Home rss business hindi त्योहार से पहले चीनी पर सरकार का बड़ा फैसला, आम लोगों को...

त्योहार से पहले चीनी पर सरकार का बड़ा फैसला, आम लोगों को राहत

7
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • अब 15 अक्टूबर से 30 नवंबर तक देश के ज्यादातर हिस्सों में एक डीलर अधिकतम 1,000 क्विंटल चीनी ही रख सकेगा
  • डीलर 15 दिन से ज्यादा का स्टॉक अपने पास नहीं रख पाएंगे

Govt On Sugar Stocks: त्योहार से पहले चीनी को लेकर सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। इससे आम लोगों को सीधे राहत मिलेगी। दरअसल, त्योहारी सीजन में चीनी की कमी न हो और आम लोगों को सही दाम पर चीनी मिलती रहे, इसके लिए सरकार ने डीलरों के पास चीनी रखने की सीमा कम कर दी है। अब 15 अक्टूबर से 30 नवंबर तक देश के ज्यादातर हिस्सों में एक डीलर अधिकतम 1,000 क्विंटल चीनी ही रख सकेगा। इसके साथ ही डीलर 15 दिन से ज्यादा का स्टॉक अपने पास नहीं रख पाएंगे।

इन शहरों के लिए छूट

वहीं, कोलकाता और उसके आसपास के बड़े इलाके और असम के लिए यह सीमा 2,000 क्विंटल रखी गई है। सरकार ने कहा है कि इन इलाकों की जरूरत और वहां चीनी पहुंचाने में आने वाली दिक्कतों को देखते हुए यह सीमा तय की गई है।

सरकार ने ऐसा क्यों किया

सरकार का कहना है कि त्योहारों के समय चीनी की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में कुछ लोग ज्यादा चीनी खरीदकर उसे जमा कर सकते हैं, जिससे बाजार में चीनी की कमी हो सकती है और कीमत बढ़ सकती है। इसी को रोकने के लिए सरकार ने डीलरों के पास चीनी रखने की मात्रा और समय दोनों कम कर दिए हैं। इससे चीनी मिलों से निकलकर दुकानों और फिर ग्राहकों तक आसानी से पहुंचती रहेगी।

पहले कितना रख सकते थे चीनी

अगस्त में सरकार ने डीलरों के लिए 4,000 क्विंटल की सीमा तय की थी। तब डीलर चीनी मिलने के बाद 30 दिन तक उसे रख सकते थे। बाद में 15 सितंबर से यह सीमा घटाकर 2,000 क्विंटल कर दी गई। अब 15 अक्टूबर से ज्यादातर जगहों पर इसे और घटाकर 1,000 क्विंटल कर दिया गया है।

घटे हैं चीनी के दाम भी

सरकार के मुताबिक, अगस्त में चीनी के दाम सबसे ज्यादा थे। उसके बाद से चीनी का औसत खुदरा दाम करीब 15% कम हो चुका है। चीनी मिलों से मिलने वाली कीमत में भी करीब 28% की कमी आई है। सरकार का कहना है कि इस कमी का फायदा दुकानदारों और ग्राहकों तक भी पहुंचना चाहिए।

चीनी की सप्लाई बनाए रखने पर जोर

सरकार ने चीनी मिलों, डीलरों, थोक दुकानदारों और बाकी कारोबारियों से कहा है कि चीनी को बेवजह जमा करके न रखें और उसकी सप्लाई लगातार जारी रखें। सरकार यह भी देख रही है कि कम बारिश और अल नीनो की वजह से गन्ने की फसल पर कोई बड़ा असर तो नहीं पड़ रहा है। आने वाले समय में अगर चीनी की सप्लाई या कीमत को

लेकर कोई दिक्कत आती है, तो सरकार जरूरत के हिसाब से नए कदम उठा सकती है। बता दें कि सरकार चाहती है कि त्योहारों के समय बाजार में चीनी की कमी न हो, कोई ज्यादा चीनी जमा न कर सके और लोगों को चीनी सही दाम पर आसानी से मिलती रहे।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN