Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- अब तक के पैटर्न को देखें तो अगले 10 दिन में सरकार डीए बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है
- इसका असर ट्रांसपोर्ट अलाउंस यानी परिवहन भत्ते पर पड़ने वाला है
केंद्रीय कर्मचारियों को जुलाई 2026 के महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का बेसब्री से इंतजार है। अब तक के पैटर्न को देखें तो अगले 10 दिन में सरकार डीए बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है। डीए बढ़ने का असर सिर्फ मासिक वेतन पर ही नहीं बल्कि ट्रांसपोर्ट अलाउंस यानी परिवहन भत्ते पर भी पड़ता है। आइए समझते हैं कि इस बार ट्रांसपोर्ट अलाउंस में कितनी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
डीए में कितनी बढ़ोतरी की उम्मीद?
डीए में 3 से 4 प्रतिशत की संभावित बढ़ोतरी की उम्मीद है। अगर डीए 63 फीसदी होता है तो मौजूदा 60 फीसदी के मुकाबले इसमें 3 प्रतिशत की वृद्धि होगी। वहीं, 64 फीसदी होने पर यह बढ़ोतरी 4 प्रतिशत की होगी। बता दें कि डीए की गणना श्रम और रोजगार मंत्रालय द्वारा जारी ‘औद्योगिक श्रमिकों के लिए अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक’ (AICPI-IW) के आधार पर की जाती है।
AICPI-IW, महंगाई का मुख्य पैमाना है जिसका इस्तेमाल केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते की गणना करने में किया जाता है ताकि बढ़ती महंगाई के असर को कम किया जा सके। जुलाई 2026 में डीए में बदलाव के लिए जरूरी 12 महीनों के AICPI-IW आंकड़ों के आधार पर डीए में 3-4 प्रतिशत की बढ़ोतरी की उम्मीद है। इससे मौजूदा डीए 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 या 64 प्रतिशत हो जाएगा।
ट्रांसपोर्ट अलाउंस का क्या है गणित?
7वें वेतन आयोग के तहत ट्रांसपोर्ट अलाउंस कर्मचारियों के पे लेवल और तैनाती वाले शहर की श्रेणी पर निर्भर करता है। X श्रेणी के शहरों में भत्ता अधिक है जबकि Y और Z श्रेणी के शहरों में इसकी दर कम है। इस भत्ते की मूल राशि पर डीए भी जुड़ता है।
जब भी डीए बढ़ता है, ट्रांसपोर्ट अलाउंस भी उसी के अनुसार बढ़ता है। पात्र कर्मचारियों को डीए दर से जुड़ी अतिरिक्त राशि मिलती है, जो जनवरी 2026 में 60 प्रतिशत तक पहुंच गई थी। यहां केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए उनकी पोस्टिंग वाले शहर के आधार पर मौजूदा बेस ट्रांसपोर्ट अलाउंस दरें दी गई हैं।
उदाहरण से समझें
वेतन लेवल 9 और उससे ऊपर के कर्मचारियों को X श्रेणी के शहरों में 7,200 रुपये और अन्य निर्धारित शहरों में 3,600 रुपये का मूल ट्रांसपोर्ट अलाउंस मिलता है। मौजूदा 60 फीसदी डीए के हिसाब से X शहरों में इस भत्ते पर 4,320 रुपये और अन्य शहरों में 2,160 रुपये अतिरिक्त मिलते हैं। अगर डीए बढ़कर 63 फीसदी हो जाता है, तो X शहरों में डीए से जुड़ा अतिरिक्त ट्रांसपोर्ट अलाउंस 4,536 रुपये और अन्य शहरों में 2,268 रुपये होगा। यानी मौजूदा दर के मुकाबले क्रमशः 216 रुपये और 108 रुपये प्रति माह की बढ़ोतरी होगी। वहीं, डीए 64 फीसदी होने पर X शहरों में अतिरिक्त राशि 4,608 रुपये और अन्य शहरों में 2,304 रुपये हो जाएगी। इससे हर महीने क्रमशः 288 रुपये और 144 रुपये का फायदा होगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




