Home rss business hindi टाटा मोटर्स को इटली से मिली खुशखबरी, ₹41500 करोड़ की Iveco डील...

टाटा मोटर्स को इटली से मिली खुशखबरी, ₹41500 करोड़ की Iveco डील को दी हरी झंडी

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा मोटर्स को इटली के मार्केट रेगुलेटर कॉनसोब (Consob) ने बड़ी खुशखबरी दी है। दरअसल, कॉमर्शियल गाड़ी बनाने वाली इवेको ग्रुप (Iveco Group) के सभी कॉमन शेयरों के लिए टाटा मोटर्स के वॉलंटरी टेंडर ऑफर (स्वेच्छा से शेयर खरीदने का प्रस्ताव) डॉक्यूमेंट को मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही इवेको को टेकओवर करने की महत्वाकांक्षी प्रक्रिया का आखिरी चरण शुरू हो गया है। अब इवेको के शेयरधारकों के लिए प्रस्ताव स्वीकार करने की अवधि सात सितंबर से शुरू होकर 26 अक्टूबर तक चलेगी। हालांकि, इस अवधि को बढ़ाया जा सकता है। प्रस्ताव के तहत टाटा मोटर्स, इवेको ग्रुप के प्रत्येक साधारण शेयर के लिए डिविडेंड समेत 14.10 यूरो का भुगतान करेगी।

कब तक के लिए है प्रस्ताव?

टाटा मोटर्स की सब्सिडयरी TML CV होल्डिंग्स बीवी को तीन सितंबर, 2026 को कॉनसोब से प्रस्ताव दस्तावेज की मंजूरी मिली। कंपनी ने कहा कि प्रस्ताव अवधि के दौरान शेयर बेचने वाले शेयरधारकों को 30 अक्टूबर, 2026 को भुगतान किया जाएगा। यदि प्रस्ताव अवधि बढ़ाई जाती है तो भुगतान की तारीख भी बदल सकती है। कानूनी शर्तें पूरी होने पर प्रस्ताव को दो से छह नवंबर तक पांच कारोबारी दिनों के लिए दोबारा खोला जाएगा।

इस स्थिति में भुगतान 13 नवंबर, 2026 को किया जाएगा। यह प्रस्ताव इटली में शुरू होगा और संबंधित सिक्योरिटीज नियमों के अनुरूप अमेरिका के शेयरधारकों के लिए भी उपलब्ध होगा। कंपनी ने स्पष्ट किया कि प्रस्ताव की स्वीकृति अवधि अभी शुरू नहीं हुई है और जारी की गई सूचना केवल जानकारी के उद्देश्य से है। यह सिक्योरिटीज को खरीदने का प्रस्ताव या उन्हें बेचने के लिए आग्रह नहीं है।

Iveco का अधिग्रहण टाटा मोटर्स के कॉमर्शियल व्हीकल्स कारोबार को वैश्विक स्तर पर मजबूत करने की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। इस सौदे से कंपनी को यूरोप और दक्षिण अमेरिका के बाजारों में बड़ा ऑपरेशनल नेटवर्क, एडवांस पावरट्रेन टेक्नोलॉजी और कमर्शियल व्हीकल्स कारोबार में अतिरिक्त पैमाना हासिल करने में मदद मिल सकती है।

कॉमर्शियल वाहनों की बिक्री में उछाल

टाटा मोटर्स लिमिटेड की कुल कॉमर्शियल वाहन बिक्री अगस्त में 49 प्रतिशत बढ़कर 44,411 इकाई हो गई, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 29,863 इकाई थी। पिछले महीने घरेलू कॉमर्शियल वाहन (सीवी) की बिक्री 33 प्रतिशत बढ़कर 36,619 इकाई रही जबकि अगस्त 2025 में यह 27,481 इकाई थी। कंपनी का अंतरराष्ट्रीय कारोबार अगस्त में 7,792 इकाई रहा जबकि एक साल पहले इसी महीने में यह 2,382 इकाई था। इसमें सालाना आधार पर 227 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN