Home World News hindi तालिबान के पास है ऐसा ‘हथियार’, जंग होने पर पाकिस्तान की हालत...

तालिबान के पास है ऐसा ‘हथियार’, जंग होने पर पाकिस्तान की हालत खराब कर सकता है

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पाकिस्तान और अफगानिस्तान में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। युद्ध की स्थिति में तालिबान गुरिल्ला युद्ध से नहीं चूकेगा। तालिबान के लड़ाके गुरिल्ला युद्ध में माहिर हैं। तालिबान का कहना है कि पाकिस्तान ने कई मासूमों की हत्या की है।

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। पाकिस्तान ने बीती रात कई बार अफगानिस्तानी इलाके में बमबारी की। बाद में खुद की पीठ ठोकते हुए पाकिस्तानी नेताओं ने कहा कि उन्होंने आतंकी ठिकानों पर हमला करके 29 लड़ाकों को ढेर किया है। जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान ने पकतिका, खोस्त और कुनार इलाकों में बमबारी की है जिनमें 13 आम नागरिकों की जान चली गई है। इनमें से 11 बच्चे भी हैं। पाकिस्तान के इस हरकत से उसका खूनी चेहरा एक बार फिर सामने आ गया है।

पाकिस्तान का दावा है कि उसने पाकिस्तान तालिबान के ठिकनों को निशाना बनाया है। ऐसे में तालिबान के साथ उसका तनाव फिर बढ़ सकता है। इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि दोनों के बीच जंग शुरू हो जाएगी। पाकिस्तान ने जब भी इस तरह की हरकत की है तब अफगानिस्तान ने उसे माकूल जवाब दिया है। ऐसे में सवाल उठता है कि अफगानिस्तान सीधे पाकिस्तान को जवाब देगा या फिर गोरिल्ला युद्ध लड़कर उसकी कमर तोड़ेगा।

लंबे समय से चल रहा है सीमा विवाद

डूरंड लाइन को लेकर पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। दोनों डूरंड लाइन की अपनी-अपनी परिभाषा तय करते हैं। वहीं पाकिस्तान आरोप लगाता रहता है कि अफगान तालिबान के शह पर ही पाकिस्तान तालिबान (TTP) हमले करता है। बीते कुछ साल में पाकिस्तान में पुलिसकर्मियों को भी निशाना बनाया गया है। वहीं 27 जून को कराची में हुए हमले में पाकिस्तान के चार जवान मारे गए थे।

2021 में तालिबान के सत्ता में आने के बाद पाकिस्तान को लगा था को दोनों के बीच संबंध अच्छे हो जाएंगे। हालांकि तालिबान और पाकिस्तान में दुश्मनी बढ़ती ही चली गई। पाकिस्तान का कहना है कि उसने आतंकियों पर एयरस्ट्राइक की है जबकि अफगानिस्तान का कहा है कि उसने मासूम लोगों को मार दिया है।

पाकिस्तान के छक्के छुड़ा सकता है तालिबान

तालिबान के पास पाकिस्तान के मुकाबले सेना और हथियार भले ही कम हों लेकिन उनकी भौगोलिक स्थिति और गुरिल्ला युद्ध में निपुणता पाकिस्तान के छक्के छुड़ा सकती है। तालिबान ने 20 साल तक छापामार रणनीति से ही अमेरिका और नाटो के खिलाफ लड़ाई लड़ी। वह पहाड़ों की सुरंगों और दुर्गम स्थानों को भी अपना हथियार बना लेता है। ऐसे में अगर पाकिस्तान तालिबान से भिड़ता है तो उसे अच्छा खासा नुकसान उठाना पड़ सकता है।

क्या छिड़ने जा रहा है युद्ध

अफगानिस्तान ने अभी पाकिस्तान को जवाब देने से संबंधित कोई बयान नहीं दिया है। हालांकि जानकारों का कहना है कि अफगानिस्तान पाकिस्तान की इस हरकत का जवाब जरूर देगा। जंग की स्थिति तो अभी नहीं दिख रही है लेकिन सीमा पर तनाव बढ़ने की पूरी गुंजाइश है। चीन, रूस और अमेरिका भी चाहते हैं कि पाकिस्तान तालिबान से बातचीत के जरिए अपने मुद्दे सुलझाए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN