Source :- LIVE HINDUSTAN

JBM Auto ने मई 2026 में भारत के इलेक्ट्रिक बस बाजार में 49% मार्केट शेयर हासिल कर अपनी मजबूत स्थिति साबित की है। कंपनी ने मई 2026 के दौरान 157 इलेक्ट्रिक बसों की सेल हासिल की है। इस उपलब्धि के बाद कंपनी के शेयरों में 6% तक की तेजी देखने को मिली। 

भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का बाजार तेजी से बढ़ रहा है और इस दौड़ में JBM ऑटो ने एक बार फिर अपनी मजबूत पकड़ साबित कर दी है। कंपनी के शेयर 4 जून को 6% से अधिक उछल गए, जब उसने घोषणा की कि मई 2026 में इलेक्ट्रिक बस (E-Bus) सेगमेंट में उसकी बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 49% तक पहुंच गई है, यानी देश में रजिस्टर्ड होने वाली लगभग हर दूसरी इलेक्ट्रिक बस JBM Auto की रही। इस उपलब्धि ने कंपनी को भारत के इलेक्ट्रिक बस मार्केट की बादशाहत दिला दी है।

मई 2026 में 157 ई-बसों का रजिस्ट्रेशन

कंपनी द्वारा शेयर बाजार को दी गई जानकारी के अनुसार, मई 2026 में JBM Auto ने 157 इलेक्ट्रिक बसों का रजिस्ट्रेशन दर्ज किया, जो उद्योग में सबसे ज्यादा रहा। यह आंकड़ा सरकार के Vahan पोर्टल के डेटा पर आधारित है। खास बात यह है कि मई से तेलंगाना राज्य के वाहन पंजीकरण डेटा को भी Vahan पोर्टल में शामिल किया गया है, जिससे राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन की और अधिक सटीक तस्वीर सामने आई है। इसके बाद भी JBM Auto ने अपनी नंबर-1 स्थिति बरकरार रखी है।

कंपनी ने क्या कहा?

कंपनी का कहना है कि उसने वित्त वर्ष 2025-26 में भी सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक बस रजिस्ट्रेशन दर्ज किए थे और अब मई के आंकड़े उसके नेतृत्व को और मजबूत करते हैं। JBM Auto के वाइस चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर निशांत आर्या ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य केवल प्रदूषण कम करना नहीं है, बल्कि सार्वजनिक परिवहन को अधिक स्मार्ट, सुरक्षित और सुलभ बनाना भी है। उन्होंने कहा कि कंपनी सस्टेनेबिलिटी मोबिलिटी (Sustainable Mobility) के वैश्विक मानकों के अनुरूप काम कर रही है और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।

शेयरों में तेजी का बड़ा कारण

JBM ऑटो के शेयरों में हाल की तेजी का एक और बड़ा कारण केंद्र सरकार की नई स्क्रैपेज और व्हीकल रिप्लेसमेंट योजना भी है। हाल ही में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दिल्ली-NCR में पुराने ट्रकों और बसों को हटाकर नए BS-VI या इलेक्ट्रिक वाहनों से बदलने की योजना को मंजूरी दी है। इस कदम से इलेक्ट्रिक बसों की डिमांड में बढ़ोतरी की उम्मीद है, जिसका सीधा फायदा JBM ऑटो जैसी कंपनियों को मिल सकता है।

शेयर बाजार में कंपनी का प्रदर्शन

शेयर बाजार में भी कंपनी का प्रदर्शन निवेशकों का ध्यान खींच रहा है। तकनीकी विश्लेषकों के अनुसार, JBM Auto का शेयर ₹680-690 के महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस स्तर को मजबूत वॉल्यूम के साथ पार कर चुका है। शेयर अपने 20, 50, 100 और 200 दिनों के एक्सपोनेंशियल मूविंग एवरेज (EMA) से ऊपर कारोबार कर रहा है, जो मजबूत तेजी का संकेत देता है। एक्सपर्ट का मानना है कि अगर यह तेजी बनी रहती है, तो शेयर आने वाले दिनों में ₹740 से ₹760 के स्तर तक पहुंच सकता है।

आज का शेयर परफॉर्मेंस

JBM ऑटो लिमिटेड के शेयरों में गुरुवार को सकारात्मक कारोबार देखने को मिला। स्टॉक 0315pm पर 3.12% की बढ़त के साथ ₹690.15 पर कारोबार कर रहा था। दिनभर में शेयर ने ₹20.90 की मजबूती दर्ज की, जिससे निवेशकों का उत्साह बढ़ा। यह तेजी कंपनी द्वारा मई 2026 में इलेक्ट्रिक बस (E-Bus) सेगमेंट में 49% मार्केट शेयर हासिल करने की घोषणा के बाद आई। अगर शेयर ₹680 के ऊपर बना रहता है, तो इसमें आगे भी सकारात्मक रुख देखने को मिल सकता है।

इलेक्ट्रिक बसों की बढ़ती डिमांड, सरकारी समर्थन, मजबूत ऑर्डर बुक और बाजार में बढ़ती हिस्सेदारी JBM ऑटो को ई-मोबिलिटी सेक्टर की सबसे मजबूत कंपनियों में से एक बना रही है। यही वजह है कि कंपनी के शेयरों में लगातार निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ती नजर आ रही है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN