Source :- LIVE HINDUSTAN

पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज को नवरत्न कंपनी भारत इलेक्ट्ऱॉनिक्स से इलेक्ट्रो-ऑप्टिक्स सिस्टम्स की सप्लाई करने का ऑर्डर मिला है। पारस डिफेंस के शेयर गुरुवार को 7% से ज्यादा चढ़कर 900 रुपये के पार जा पहुंचे हैं।

एयरोस्पेस एंड डिफेंस इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज के शेयर एक बड़ा ऑर्डर मिलते ही रॉकेट बन गए हैं। पारस डिफेंस के शेयर गुरुवार को BSE में 7 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 904.65 रुपये पर जा पहुंचे हैं। पारस डिफेंस को यह ऑर्डर नवरत्न कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) से मिला है। पिछले 3 साल में डिफेंस कंपनी के शेयरों में 235 पर्सेंट से अधिक की तेजी देखने को मिली है। पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज अपने शेयरों का बंटवारा भी कर चुकी है।

इलेक्ट्रो-ऑप्टिक्स सिस्टम्स की सप्लाई करेगी पारस डिफेंस
डिफेंस कंपनी पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज को नवरत्न कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) से इलेक्ट्रो-ऑप्टिक्स सिस्टम्स की सप्लाई करने के लिए ऑर्डर मिला है। इस ऑर्डर की वैल्यू 52.82 करोड़ रुपये है। पारस डिफेंस के मुताबिक, कंपनी को यह ऑर्डर सितंबर 2027 से पहले पूरा करना है। इस साल मार्च में पारस डिफेंस को रक्षा मंत्रालय के तहत आने वाले डिफेंस रिसर्च एंड डिवेलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (DRDO) से एयर डिफेंस एप्लीकेशंस के लिए हाई-प्रिसीशन ऑप्टिकल सिस्टम डिवेलप करने के लिए ऑर्डर मिला था।

3 साल में 235% उछल गए हैं डिफेंस कंपनी के शेयर
एयरोस्पेस एंड डिफेंस इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज के शेयर पिछले 3 साल में 235 पर्सेंट चढ़ गए हैं। डिफेंस कंपनी के शेयर 2 जून 2023 को 269.38 रुपये पर थे। पारस डिफेंस के शेयर 4 जून 2026 को 904.65 रुपेय पर जा पहुंचे हैं। पिछले 5 साल में कंपनी के शेयरों में 263 पर्सेंट की तेजी देखने को मिली है। पिछले 6 महीने में डिफेंस कंपनी के शेयर 29 पर्सेंट उछल गए हैं। पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 941 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 580 रुपये है।

2 टुकड़े में अपना शेयर भी बांट चुकी है कंपनी
पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज अपने शेयर का भी बंटवारा कर चुकी है। डिफेंस कंपनी ने अपने शेयरों को दो टुकड़े में बांटा है। कंपनी ने जुलाई 2025 में 10 रुपये फेस वैल्यू वाले अपने शेयर को 5-5 रुपये फेस वैल्यू वाले 2 शेयरों में बांटा। कंपनी में प्रमोटर की हिस्सेदारी 53.20 पर्सेंट है। वहीं, पब्लिक शेयरहोल्डिंग 46.80 पर्सेंट है। पारस डिफेंस का मार्केट कैप गुरुवार को 7235 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज का कंसॉलिडेटेड मुनाफा मार्च 2026 तिमाही में सालाना आधार पर 89 पर्सेंट बढ़कर 34 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 18 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN