Source :- LIVE HINDUSTAN
राजस्थान की बेसन गट्टे की सब्जी अब पूरे देशभर में मशहूर हो चुकी है। इसे खाना हर कोई पसंद करता है लेकिन अक्सर इसकी ग्रेवी पतली हो जाती है। चलिए आपको गट्टे की सब्जी बनाने का परफेक्ट और सही तरीका बताते हैं।
राजस्थान की फेमस बेसन गट्टे की सब्जी अब देशभर में बनाई खाई जाती है और लोग इसे काफी पसंद करते हैं। अगर घर पर कोई सब्जी न बची हो और बस बेसन हो तो आप गट्टे की टेस्टी सब्जी बनाकर खा सकती हैं। इसे बनाना ज्यादा मुश्किल नहीं है लेकिन सही माप के बिना बनाने पर इसकी ग्रेवी अक्सर पतली हो जाती है। अगर आप भी बेसन गट्टे की सब्जी खाना पसंद करते हैं, तो इसे बनाने का आसान और सही तरीका हम आपको बताते हैं।
गट्टे बनाने के लिए सामग्री
2 कप बेसन, 2 बड़े चम्मच दही, 2 बड़े चम्मच तेल, ½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर, ½ छोटा चम्मच अजवाइन, नमक स्वादानुसार, आवश्यकता अनुसार पानी।
ग्रेवी के लिए सामग्री
1 कप दही (फेंटा हुआ), 2 बड़े चम्मच बेसन, ½ छोटा चम्मच हल्दी, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर, नमक स्वादानुसार, 2 कप गट्टे उबालने वाला पानी।
तड़के के लिए सामग्री
2 बड़े चम्मच तेल या घी, ½ छोटा चम्मच जीरा, 1 चुटकी हींग, 1 तेजपत्ता, 2 साबुत सूखी लाल मिर्च।
गट्टे बनाने की सही तरीका
एक बाउल में बेसन, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, अजवाइन और नमक मिलाएं। इसमें तेल और दही डालकर अच्छे से फेंट लें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें। आटे को करीब 10 मिनट तक कवर करके रखें। फिर इसके रोल बनाएं और पतीले में पानी उबालें। उबले पानी में डालकर गट्टों को 10 मिनट तक पकने दें। जब पक जाएं तब इन्हें निकालकर ठंडा करें और छोटे पीस में काट लें। इस पानी को फेंकें नहीं, ग्रेवी में इस्तेमाल करें।
बेसन गट्टे की सब्जी कैसे बनाएं
अब बेसन गट्टे की सब्जी बनाने के लिए आपको सबसे पहले दही, बेसन, मसालों को मिलाकर घोल तैयार करना है। कढ़ाई में तेल गरम करें और इसमें जीरा, हींग, अजवायन, तेजपत्ता, सूखी लाल मिर्च का तड़का लगा दें। अब तैयार किया गया बेसन-दही वाला घोल इसमें डालकर चलाते हुए पकाएं। गट्टे उबालने वाला पानी इसी में डालकर 10 मिनट तक पकाएं। जब पानी पक जाएं, तब कटे हुए गट्टों को डालकर 7-8 मिनट तक धीमी आंच में पकाएं। ग्रेवी गाढ़ी दिखने लगे, तब गैस बंद करें और हरी धनिया काटकर डाल दें।
मसालों में 3 चीजें कौन सी मिलाएं
सबसे पहले तो दही जरूर मिलाएं। छाछ मिलाते हैं, तो गट्टे की सब्जी की ग्रेवी पतली बनेगी, ऐसे में गाढ़ी दही परफेक्ट रहेगी। गट्टे उबालने वाला पानी मिलाने से स्वाद बेहतर होगा और मसालों में तेजपत्ता और सूखी लाल मिर्च जरूर डालें। इससे आपकी ग्रेवी की थिकनेस भी बढ़ती है और स्वाद भी।
कुकिंग टिप्स
गट्टों को ज्यादा देर तक न उबालें वरना पानी में ये सख्त हो जाएंगे। साथ ही अगर आपको अच्छा स्वाद चाहिए तो सरसों का तेल ही इस्तेमाल करें या फिर घी, रिफाइंड न डालें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN






