Source :- LIVE HINDUSTAN
नवरात्रि की नवमी पर खीर बनानी हो या फिर दशहरे पर फिरनी, मुंह मीठा करने वाली इन डिशेज का टेस्ट और टेक्सचर बिल्कुल परफेक्ट चाहिए तो शेफ रणवीर बरार के इन छोटे-छोटे टिप्स को जरूर याद रखें, नहीं तो चावल या तो कच्चा रह जाएगा या फिर खीर गाढ़ी बन जाएगी….
खीर और फिरनी त्योहारों की जान है। नवरात्रि के नवमी से लेकर दशहरे की पूड़ी और करवा चौथ के प्रसाद में खीर या फिरनी बनेगी ही। लेकिन इसे बनाने का सही तरीका क्या है? इस बारे में ज्यादातर लोगों को जानकारी नही हैं। इसी वजह से कभी चावल कच्चे रह जाते हैं तो कभी फिरनी पतली रह जाती है। अगर आपको वो सॉफ्ट, क्रीमी, मुंह में घुल जाने वाला टेक्सचर चाहिए। जिससे त्योहार का मजा दोगुाना हो जाए तो शेफ रणवीर बरार के इन छोटे लेकिन सबसे जरूरी टिप्स को जरूर याद रखें। चावल की मात्रा से लेकर चीनी डालने की टाइमिंग फिरनी बनाते वक्त जानना जरूरी है। जानें फिरनी या खीर बनाते वक्त इन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
शेफ रणवीर बरार ने दिए फिरनी बनाने के टिप्स
शेफ रणवीर बरार ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर फिरनी और खीर बनाने के छोटे-छोटे टिप्स शेयर किए हैं। जो आपके चावल की मात्रा को कम ज्यादा नहीं होने देंगे, ना चावलों को कच्चा रहने देंगे और ना ही चीनी की वजह से किसी तरह की गड़बड़ फिरनी में होने देंगे।
लगातार चलाना है जरूरी
पहली टिप्स जो फिरनी और खीर दोनों बनाते वक्त जरूरी है वो है फिरना यानी लगातार चलाते रहना जरूरी है। खीर बना रहे हों या फिर फिरनी सबसे जरूरी है कि आपको उसे लगातार चलाते रहना है ताकि चावल तली में चिपक कर जल ना जाएं। अगर चावल चिपक कर जले तो सारी दूध खराब हो जाएगा। इसलिए पहली टिप्स कि खीर बना रहे हो या फिरनी उसे चलाते रहना जरूरी है।
चावल की मात्रा का ध्यान रखें
जब आप फिरनी बना रहे हों तो चावल भिगोकर पीसे जाते हैं और पानी की वजह से उनका भार बढ़ता है। इसलिए सौ ग्राम वजन अगर चावल का बताया जा रहा तो चावलों की मात्रा 75 ग्राम ही हो क्योंकि 25 ग्राम तो उसमे पानी होगा। जब भी खीर या फिरनी बनाना हो तो चावलों की मात्रा लेते वक्त पानी से गीले होने के बाद की मात्रा का ध्यान रखें। नहीं तो चावल दूध के हिसाब से ज्यादा हो जाएंगे।
पकने में लगता है वक्त
जब आप फिरनी बना रहे होते हैं तो उसे पकने के लिए समय चाहिए होता है। चावल के पाउडर और चावल के दानों दोनों को अंदर तक अच्छी तरह पकना जरूरी होता है और दूध के साथ पकते वक्त ये टाइम लेता है। इसलिए बड़े आराम से और तसल्ली से इन चावलों को पकाना चाहिए। तभी माउथ मेल्टिंग टेक्सचर मिलेगा।
चीनी डालने का सही समय
खीर बना रहे हों या फिर फिरनी, चीनी डालने का सही समय जरूर पता होना चाहिए। आपकी एक गलती पूरे खीर को बिगाड़ सकती है। चावल को जब दूध में पका रहे हों तो चीनी को पहले डालने की भूल कभी ना करें। चीनी हमेशा चावलों के पक जाने के बाद डालें। शेफ रणवीर बरार बताते हैं कि चीनी डालने के बाद कुछ देर आप फिरनी को पका सकते हैं लेकिन चावलों के पूरी तरह से पके बगैर चीनी ना डालें, नहीं तो चीनी चावलों को पकने नहीं देगी और सही टेक्सचर नहीं आएगा।
चीनी डालने के बाद ज्यादा ना पकाएं
लेकिन चीनी डालने के साथ ही एक बात का और ध्यान रखना है कि चीनी डालने के बाद भी फिरनी या खीर को ज्यादा देर तक नहीं पकाना क्योंकि चीनी जब ज्यादा देर तक दूध में पकेगी तो फिरनी का रंग लाल दिखने लगेगा। इसलिए चीनी डालने के बाद भी ज्यादा देर तक फिरनी ना पकाएं।
जब इन छोटी-छोटी चीजों का ध्यान रखेंगे तो हर बार आपकी खीर हो या फिर फिरनी उसका टेस्ट और टेक्सचर बिल्कुल सही बनकर तैयार होगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




