Source :- LIVE HINDUSTAN

https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/06/03/1200x900/3_june_gadar_1780495366285_1780495370655_5fa9aa06-f310-4f72-92fe-b42b9f48f32e.jpg

सनी देओल की फिल्म ‘गदर’ तो आपने देखी ही होगी। इस फिल्म को अनिल शर्मा ने डायरेक्ट किया था और उन्होंने इस फिल्म के एक सीन में अपने ही बेटे की जान दांव पर लगा दी थी।

ये किस्सा हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक ‘गदर: एक प्रेम कथा’ का है। डायरेक्टर अनिल शर्मा, सनी देओल और अमीषा पटेल की फिल्म को परफेक्ट बनाने के लिए हर मुमकिन चीज कर रहे थे। लेकिन हद तब पार हुई जब उन्होंने एक सीन के लिए अपने ही बेटे की जान दांव पर लगा दी थी। कैसे? आइए बताते हैं।

‘गदर’ के किस सीन की बात हो रही है?

दरअसल, ‘गदर’ में तारा सिंह और सकीना के बेटे चरणजीत का किरदार जिस बच्चे ने निभाया है वो अनिल शर्मा के रियल बेटे उत्कर्ष शर्मा हैं। साल 2000 के आस-पास की बात है। अनिल शर्मा ‘गदर’ के उस आइकॉनिक क्लाइमेक्स सीन को शूट कर रहे थे जहां तारा सिंह अपने परिवार को लेकर पाकिस्तान से हिंदुस्तान की तरफ भाग रहा होता है।

इस सीन में क्या हुआ था?

ये पूरा सीन असल में चलती ट्रेन में शूट हुआ था और इस सीन में तारा सिंह (सनी देओल) अपने बेटे चरणजीत (उत्कर्ष शर्मा) को अपने कंधों पर लेकर एक बोगी से दूसरी बोगी पर छलांग लगा रहे थे। उस समय उत्कर्ष सिर्फ 5 या 6 साल के थे और ट्रेन 40 किलोमीटर की रफ्तार से भाग रही थी।

शूट के समय क्या कर रहे थे अनिल शर्मा?

अनिल ने इस सीन को याद करते हुए बताया था कि उन्होंने अपनी आंखें बंद कर ली थीं और उनके दिमाग में कई सवाल चल रहे थे। जब ट्रेन रुकने की आवाज आती थी वो तभी अपनी आंखें खोलते थे। उन्होंने ये भी कहा था कि ये उनके करियर का सबसे मुश्किल सीन था और वो आज भी खुद से एक ही सवाल पूछते थे, अगर कुछ हो जाता तो? वो कहते हैं कि उन्हें उत्कर्ष को सनी के कंधे पर नहीं बैठाना चाहिए था। उन्होंने बहुत बड़ा खतरा उठाया था और सबकुछ सनी के भरोसे छोड़ दिया था।

फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

18 करोड़ के बजट में बनी ‘गदर’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस से 77 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था, जबकि वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस से 133 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इस फिल्म की दीवानगी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसके 5.6 करोड़ से ज्यादा टिकट्स बिके थे, जो भारतीय सिनेमा के इतिहास में आज भी किसी फिल्म के लिए सबसे ज्यादा बिकने वाले टिकट्स में से एक है।

22 साल बाद आया सीक्वल

साल 2023 में अनिल शर्मा इसका सीक्वल ‘गदर 2: द कथा कंटीन्यूज’ लेकर आए। 75 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस के कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए। फिल्म ने अकेले भारत में 532.9 करोड़ का नेट कलेक्शन किया और दुनिया भर में 691 करोड़ की भारी-भरकम कमाई कर डाली।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN