Source :- INDIATV NEWS

क्रिकेट के मैदान पर अंपायर की जिम्मेदारी होती है कि वह निष्पक्ष रहे और किसी भी टीम के प्रति उसका झुकाव नजर न आए। लेकिन ब्लाइंड क्रिकेट एशिया कप 2026 के बाद एक पाकिस्तानी अंपायर का वीडियो विवाद की वजह बन गया है। इस वीडियो में वह कथित तौर पर पाकिस्तान के खिलाड़ियों के साथ मिलकर जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद भारत में ब्लाइंड क्रिकेट का संचालन करने वाली संस्था ने अंपायर के व्यवहार पर सवाल उठाए हैं।
पाकिस्तानी अंपायर के जश्न पर उठे सवाल
क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया यानी CABI ने पाकिस्तानी अंपायर के इस व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताई है। संस्था का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में अंपायर की भूमिका निष्पक्ष रहना है और उसे किसी भी टीम के साथ जश्न मनाते हुए नहीं देखा जाना चाहिए।
CABI ने अपने बयान में कहा कि इस पाकिस्तानी अंपायर ने एशिया कप क्रिकेट फॉर द ब्लाइंड 2026 के पूरे टूर्नामेंट में अंपायरिंग की, लेकिन अब उन्हें पाकिस्तान की टीम के साथ जश्न मनाते देखा जा रहा है। अंपायरिंग के सिद्धांतों के मुताबिक, किसी भी अंपायर को निष्पक्ष रहना चाहिए और उसे किसी टीम के साथ खड़ा हुआ नहीं दिखना चाहिए।
फाइनल बारिश में धुलने पर पाकिस्तान को मिली ट्रॉफी
यह विवाद ब्लाइंड क्रिकेट एशिया कप के फाइनल से जुड़े पहले से चल रहे विवाद के बीच सामने आया है। ढाका में खेले गए खिताबी मुकाबले में बारिश के कारण मैच पूरा नहीं हो सका था। इसके बाद बेहतर नेट रन रेट के आधार पर पाकिस्तान को विजेता घोषित कर दिया गया। हालांकि, भारत ने इस फैसले पर असहमति जताई। भारतीय टीम का तर्क था कि टूर्नामेंट में फाइनल के लिए रिजर्व डे नहीं रखा गया था। ऐसे में नेट रन रेट के आधार पर किसी एक टीम को चैंपियन घोषित करने के बजाय दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाना चाहिए था।
ये विवाद तब और बढ़ गया जब वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष और पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल के प्रमुख सुल्तान शाह ने कथित तौर पर टेक्निकल कमेटी की उस सिफारिश को नहीं माना, जिसमें भारत और पाकिस्तान को संयुक्त विजेता घोषित करने की बात कही गई थी।
यह भी पढ़ें:
दिल्ली के निखिल चौधरी ने ऑस्ट्रेलिया में मचाया गदर, माता-पिता के सामने बल्ले और गेंद से किया कमाल
दूसरे टेस्ट से बाहर हुआ दिग्गज विकेटकीपर, चोट ने बढ़ाई बांग्लादेश की मुश्किलें
SOURCE : INDIATV NEWS




