Source :- LIVE HINDUSTAN
अगर आप भी Cockroach Janta Party (CJP) जॉइन करने का सोच रहे हैं, तो थोड़ा सोच-समझकर काम कीजिएगा। ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं वॉट्सऐप पर कोकरोच पार्टी जॉइन करने के फर्जी लिंक धड़ल्ले से वायरल हो रहे हैं, जिनपर क्लिक करते ही अकाउंट साफ हो सकता है।
Cockroach Janta Party (CJP) इस समय सुर्खियों में है। जैसे ही कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने देशभर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष रूप से युवाओं के बीच लोकप्रियता हासिल की है, साइबर अपराधी भी मौके का फायदा उठाने के लिए एक्टिव हो गए हैं। अब धोखेबाज लोग कोकरोच पार्टी जॉइन करने के नाम से मलिशियस लिंक भेज रहे हैं। अगर आपके पास भी ऐसा कोई लिंक आता है, तो गलती से भी क्लिक मत कीजिए, वरना आपका अकाउंट खाली हो सकता है। चलिए डिटेल में बताते हैं क्या है पूरा मामला, कैसे इस स्कैम को अंजाम दिया जा रहा है और आपको क्या सावधानी रखनी चाहिए…
हाल ही में लुधियाना पुलिस ने इस स्कैम को बारे में लोगों को अलर्ट करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि जालसाजों द्वारा पूरे लुधियाना भर में मोबाइल फोन पर संदिग्ध और वायरस-इंफेक्टेड फिशिंग लिंक भेजे जा रहे हैं। पंजाब पुलिस नागरिकों को इस तरह की धोखाधड़ी का शिकार होने से सावधान कर रही है। लेकिन यह स्कैम सिर्फ किसी एक राज्य तक सीमित नहीं है, यह आपके साथ भी हो सकता है।
वॉट्सऐप मैसेज में क्या लिखा है?
सूत्रों के मुताबिक, साइबर अपराधी युवाओं को वॉट्सऐप मैसेज भेजकर “कॉकरोच जनता पार्टी” में शामिल होने का न्योता दे रहे हैं। इन मैसेज में एक लिंक के साथ-साथ ऐसे बयान भी होते हैं जैसे: “देश सिस्टम में बदलाव की मांग कर रहा है, अब समय आ गया है” और “युवाओं के लिए बड़े मौके”।
लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट द्वारा जारी एक एडवाइजरी में कहा गया है कि जब से कॉकरोच जनता पार्टी ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपना सदस्यता अभियान शुरू किया है, जालसाज इसके नाम के तहत फिशिंग लिंक प्रसारित कर रहे हैं। “आजकल, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ में शामिल होने के लिए लिंक वॉट्सऐप पर प्रसारित हो रहे हैं। यह कोई मजाक नहीं है, बल्कि आपके फोन को हैक करने और आपके पैसे चुराने की एक गंभीर साजिश है। ऐसे फर्जी लिंक पर क्लिक करने की गलती न करें। सतर्क और सावधान रहें।”
एक क्लिक से हैक हो सकता है फोन
जागरूकता बढ़ाने के लिए, लुधियाना पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर 42 सेकंड का एक वीडियो भी जारी किया है जिसमें अधिकारी अमरिंदर सिंह बताते हैं कि कैसे एक छोटी सी गलती से भारी वित्तीय नुकसान हो सकता है। वीडियो स्पष्ट करता है कि वॉट्सऐप लिंक एक फिशिंग स्कैम है। एक बार जब कोई यूजर जिज्ञासा या भावना के कारण इस पर क्लिक करता है, तो उसका मोबाइल फोन तुरंत हैक किया जा सकता है।
एक बार जब फोन से छेड़छाड़ हो जाती है, तो धोखेबाज बैंकिंग डिटेल, पासवर्ड और पर्सनल डेटा जैसी चीजों को आसानी से एक्सेस कर सकते हैं। इस जानकारी का उपयोग करके, साइबर ठग न केवल बैंक अकाउंट से पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं, बल्कि पीड़ित के नाम पर लाखों का लोन भी ले सकते हैं।
सेफ करने के लिए मत करना यह गलती
लुधियाना के पुलिस आयुक्त स्वपन शर्मा ने लोगों को किसी भी अननोन लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी और चेतावनी दी कि इस तरह की चीजें कुछ ही मिनटों में आपके जीवनभर की कमाई खत्म कर सकती हैं। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया ट्रेंड से प्रभावित न होने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अगर कोई साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है, तो उन्हें घबराना नहीं चाहिए और तुरंत 1930 पर साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करना चाहिए। तुरंत रिपोर्ट करने से चोरी हुई पैसों की वसूली की संभावना बढ़ जाती है।
किन लोगों को सबसे ज्यादा खतरा
धोखेबाज खासतौर से ऐसे लोगों को निशाना बना रहे हैं, जो सोशल मीडिया पर एक्टिव रहते हैं और राजनीतिक या सामाजिक मुद्दों में रुचि रखते हैं। जैसे कि युवा, स्टूडेंट्स, पॉलिटिकली एक्टिव लोग, सोशल मीडिया यूजर्स, सीनियर सिटिजंस, जिन्हें बदलाव के अभियान से जुड़ने में रुचि है और जो लोगो ज्यादा टेक फ्रेंडली या डिजिटली अवेयर नहीं हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







