है। आयकर विभाग को कथित तौर पर फिल्मों की शूटिंग, ओवरसीज डिस्ट्रीब्यूशन और प्रोडक्शन से जुड़े लेनदेन में विदेशों में रकम भेजे जाने को लेकर कुछ इनपुट मिले थे। इसी आधार पर मुंबई में अलग-अलग टीमों ने कई ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है।

किन लोगों और कंपनियों से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई?

इस तलाशी अभियान के दायरे में अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह, फिल्म निर्माता वासु भगनानी और पैनोरमा स्टूडियोज से जुड़े ठिकानों के नाम सामने आ रहे हैं। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि इन सभी लोगों के खिलाफ कोई आरोप तय किया गया है या नहीं। तलाशी के दौरान विभाग की टीम वित्तीय दस्तावेजों और लेनदेन से जुड़ी जानकारी की जांच कर रही है।

विदेश भेजी गई रकम की जांच

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इनकम टैक्स विभाग की जांच का एक अहम हिस्सा फिल्मों से जुड़े प्रोजेक्ट्स के नाम पर विदेश भेजी गई कथित रकम है। विभाग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि विदेशों में किए गए इन वित्तीय लेनदेन का फिल्मों और प्रोडक्शन से किस तरह संबंध है। साथ ही, यह भी देखा जा रहा है कि इन लेनदेन में टैक्स से जुड़े नियमों का पालन हुआ या नहीं।

फिलहाल जांच जारी है और आयकर विभाग की ओर से इस पूरे सर्च ऑपरेशन को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इसलिए कार्रवाई के पीछे की वजह और जांच में सामने आए तथ्यों को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

रकुल प्रीत सिंह का फिल्मी करियर

रकुल प्रीत सिंह ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत साउथ सिनेमा से की थी। इसके बाद उन्होंने हिंदी फिल्मों में भी अपनी पहचान बनाई। वह ‘दे दे प्यार दे’, ‘पति पत्नी और वो’, ‘डॉक्टर जी’ समेत कई फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। रकुल हिंदी के साथ-साथ साउथ की फिल्मों में भी काम करती रही हैं। वह रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘रामायण’ का भी हिस्सा हैं।

वासु भगनानी और पैनोरमा स्टूडियोज

वासु भगनानी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने निर्माता हैं और पूजा एंटरटेनमेंट के बैनर के तहत कई फिल्मों का निर्माण कर चुके हैं। वहीं, पैनोरमा स्टूडियोज फिल्म प्रोडक्शन और डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़ी प्रमुख कंपनियों में शामिल है। कंपनी ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी समेत कई चर्चित फिल्मों से जुड़ी रही है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN