Source :- LIVE HINDUSTAN
आलू चाट बनाने के लिए आलू को तेल में फ्राई किया जाता है और फिर कुछ मसालों को मिक्स करके तैयार करते हैं। लेकिन अगर आप संजीव कपूर की रेसिपी से आलू चाट बनाएंगे तो इसे बिना तेल में फ्राई किए तैयार कर सकते हैं। शेफ ने एयरफ्रायर वाली रेसिपी शेयर की है।
आजकल ज्यादातर लोग फ्राइड खाने की चीजों को छोड़ चुके हैं या फिर कम से कम खाना पसंद करते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि फ्राइड चीजों को खाने से सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचते हैं। हालांकि लोग खाने की उन चीजों को छोड़ नहीं पाते हैं जो उनकी मनपसंद हो। खासतौर से जब बात चाट की आती है तो हर किसी के मुंह में पानी आ जाता है। चाट कई तरह से बनती है। लेकिन आलू चाट देसी चाट के मेन्यू में हमेशा टॉप पर रहती है। इसे बनाने के लिए आलू उबाले जाते हैं और फिर छीलने के बाद काटकर तेल या घी में क्रिस्पी होने तक तले जाते हैं। लेकिन अगर आप फ्राइड चीजें नहीं खाना चाहते हैं तो शेफ संजीव कपूर की ये रेसिपी आपके काम आ सकती है। इस रेसिपी में आलू को बिना तले आलू चाट बनाई गई है। ये एयरफ्रायर की रेसिपी है, जिसमें आलू चाट चटाकेदार बनकर तैयार होगी।
चटाकेदार आलू चाट बनाने की सामग्री
-200 ग्राम फ्रोजन आलू वेजेज
-स्प्रे करने के लिए तेल
-स्वादानुसार नमक
-एक चुटकी पीली मिर्च पाउडर
-आधा छोटा चम्मच चाट मसाला
-थोड़ी कटी हुई प्याज
-थोड़ा कटा हुआ ताजा हरा धनिया
-ठंडा मीठा दही
-हरी चटनी
-खजूर और इमली की चटनी
-नायलॉन सेव
-सजाने के लिए अदरक के टुकड़े
-सजाने के लिए ताजा हरा धनिया
चटाकेदार आलू चाट बनाने की विधि
चटाकेदार आलू चाट बनाने के लिए सबसे पहले एयर फ्रायर को 180°C पर प्रीहीट करें। फिर एयर फ्रायर बास्केट में थोड़ा तेल लगाकर चिकना करें और आलू वेजेज रखें। 8-10 मिनट तक आलू को एयर फ्राई करें और फिर एक बाउल में निकाल लें। नमक, पीली मिर्च पाउडर और चाट मसाला डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब सर्विंग बाउल में आलू को निकाल लें। ऊपर से प्याज और हरा धनिया छिड़कें। फिर ऊपर से मीठा दही, हरी चटनी, खजूर और इमली की चटनी डालें। ऊपर से नायलॉन सेव, अदरक के टुकड़े और धनिया पत्ती से सजाकर परोसें। चटाकेदार आलू चाट तैयार है।
टिप
- आप चाहें तो आलू वेजेज का इस्तेमाल करने की जगह घर में रख आलू का इस्तेमाल करें। बस इन आलू को आधा पका उबाल कर इस्तेमाल करें।
- अगर आपकों आलू की चाट बिना दही के खानी है तो आलू को मसाले में मिक्स करने के बाद सिर्फ हरी चटनी डालें और अच्छी तरह से मिक्स करके ऊपर से अदरक के टुकड़े और धनिया पत्ती से सजाकर परोसें।
- एयर फ्रायर ना हो तो आप नॉन स्टिक पैन में थोड़ा घी या तेल डालकर सेक सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN





