Home LIFESTYLE NEWS HINDI करवा चौथ के लिए 10 मिनट में करें मेकअप, मिनटों में पाएं...

करवा चौथ के लिए 10 मिनट में करें मेकअप, मिनटों में पाएं फ्लॉलेस लुक, जानें स्टेप बाय स्टेप

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

करवा चौथ का दिन हर सुहागिन महिला के लिए बेहद खास होता है और हर पत्नी इस खास पर्व पर सजती-संवरती है। अगर आपके पास पार्लर जाने का समय नहीं है या फिर बजट का इश्यू है तो सिर्फ 10 मिनट के अंदर खुद ही मेकअप कर सकती हैं। चलिए आपको आसान स्टेप्स बताते हैं। 

करवा चौथ का पर्व हर सुहागिन महिला के लिए बेहद खास होता है। इस दिन महिलाएं अपनी शादी का जोड़ा या हैवी लाल साड़ी पहनकर तैयार होती हैं और पार्लर जाकर सजती-संवरती हैं। करवा चौथ के लिए लेडीज पार्लर में पहले से ही बुकिंग कर लेती हैं और फिर जाकर मेकअप कराती हैं। हालांकि, पार्लर जाकर रेडी होने का समय या बजट हर किसी के पास नहीं होता। अगर आप पार्लर जाकर मेकअप नहीं करवाना चाहती हैं या फिर आपके पास बजट-टाइम का इश्यू है, तो सिर्फ 10 मिनट में खुद ही मेकअप कर सकती हैं। हम आपको मेकअप करने के कुछ आसान स्टेप्स बताएंगे, जिससे आपको फिनिश लुक मिलेगा। अगर आपका मेकअप का ए,बी,सी,डी नहीं आता है, तब भी आप आसानी से कर लेंगी।

10 मिनट में मेकअप करने के स्टेप बाय स्टेप-

1. चेहरे को करें क्लीन और मॉइस्चराइज (1 मिनट)

मेकअप की शुरुआत साफ चेहरे से ही होती है। इसके लिए अपने चेहरे को फेस वॉश से साफ कर लें और फिर स्किन टाइप के अनुसार मॉइस्चराइजर लगाएं। इससे त्वचा मुलायम रहेगी और मेकअप चेहरे पर अच्छी तरह ब्लेंड होगा। अगर आप दिन में तैयार हो रही हैं, तो मॉइस्चराइजर के बाद सनस्क्रीन लगाना बिल्कुल न भूलें। इसके बाद मेकअप को त्वचा पर सेट होने के लिए छोड़ दें।

2. प्राइमर और फाउंडेशन लगाएं (2 मिनट)

चेहरे पर स्मूद बेस बनाने के लिए थोड़ा-सा प्राइमर लगाएं। इसके बाद अपनी स्किन टोन से मैच करता हुआ फाउंडेशन या बीबी क्रीम चेहरे पर लगाएं। इसे ब्यूटी ब्लेंडर या मेकअप ब्रश की मदद से अच्छी तरह ब्लेंड करें। ध्यान रखें कि फाउंडेशन की मोटी परत लगाने के बजाय हल्का बेस रखें, ताकि चेहरा नेचुरल और फ्लॉलेस नजर आए। अगर चेहरे पर दाग-धब्बे हैं, तो वहां थोड़ा कंसीलर लगाकर अच्छी तरह ब्लेंड कर सकती हैं। कंसीलर ना हो तो फाउंडेशन को दाग वाली एरिया पर हल्का सा ज्यादा लगाएं।

3. कॉम्पैक्ट पाउडर से बेस सेट करें (30 सेकंड)

फाउंडेशन लगाने के बाद चेहरे पर हल्का-सा कॉम्पैक्ट पाउडर लगाएं। इससे बेस सेट करने और एक्स्ट्रा ऑयल को कम करने में मदद मिलती है। खासकर माथे, नाक और ठुड्डी पर पाउडर लगाएं, जहां त्वचा ज्यादा ऑयली हो सकती है। इससे मेकअप ज्यादा साफ-सुथरा दिखाई देगा।

4. आंखों को दें खूबसूरत लुक (2 मिनट)

करवा चौथ के मेकअप में आंखों का लुक काफी अहम होता है। इसके लिए पलकों पर हल्का गोल्डन, ब्राउन या शैंपेन शेड का आईशैडो लगाएं। अगर आप साड़ी या लहंगे के साथ ट्रेडिशनल लुक चाहती हैं, तो गोल्डन शेड अच्छा ऑप्शन हो सकता है। इसके बाद पतला आईलाइनर लगाएं और पलकों पर मस्कारा लगाकर आंखों को अट्रैक्टिव बनाएं। अगर आप लगाती हों, तो काजल लगाकर आंखों को और आकर्षक बना सकती हैं। कम समय में तैयार होने के लिए आईशैडो के बहुत सारे शेड्स इस्तेमाल करने से बचें।

5. ब्लश और हाइलाइटर से चेहरे को दें ग्लो (1 मिनट)

चेहरे पर फ्रेश और ग्लोइंग लुक लाने के लिए गालों पर हल्का पिंक या पीच ब्लश लगाएं। इसे गालों पर अच्छी तरह ब्लेंड करें, ताकि रंग नेचुरल लगे। इसके बाद गालों की ऊपरी हड्डियों, नाक के ऊपरी हिस्से और ब्रो बोन पर थोड़ा-सा हाइलाइटर लगाएं। इससे चेहरे पर हल्की चमक आएगी और मेकअप फेस्टिव लुक के लिए बिल्कुल तैयार नजर आएगा।

6. लिपस्टिक से मेकअप को बनाएं खास (1 मिनट)

करवा चौथ के मेकअप में लिपस्टिक पूरे लुक को खास बना सकती है। अगर आपने लाल, मैरून या गुलाबी रंग की साड़ी पहनी है, तो उसके साथ मैच करती हुई लिपस्टिक चुन सकती हैं। ट्रेडिशनल लुक के लिए रेड, वाइन और मैरून शेड्स भी अच्छे लगते हैं, जबकि सॉफ्ट मेकअप के लिए न्यूड पिंक या पीच लिपस्टिक लगा सकती हैं। लिपस्टिक लगाने से पहले होंठों को लिप बाम से मॉइस्चराइज करें और फिर लिपस्टिक लगाएं। इससे लिपस्टिक लंबे समय तक टिकी रहेगी।

7. बिंदी और सेटिंग स्प्रे से दें फाइनल टच (1 मिनट 30 सेकंड)

मेकअप पूरा होने के बाद माथे पर अपने आउटफिट के अनुसार छोटी या बड़ी बिंदी लगाएं। करवा चौथ के ट्रेडिशनल लुक में बिंदी खूबसूरती बढ़ाने का काम करती है। इसके बाद चाहें तो हल्का मेकअप सेटिंग स्प्रे इस्तेमाल करें, ताकि मेकअप अपनी जगह पर बना रहे। आखिर में अपनी जूलरी पहनें और हेयरस्टाइल बनाएं। इस तरह आप कम समय में बिना पार्लर जाए करवा चौथ के लिए खूबसूरत और फिनिश्ड लुक पा सकती हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN