Home Latest news ताज़ा खबर ईरान ने बहरीन में तबाह कर दिया अमेरिकी रडार! अमेरिका को दी...

ईरान ने बहरीन में तबाह कर दिया अमेरिकी रडार! अमेरिका को दी और बड़े हमले की चेतावनी

6
0

Source :- INDIATV NEWS

Highlights

  • बहरीन में अमेरिकी रडार तबाह करने का ईरान का दावा, कहा- दोबारा हमला हुआ तो होगा और बड़ा पलटवार।
  • अमेरिका की मदद करने वाले देशों को ईरान की चेतावनी, सैन्य सहयोग किया तो भुगतने होंगे गंभीर परिणाम।
  • ईरान ने अमेरिका के सहयोगियों को चेताया, कहा- सारस के पीछे उड़ने वाली गौरैया के पैर टूटते हैं।

तेहरान: ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी कि IRGC ने दावा किया है कि उसने बहरीन में अमेरिका के अर्ली वॉर्निंग रडार सिस्टम को नष्ट कर दिया है। IRGC ने इसे अमेरिका के लिए एक गंभीर चेतावनी बताया है। साथ ही धमकी दी है कि अगर अमेरिका ने दोबारा ईरान के खिलाफ हमले किए या उसकी सीमाओं का उल्लंघन किया तो पहले से भी ज्यादा कड़ा जवाब दिया जाएगा।

अमेरिकी हमले के एक घंटे के भीतर रडार तबाह!

फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, IRGC ने कहा कि उसकी एयरोस्पेस फोर्स ने ईरान के सिरिक इलाके में एक टेलीकम्युनिकेशन टावर पर कथित अमेरिकी हवाई हमले के जवाब में यह कार्रवाई की। संगठन का दावा है कि अमेरिकी हमले के करीब एक घंटे बाद उसके जवानों ने बहरीन द्वीप पर मौजूद अमेरिकी सेना के अर्ली वॉर्निंग रडार को निशाना बनाया और उसे नष्ट कर दिया। IRGC ने अपने बयान में कहा कि रडार को तबाह करने का मकसद अमेरिका को उसकी हवाई गतिविधियां रोकने की चेतावनी देना था। इसके साथ ही उसने अमेरिका पर रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल की तस्करी करने का आरोप भी लगाया।

दोबारा गलती की तो बिना किसी सीमा के देंगे जवाब

IRGC ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा,

‘बहरीन में अमेरिकी रडार को नष्ट करना हमलावर दुश्मन के लिए एक गंभीर चेतावनी थी। इसका मकसद उसकी हवाई उकसावे वाली गतिविधियों और होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल की तस्करी को रोकना है। अगर दुश्मन दोबारा हमारी सीमाओं का उल्लंघन करता है और आक्रामक कार्रवाई करता है तो IRGC की एयरोस्पेस फोर्स बिना किसी सीमा के जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।’

ईरान ने दूसरे देशों को भी दी चेतावनी

इस बीच ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगई ने भी दूसरे देशों को अमेरिका की मदद करने के खिलाफ चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर कोई देश ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियान में सीधे या परोक्ष रूप से मदद करता है तो उसे ईरान के खिलाफ आक्रामक कार्रवाई में शामिल माना जाएगा। बगई ने X पर संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून का हवाला देते हुए देशों को आगाह किया। उन्होंने एक कोरियाई कहावत का जिक्र करते हुए लिखा,

‘जो गौरैया सारस के पीछे उड़ने की कोशिश करती है, आखिरकार उसके पैर टूट जाते हैं।’

इस कहावत के जरिए उन्होंने अमेरिका के साथ मिलकर ईरान के खिलाफ खड़े होने वाले देशों को परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। (ANI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: ट्रंप ने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को घरेलू मुद्दों पर ध्यान देने को कहा, बोले- ईरान के साथ समझौते की जरूरत नहीं

SOURCE : INDIATV NEWS