Source :- LIVE HINDUSTAN
दिल्ली-एनसीआर में किराए पर घर लेना भी किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। अगर आप भी किराए पर घर खोज रहे हैं, तो कुछ बातों को पहले से ही चेक कर लें और उसके बाद ही एडवांस रेंट दें।
दिल्ली-एनसीआर में आप रहते हैं, तो चाहे किराए पर घर लेना हो या फिर खरीदना हो दोनों ही बड़े मुश्किल काम हैं। कई बार सही लोकेशन नहीं मिलती, तो कभी मन मुताबिक घर नहीं मिलता। ऐसे में अगर आप रेंट पर घर देख रहे हैं, तो कई बातों का ध्यान रखना होगा। जल्दबाजी में अगर आप घर लेने के लिए हां कह देते हैं या फिर एडवांस रेंट भर देंगे, तो फिर बाद में पछतावा होगा। किराए का घर लेने से पहले भी कई चीजें चेक करनी चाहिए, जो अक्सर हम लोग नहीं देखते। जब रहने लगते हैं तब परेशानी होने पर रोजाना मकान मालिक से चिक-चिक करनी पड़ती है। अगर आप किराए पर घर देख रहे हैं, तो इन 5 चीजों को पहले चेक करें।
1. पावर बैकअप
सबसे पहले तो पावर बैकअप के बारे में पूछ लीजिए। अगर आप बिना बिजली के नहीं रह सकते हैं या फिर आपका घर से ऑफिस का काम होता है, तो उसके लिए पावर बैकअप का होना जरूरी है। मकान मालिक से पहले ही इसके बारे में जान लीजिए, जिससे बाद में समस्या ना हो। बिजली यूनिट कितनी है और मीटर की उस समय की रीडिंग भी नोट कर लें।
2. पानी की सप्लाई का तरीका
पानी किस समय आता है या फिर सप्लाई का क्या नियम है, सबकुछ पहले से जान लीजिए। कई घरों में पानी का समय काफी कम रहता है या फिर आपके टाइम के अनुसार नहीं होगा। इसके साथ ही नल चलाकर भी चेक कर लें कि सभी में पानी सही से आ रहा है या नहीं। सिंक, टॉयलेट या बाथरूम के पास रिसाव व सीलन के निशान देखें। वाटर टैक्स रेंट में शामिल है या नहीं ये भी चेक करें।
3. रेंट एग्रीमेंट को गौर से पढ़ें
घर किराए पर लेने से पहले ही पूछ लीजिए कि अगर छोड़ना होगा, तब कितने महीने पहले बताना है और जमा की हुई सिक्योरिटी मिलेगी या नहीं। कई बार मकान मालिक आखिरी के किराए में एडवांस को काट देते हैं लेकिन कुछ केसेस में इसे देने से मना कर देते हैं। ऐसे में ये सब पूछना न भूलें।
4. दोस्त-रिश्तेदार आ सकते हैं या नहीं
किराए पर घर ले रहे हैं, तो पूछ लें कि दोस्त-रिश्तेदारों के आने पर कोई रोक-टोक तो नहीं है। कई घरों में लड़कियों के घर पर लड़के या फिर लड़कों के घर पर लड़कियों के आने पर पाबंदी होती है और कुछ जगहों पर माता-पिता को भी रुकने की परमिशन नहीं दी जाती है। ऐसे में ये सब पहले से पूछकर समझ लीजिए।
5. लिफ्ट और पार्किंग एरिया
फ्लैट में लिफ्ट की सुविधा है या नहीं और पार्किंग को लेकर कोई चिक-चिक तो नहीं है ये सब भी पहले से जान लें। कई घरों में लिफ्ट नहीं होती और फिर सीढ़ियों से चढ़ना-उतरना मुश्किल होता है। इसलिए पहले से ही सभी चीजों को अच्छे से पूछ लीजिए।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




