Source :- BBC INDIA
ANI
परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी गठबंधन के भीतर एक बार फिर मतभेद उभरते नज़र आ रहे हैं. कांग्रेस जहां इस मुद्दे पर सरकार का विरोध कर रही है, वहीं, विपक्षी गठबंधन में भी इसको लेकर एकता नज़र नहीं आ रही.
शरद पवार की एनसीपी (एसपी) और कभी इंडिया गठबंधन का हिस्सा रहे डीएमके का रुख़ इस पर कांग्रेस से अलग नज़र आ रहा है.
हालांकि, इंडिया गठबंधन के लिए यह पहला मौका नहीं है, जब सहयोगी दलों के बीच किसी मुद्दे पर असहमति सामने आई हो. इससे पहले भी सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति को लेकर गठबंधन में खींचतान देखने को मिली है.
ऐसे में सवाल है कि क्या परिसीमन बिल विपक्षी एकता के लिए एक और बड़ी चुनौती बन गया है?
भारतीय राजनीति पर नज़र रखने वाले कई विश्लेषक मानते हैं कि शरद पवार की पार्टी और डीएमके का बिल को समर्थन करना, इंडिया गठबंधन के लिए झटका है.
वहीं शरद पवार इंडिया गठबंधन के लंबे समय से सहयोगी रहे हैं. लेकिन महाराष्ट्र में उनकी पार्टी के राजनीतिक अस्तित्व पर संकट मंडरा रहा है. सरकार का साथ देना उनकी मजबूरी हो सकती है.
हालांकि इंडिया गठबंधन के सहयोगी, समाजवादी पार्टी, राजद, ममता की टीएमसी, पीडीपी और शिवसेना (यूबीटी) समेत कई दल इस बिल का विरोध कर रहे हैं.
गृहमंत्री अमित शाह ने 30 नवंबर से आयोजित संसद के विशेष सत्र में पेश किए जाने वाले संविधान संशोधन विधेयक को लेकर कहा है कि इस विधेयक के ज़रिए राज्यों में जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाने का रास्ता साफ़ होगा.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “विशेष रूप से अनुच्छेद 170(1) में प्रस्तावित संशोधन के तहत राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर लगभग 650 किए जाने का प्रावधान जनसंख्या के अनुरूप बेहतर प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करेगा.”
इंडिया गठबंधन की बैठक में ये दल नहीं पहुंचे
ANI
शनिवार को इंडिया गठबंधन की बैठक हुई जिसमें डीलिमिटेशन बिल को चर्चा हुई.
इस बैठक के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि 543 सीटों पर भी निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलकर राजनीतिक बदलाव लाया जा सकता है, लेकिन 850 जैसी बड़ी संख्या में सीटें होने पर सरकार अपने मनमुताबिक़ काम कर पाएगी.
उन्होंने इसे सरकार के लिए ‘ब्लैंकचेक’ बताया.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मीडिया से बातचीत में कहा कि परिसीमन विधेयक अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के हितों के ख़िलाफ़ है.
हालांकि इस बैठक में डीएमके और एनसीपी (शरद पवार) शामिल नहीं हुई. उन्होंने पहले ही अपना रुख़ स्पष्ट कर दिया था.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, आम आदमी पार्टी (आप) और बीजू जनता दल (बीजेडी) को भी बैठक में बुलाया गया था, लेकिन इन दलों ने इसमें हिस्सा नहीं लिया.
यह पहला मौका नहीं है, जब विपक्ष की एकता कमज़ोर दिखाई दी हो. इससे पहले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी और कांग्रेस ने अलग-अलग रास्ते अपनाए थे.
वहीं, दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच भी मतभेद देखने को मिले थे.
‘बिल पास होना विपक्ष के लिए दोहरा झटका’

बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से बात करते हुए वरिष्ठ पत्रकार विजय त्रिवेदी ने कहा कि मौजूदा स्थिति और अप्रैल की स्थिति में काफ़ी अंतर है. अप्रैल में लोकसभा में विपक्ष ने परिसीमन बिल को रोक दिया था. उसी समय से विपक्ष को अपनी एकता पर और ध्यान देना चाहिए था, क्योंकि यह तय था कि सरकार दोबारा इस बिल को लेकर आएगी.
उन्होंने कहा, “एनडीए के बहुमत हासिल करने से विपक्ष को दो तरह से झटका लगा है. पहला, ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ राहुल गांधी जो अभियान चला रहे थे, वह भी कमज़ोर हुआ है. दूसरा, इस मामले ने इंडिया गठबंधन को कमज़ोर कर दिया है.”
वहीं, राजनीतिक विश्लेषक आदेश रावल ने कहा, “यह पूरे गठबंधन में मतभेद का मामला नहीं है, बल्कि सिर्फ़ दो पार्टियों के बीच मतभेद उभरे हैं. इनमें पहली पार्टी डीएमके है. तमिलनाडु चुनाव के बाद कांग्रेस ने विजय की पार्टी के साथ गठबंधन किया. इससे डीएमके इंडिया गठबंधन से अलग हो गई.”
वरिष्ठ पत्रकार विजय त्रिवेदी का भी मानना है कि मतभेद की शुरुआत तमिलनाडु चुनाव के बाद हुई थी, जब राहुल गांधी ने विजय का साथ दिया और डीएमके को छोड़ दिया.
उन्होंने कहा, “इससे डीएमके को यह कहने का मौका मिल गया कि कांग्रेस ने उसे धोखा दिया है. इससे एक रास्ता खुला कि अगर डीएमके इंडिया गठबंधन के साथ नहीं है, तो वह एनडीए के साथ जा सकती है.”
बड़े मौके पर शरद पवार ने साथ क्यों छोड़ा?
ANI
विजय त्रिवेदी के मुताबिक़, शरद पवार की पार्टी लंबे समय से अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने की कोशिश कर रही है.
उनका मानना है कि इस मामले में कांग्रेस और राहुल गांधी ने शरद पवार को यह भरोसा नहीं दिलाया कि वे उनके संगठन को बचाने में मदद कर सकते हैं.
उन्होंने कहा, “शरद पवार अपनी बेटी सुप्रिया सुले के राजनीतिक भविष्य को लेकर चिंतित हैं और अपनी पार्टी को बचाना चाहते हैं.”
विजय त्रिवेदी ने बताया, “पिछले दिनों एक ख़बर आई थी कि उनके सांसदों ने कहा था कि अगर वे परिसीमन बिल का समर्थन नहीं करते हैं, तो वे एनडीए के साथ जा सकते हैं.”
विजय त्रिवेदी शरद पवार के कांग्रेस के साथ पुराने रिश्तों का भी ज़िक्र करते हैं. उन्होंने कहा, “सबसे बड़ी बात यह है कि शरद पवार को कांग्रेस का विश्वस्त क्यों माना जाए? जब कांग्रेस का सबसे अच्छा दौर था और सोनिया गांधी प्रधानमंत्री बनने वाली थीं, तब उन्होंने कांग्रेस से अलग होकर अपनी पार्टी बना ली थी. ऐसे में शरद पवार पर भरोसा करने का कोई कारण समझ नहीं आता.”
वहीं, राजनीतिक विश्लेषक आदेश रावल इस फैसले को महाराष्ट्र की राजनीति और शरद पवार की पार्टी के भविष्य से जोड़कर देखते हैं.
उन्होंने कहा, “भाजपा ने पहले ही एनसीपी के दो टुकड़े कर दिए थे और पवार साहब का चुनाव चिह्न भी छीन लिया गया था. लेकिन अब उन्होंने फ़ैसला किया है कि वे एनडीए के पक्ष में वोट देंगे.”
आदेश रावल के मुताबिक, महाराष्ट्र में भाजपा को लेकर पहले से ही एंटी-इंकम्बेंसी है. उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि इस बिल के अलावा शायद सुप्रिया सुले कैबिनेट मंत्री बन पाएंगी. हालांकि, राजनीति संभावनाओं का खेल है.”
आदेश रावल ने इस फैसले के पीछे एक बड़े उद्योगपति की भूमिका होने की भी बात कही. उन्होंने कहा, “वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शरद पवार, दोनों के करीबी हैं.”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे लगता था कि परिसीमन बिल से पहले कैबिनेट में फेरबदल होगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.”
आदेश रावल ने महाराष्ट्र में हुए राज्यसभा चुनाव का ज़िक्र करते हुए कहा, “मुझे याद आता है कि जब महाराष्ट्र में राज्यसभा का चुनाव हुआ था, तब वह सीट शिवसेना (यूबीटी) को मिलनी थी. लेकिन सबने मिलकर वह राज्यसभा सीट शरद पवार को दे दी. हालांकि, अब नतीजा कुछ और है.”
क्या गठबंधन में कमज़ोर होगी कांग्रेस?

वरिष्ठ पत्रकार विजय त्रिवेदी के मुताबिक़, “अगर डीएमके की 22 सीटें एनडीए के साथ नहीं जातीं, तो सरकार दोबारा यह बिल लाने की हिम्मत नहीं कर सकती थी. जाहिर तौर पर कांग्रेस ने गठबंधन को कमज़ोर किया है. सदन में विपक्ष की जो ताक़त थी, वह भी कमज़ोर हुई है.”
उन्होंने कहा, “राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं और कांग्रेस इंडिया गठबंधन की धुरी है. ऐसे में गठबंधन को एकजुट रखना भी उनकी ही ज़िम्मेदारी है.”
विजय त्रिवेदी के मुताबिक, “ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ हुए प्रदर्शन के समय विपक्ष काफ़ी मज़बूत नज़र आ रहा था, लेकिन अब उसका किला ढह गया है. अब संसद में कांग्रेस और विपक्ष कमज़ोर नज़र आएंगे. इससे सरकार को अपने रुके हुए विधेयक लाने का हौसला मिलेगा.”
वहीं, आदेश रावल ने कहा कि विपक्ष ने कोशिश की थी और अप्रैल 2026 में इस विधेयक को पारित नहीं होने दिया था. लेकिन सरकार ने तैयारी के लिए समय लिया और फिर यह विधेयक लेकर आई.
उन्होंने कहा, “लेकिन हम यह नहीं कह सकते कि डीएमके और शरद पवार की पार्टी कांग्रेस की वजह से परिसीमन बिल का समर्थन कर रही हैं.”
क्या होता है परिसीमन?
परिसीमन एक संवैधानिक प्रक्रिया है, जिसे आम तौर पर जनगणना के बाद किया जाता है. जनगणना से पता चलता है कि किसी निर्वाचन क्षेत्र की आबादी कितनी है. इसके आधार पर लोकसभा और विधानसभा के निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव किया जाता है.
इसके लिए परिसीमन आयोग का गठन किया जाता है.
अब तक भारत में चार बार- 1952, 1963, 1973 और 2002 में परिसीमन आयोग का गठन किया जा चुका है. संविधान आयोग को शक्तियां और स्वायत्तता देता है. आयोग की ओर से लिए गए फ़ैसलों को किसी भी अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकती.
1952 में लोकसभा की कुल 489 सीटें थीं, जो 1973 में बढ़कर 543 हो गईं. साल 1976 में इंदिरा गांधी सरकार ने 42वें संविधान संशोधन के ज़रिए परिसीमन पर 25 साल के लिए रोक लगा दी थी.
इसके बाद 2001 में जनगणना हुई और 2002 में परिसीमन आयोग का गठन किया गया. हालांकि, तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने 84वें संविधान संशोधन के ज़रिए परिसीमन को अगले 25 साल के लिए टाल दिया था.
अप्रैल 2026 में लोकसभा में पेश किया गया 131वां संविधान संशोधन विधेयक वोटिंग के बाद गिर गया था. यह विधेयक महिला आरक्षण क़ानून में संशोधन के लिए लाया गया था.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
SOURCE : BBC NEWS




