Source :- LIVE HINDUSTAN
लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी हाफिज तल्हा सईद ने भारत के खिलाफ जिहाद जारी रखने का ऐलान किया है। उसने भारतीय उपमहाद्वीप में 500 साल के मुस्लिम शासन का हवाला देते हुए भारत पर निशाना साधा…
लश्कर-ए-तैयबा (Let) के प्रमुख और पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी हाफिज सईद के बेटे तल्हा सईद ने एक बार फिर भारत के खिलाफ जहर उगला है। उसने भारत के खिलाफ जिहाद जारी रखने का ऐलान किया है। तल्हा सईद ने भारतीय उपमहाद्वीप में मुस्लिम शासन की ‘विरासत’ का हवाला देते हुए कहा कि भारत की सत्ता में बैठे लोग भूलें नहीं कि दिल्ली किसकी और सत्ता में कौन था। आगे उसने कहा कि दिल्ली पर सैकड़ों वर्षों तक मुस्लिम शासकों ने राज किया, जिसे कोई भूल नहीं सकता। इस दौरान उसने पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की प्रशंसा की और मसीहा बताया।
अपने भाषण में तल्हा सईद ने दावा किया कि पाकिस्तान का सैन्य नेतृत्व ‘विश्वास, धर्मपरायणता और जिहाद’ की अवधारणाओं को फिर से जीवित कर रहा है। उसने पाकिस्तान को उसकी मौजूदा सीमाओं से आगे एक ऐतिहासिक और धार्मिक भूमिका निभाने वाले देश के रूप में पेश किया। तल्हा ने कहा कि हम वे लोग हैं जिन्होंने पैगंबर मुहम्मद के हाथों जिहाद की शपथ ली थी। जब तक हम जीवित हैं और हममें शक्ति है, हम इस जिहाद को जारी रखेंगे और ये बलिदान देते रहेंगे।
दिल्ली पर 500 साल तक शासन
तल्हा सईद ने अपने भाषण के दौरान भारत के इतिहास का हवाला देते हुए मौजूदा भारत-पाकिस्तान तनाव को व्यापक ऐतिहासिक संदर्भ में रखने की कोशिश की। उसने दावा किया कि इस उपमहाद्वीप में मुसलमानों ने 500 वर्षों तक शासन किया। इस दौरान उसने पूछा कि दिल्ली में बैठे पाकिस्तान विरोधी शासक आज किस आधार पर बोल रहे हैं? क्या वे इतिहास को भूल गए हैं कि दिल्ली किसकी थी, और भारत के ये सभी क्षेत्र किसके थे? तल्हा जोर दिया कि उनकी बातें इतिहास और तथ्यों पर आधारित हैं।
आसिम मुनीर की तारीफ
लश्कर नेता ने फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की खास तारीफ की। उसने कहा कि अल्लाह का शुक्र है कि पाकिस्तान को कुरान का हाफिज सेना प्रमुख और फील्ड मार्शल मिला है। तल्हा के अनुसार मुनीर ने ‘अल्लाह के लिए आस्था, धर्मपरायणता और जिहाद’ शब्दों को फिर से जीवित किया है और उसकी बैठकों में इसे बार-बार याद दिलाई जाती है।
अपने भाषण के दौरान तल्हा ने पाकिस्तान को दो पवित्र मस्जिदों के रक्षक के रूप में पेश किया और सऊदी अरब के साथ संबंधों तथा मक्का समझौते का जिक्र किया। तल्हा ने पाकिस्तान को तुर्की और सऊदी अरब के साथ उन तीन क्षेत्रों में रखा जिनकी उसेने ‘ऐतिहासिक पृष्ठभूमि’ बताई।
घोषित आतंकवादी है तल्हा
बता दें कि तल्हा सईद भारत और अमेरिका द्वारा घोषित आतंकवादी हैं। उस पर लश्कर-ए-तैयबा में भर्ती, प्रचार, चंदा जुटाने और आतंकी गतिविधियों का आरोप है। अमेरिका ने 2012 में और भारत ने 2022 में यूएपीए के तहत उन्हें व्यक्तिगत आतंकवादी घोषित किया था। लश्कर-ए-तैयबा संयुक्त राष्ट्र द्वारा आतंकवादी संगठन घोषित है। इस समूह पर 2008 के मुंबई हमलों समेत कई बड़े हमलों की जिम्मेदारी है, जिनमें 160 से अधिक लोगों की जान गई थी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




