Home Latest news ताज़ा खबर दुश्मन के टैंकों की खैर नहीं! पोखरण में अडानी डिफेंस का बड़ा...

दुश्मन के टैंकों की खैर नहीं! पोखरण में अडानी डिफेंस का बड़ा प्रदर्शन, ‘बघीरा AT1’ ने एक साथ दागीं दो एंटी-टैंक मिसाइलें

7
0

Source :- Khabar Indiatv

राजस्थान की पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज एक बार फिर आधुनिक रक्षा तकनीक के बड़े परीक्षण की गवाह बनी। अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने यहां अपनी अत्याधुनिक वाहन आधारित एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल प्रणाली ‘बघीरा AT1’ का सफल परीक्षण और प्रदर्शन किया। इस दौरान मिसाइल प्रणाली ने दिन और रात दोनों परिस्थितियों में लक्ष्य को सफलतापूर्वक भेदने की क्षमता दिखाई। खास बात यह रही कि एक ही लेजर बीम के जरिए एक बख्तरबंद वाहन जैसे लक्ष्य पर लगातार दो मिसाइलें दागकर उनकी मारक क्षमता का प्रदर्शन किया गया।

20 नवंबर को आयोजित इस परीक्षण में भारतीय सेना, सैन्य मामलों के विभाग और रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। यह प्रदर्शन नो कॉस्ट नो कमिटमेंट (NCNC) आधार पर किया गया। परीक्षण के दौरान अधिक दूरी पर हवाई लक्ष्य को निशाना बनाने की क्षमता भी प्रदर्शित की गई। इसके बाद पूरी मिसाइल प्रणाली का स्टैटिक डिस्प्ले किया गया।

8 किलोमीटर तक दुश्मन के टैंकों को निशाना बनाने की क्षमता

‘बघीरा AT1’ की सबसे बड़ी खासियत इसकी 8 किलोमीटर तक की मारक क्षमता है। कंपनी के अनुसार, यह जमीन से दागी जाने वाली पारंपरिक एंटी-टैंक मिसाइलों की लगभग 4 किलोमीटर की दूरी की क्षमता से दोगुनी है। इसे भारतीय सेना की भौगोलिक परिस्थितियों, मौसम और परिचालन जरूरतों को ध्यान में रखकर करीब 18 महीने के डिजाइन और विकास कार्य के बाद तैयार किया गया है।

यह केवल एक मिसाइल नहीं, बल्कि एक संपूर्ण हथियार प्रणाली है। इसमें मिसाइल, स्वचालित लॉन्चर, दिन और रात में लक्ष्य की पहचान करने वाले उपकरण तथा हाई-मोबिलिटी 4X4 बख्तरबंद वाहन शामिल हैं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी यह वाहन तेजी से अपनी स्थिति बदलने में सक्षम है।

एक ही लेजर बीम से दो मिसाइलें, टैंक का सुरक्षा कवच भी निशाने पर

इस मिसाइल प्रणाली की सबसे अहम तकनीकी विशेषता इसकी डिफीट एक्टिव प्रोटेक्शन क्षमता है। आधुनिक टैंकों में दुश्मन की मिसाइलों को रोकने के लिए एक्टिव प्रोटेक्शन सिस्टम (APS) लगाए जाते हैं। ‘बघीरा AT1’ में एक ही लेजर बीम के जरिए बहुत कम अंतराल में दो मिसाइलें दागने की क्षमता प्रदर्शित की गई।

Image Source : REPORTER INPUTअडानी की ‘बघीरा AT1’ के परीक्षण के दौरान मौजूद गणमान्य लोग

इस तकनीक में पहली मिसाइल टैंक के एक्टिव प्रोटेक्शन सिस्टम को निष्क्रिय करने के लिए और दूसरी मिसाइल उसके सुरक्षा कवच को भेदने के लिए डिजाइन की गई है। यानी आधुनिक सुरक्षा तकनीक से लैस टैंकों को भी निशाना बनाने की क्षमता विकसित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।

जैमिंग का कम असर, दिन-रात लक्ष्य पर नजर

मिसाइल रेडियो सिग्नल के बजाय लेजर बीम के जरिए लक्ष्य तक पहुंचती है। कंपनी के मुताबिक, इससे इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग का प्रभाव काफी कम होता है। युद्ध के मैदान में ड्रोन और इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर की बढ़ती भूमिका के बीच यह तकनीक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

इसमें दिन के समय लक्ष्य देखने के लिए टीवी कैमरा और रात में पहचान के लिए थर्मल इमेजिंग सिस्टम लगाया गया है। साथ ही ऑटोमैटिक टारगेट ट्रैकिंग की सुविधा भी मौजूद है।

एक वाहन में 12 मिसाइलें, हमला कर तुरंत बदल सकेगा ठिकाना

‘बघीरा AT1’ का स्वचालित लॉन्चर एक साथ चार मिसाइलों को फायर करने के लिए तैयार रख सकता है, जबकि वाहन में आठ अतिरिक्त मिसाइलें भी रखी जा सकती हैं। इस तरह एक वाहन में कुल 12 मिसाइलें ले जाने की क्षमता है।

इसकी एक और महत्वपूर्ण विशेषता ‘शूट एंड मूव’ क्षमता है। यानी सैनिक सुरक्षित स्थिति से हमला करने के बाद तुरंत अपना ठिकाना बदल सकते हैं। इससे दुश्मन की जवाबी कार्रवाई की चपेट में आने का जोखिम कम करने में मदद मिल सकती है। कंपनी के अनुसार, यह प्रणाली टैंकों और बख्तरबंद वाहनों के अलावा अधिक दूरी पर मौजूद हवाई लक्ष्यों को निशाना बनाने की क्षमता का भी प्रदर्शन कर चुकी है।

सेना की एंटी-टैंक क्षमता को मिलेगा नया विकल्प

भारतीय सेना के एंटी-टैंक मिसाइल बेड़े में फिलहाल मिलान-2टी और कोंकर्स-एम जैसी प्रणालियां प्रमुख हैं। परिचालन जरूरतों को देखते हुए स्पाइक मिसाइलों को भी शामिल किया गया है। वहीं, भारत जैवलिन मिसाइल प्रणाली की खरीद की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है।

आधुनिक युद्धों में टैंकों और बख्तरबंद वाहनों के खिलाफ लंबी दूरी से सटीक हमला करने और हमले के बाद तेजी से स्थान बदलने की क्षमता का महत्व बढ़ा है। ऐसे में ‘बघीरा AT1’ जमीन से लंबी दूरी तक हमला करने वाली एक अतिरिक्त मोबाइल मिसाइल प्रणाली के रूप में भारतीय सेना के लिए संभावित विकल्प बन सकती है।

रक्षा उत्पादन में निजी क्षेत्र की बढ़ती ताकत

देश के रक्षा क्षेत्र में निजी कंपनियों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का रक्षा उत्पादन रिकॉर्ड 1.78 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचा। इसमें निजी क्षेत्र की हिस्सेदारी करीब 42 हजार करोड़ रुपये यानी 24 प्रतिशत रही। वहीं, रक्षा निर्यात भी बढ़कर 38,424 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस का दावा है कि उसने ‘बघीरा AT1’ की डिजाइनिंग, विकास, विभिन्न उपकरणों के एकीकरण और परीक्षण की प्रक्रिया को पूरा किया है। कंपनी ने इस प्रणाली को सशस्त्र बलों के मूल्यांकन और प्रदर्शन के लिए उपलब्ध कराया है। पोखरण में हुआ यह प्रदर्शन स्वदेशी रक्षा प्रणालियों के विकास और निजी क्षेत्र की बढ़ती तकनीकी क्षमता के लिहाज से अहम माना जा रहा है। हालांकि, इस सफल प्रदर्शन के बाद प्रणाली का सेना में चयन, मूल्यांकन और संभावित खरीद की प्रक्रिया आगे की अहम कड़ी होगी।

बता दें कि हाल ही में नवंबर के पहले हफ्ते में भारत ने ओडिशा के तट पर स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से ‘प्रलय’ नामक क्वाज़ी-बैलिस्टिक मिसाइल का सफल उड़ान परीक्षण किया। इस मिसाइल को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने विकसित किया है।

ये भी पढ़ें:

भारत ने अग्नि 1 मिसाइल का सफल परीक्षण किया, एयर डिफेंस भेदने की क्षमता बेहतर हुई, जानें इस सीरीज की खासियत

SOURCE : - KHABAR INDIA NEWS